Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Update: कड़ाके की ठंड की चपेट में उत्तर भारत, घने कोहरे से परेशान हुए मैदानी क्षेत्र; साढ़े पांच सौ उडानें और कई ट्रेन प्रभावित

Weather Updateमौसम विभाग के अनुसार इस माह में पहली बार अधिकतम तापमान 20डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा।लोगों को दोपहर में ठंड से थोड़ी राहत मिली। शनिवार की रात 1230बजे से रविवार को दिन में 11बजे तक दिल्ली में घना कोहरा रहा। इस वजह से आइजीआइ एयरपोर्ट पर सुबह चार बजे दृश्यता 50मीटर थी। इसके बाद कोहरे की चादर और मोटी होती चली गई और पांच बजे दृश्यता शून्य हो गई।

By Jagran News Edited By: Babli Kumari Updated: Sun, 14 Jan 2024 11:30 PM (IST)
Hero Image
कोहरे ने लोगों की बढ़ाई परेशानी (फोटो- जागरण)

जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। रविवार की सुबह 3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दिल्ली में इस सीजन में सबसे ठंडी सुबह रही। पंजाब में भी तापमान शून्य पहुंच गया है। जबकि हरियाणा में शून्य के आसपास बना हुआ है। कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मैदानी क्षेत्र में करीब साढ़े दस घंटे तक घना कोहरा छाया रहा।

इसके चलते आइजीआइ एयरपोर्ट पर 550 विमानों के आवागमन में विलंब रहा जबकि 60 उड़ानें रद और 11 डायवर्ट की गईं। इसके साथ ही 50 से अधिक ट्रेनों के आवागमन में भी देरी रही। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन और घना कोहरा छाया रह सकता है। सोमवार और मंगलवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार को शीत लहर भी चलेगी।

घने कोहरे के कारण कई विमानों के आवागमन में देरी

मौसम विभाग के अनुसार, इस माह में पहली बार अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा। लोगों को दोपहर में ठंड से थोड़ी राहत मिली। शनिवार की रात 12:30 बजे से रविवार को दिन में 11 बजे तक दिल्ली में घना कोहरा रहा। इस वजह से आइजीआइ एयरपोर्ट पर सुबह चार बजे दृश्यता 50 मीटर थी। इसके बाद कोहरे की चादर और मोटी होती चली गई और पांच बजे दृश्यता शून्य हो गई। लिहाजा सुबह पांच बजे से सुबह साढ़े नौ बजे तक अति घना कोहरा रहा। इसके चलते विमानों के आवागमन में देरी होती रही।

उड़ानों में देरी और रद होने से भड़के यात्री 

विमानों के आवगमन में विलंब के चलते एयरपोर्ट के तीनों टर्मिनल यात्रियों से खचाखच भरे रहे। लंबे इंतजार से तंग आकर कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया। यात्री अपना गुस्सा इंटरनेट मीडिया पर भी निकालते रहे। घरेलू विमानों पर सबसे ज्यादा असर रहा। करीब 400 विमान विलंब के दायरे में आए। कोचीन की उड़ान 11, बेंगलुरु की नौ, गोवा की आठ, मुंबई की सात, कोलकाता की छह, पोर्टब्लेयर की पांच, कुल्लु की चार घंटे की देरी से रवाना हुई।

मुंबई और अहमदाबाद से सात, अमृतसर से पांच, बेंगलुरु से चार, पुणे से तीन घंटे की देरी से विमान आइजीआइ पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें में रियाद जाने वाले विमान में 10 और वहां से दिल्ली आने वाले विमान 12 घंटे का विलंब हुआ। दुबई की उड़ान 15, इस्तांबुल की 15 और शारजाह की 11 घंटे की देरी से रवाना हुई।

पंजाब में शून्य डिग्री पहुंचा तापमान 

पंजाब में शीतलहर और कोहरे का दौर रविवार को भी जारी रहा। रविवार को शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, 54 वर्ष बाद यहां 14 जनवरी को न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री तक पहुंचा है। लुधियाना और चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य में सोमवार को भी घना कोहरा और शीतलहर जारी रहने को लेकर अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में दो से पांच डिग्री नीचे पहुंचा तापमान 

उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिल रही है। हालांकि, मैदानी इलाकों में कोहरा बना हुआ है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के ज्यादातर क्षेत्रों में धूप के दर्शन नहीं हो रहे हैं और जनजीवन बेहाल है। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को हिमालयी क्षेत्रों में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इससे पहाड़ों में हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं।

हिमाचल में कल से चोटियों पर हिमपात व वर्षा की संभावना 

हिमाचल में दिन में तेज धूप और सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 16 व 17 जनवरी को प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर वर्षा की संभावना है। रविवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में घनी धुंध के कारण यातायात प्रभावित रहा और कई जगह दिनभर धनी धुंध छाई रही। सोमवार को प्रदेश के छह जिलों मंडी, कंगड़ा, ऊना, बिलासपुर, सोलन व सिरमौर में घनी धुंध को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें- Train Late: ठंड और घने कोहरे ने कम की भारतीय रेलवे की रफ्तार, दिल्ली आने वाली 22 ट्रेनें लेट; देखें पूरी लिस्ट