Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

निखिल गुप्ता के परिवार ने न्याय के लिए भारत सरकार से मांगी मदद, अमेरिका ने लगाया है पन्नू की हत्या की साजिश रचने का आरोप

अमेरिका में एक सिख आतंकवादी की हत्या के लिए भारत सरकार के एक अधिकारी के साथ मिलकर साजिश रचने के आरोपित निखिल गुप्ता का परिवार न्याय पाने के लिए नई दिल्ली की मदद चाहता है। परिवार ने कहा उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के बावजूद वह एक भारतीय नागरिक और देशभक्त हैं जो सरकार द्वारा अपने नागरिकों को दिए गए अधिकारों और सुरक्षा के हकदार हैं।

By Agency Edited By: Jeet Kumar Updated: Fri, 21 Jun 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
निखिल गुप्ता के परिवार ने न्याय के लिए भारत सरकार से मांगी मदद

 रॉयटर, नई दिल्ली। अमेरिका में एक सिख आतंकवादी की हत्या के लिए भारत सरकार के एक अधिकारी के साथ मिलकर साजिश रचने के आरोपित निखिल गुप्ता का परिवार न्याय पाने के लिए नई दिल्ली की मदद चाहता है।

अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने निखिल गुप्ता पर सिख आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की असफल साजिश रचने का आरोप लगाया है। पन्नू एक अमेरिकी नागरिक है और पंजाब में एक संप्रभु सिख राज्य का समर्थन करता है। अमेरिका सरकार का दावा है कि उसने हत्या की साजिश को विफल कर दिया था।

प्रत्यर्पण के बारे में अंधेरे में रखा गया

अमेरिका ने भारत को भी अपनी चिंता से अवगत कराया था। निखिल गुप्ता के पारिवारिक सूत्रों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि यह हमारे परिवार के लिए चिंता का विषय है कि हमें उनके प्रत्यर्पण के बारे में अंधेरे में रखा गया। अमेरिका में उनके प्रत्यर्पण के बाद से हम उनसे सीधे संपर्क नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भारत सरकार और उसके दूतावासों से पूछे गए सवालों का कोई जवाब नहीं मिला है। उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के बावजूद, वह एक भारतीय नागरिक और देशभक्त हैं, जो सरकार द्वारा अपने नागरिकों को दिए गए अधिकारों और सुरक्षा के हकदार हैं।

हत्या की साजिश रचने के आरोपों से इनकार

निखिल गुप्ता को पिछले साल चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें इसी महीने अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया है। उन्होंने सोमवार को मैनहटन की एक अदालत में हत्या की साजिश रचने के आरोपों से इन्कार किया था।