Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पश्चिमी बंगाल में फिर भड़की हिंसा, एक की मौत, कई घायल

रामनवमी पर जुलूस के दौरान रानीगंज में दो गुटों में हिंसा भड़क उठी, जिसमें एक और जान चली गई।

By Arti YadavEdited By: Updated: Tue, 27 Mar 2018 09:39 AM (IST)
Hero Image
पश्चिमी बंगाल में फिर भड़की हिंसा, एक की मौत, कई घायल

कोलकाता, (जेएनएन)। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में रामनवमी पर जुलूस के दौरान हिंसा में एक की मौत व डीएसपी समेत पांच लोगों के जख्मी होने के बाद सोमवार को ब‌र्द्धमान के रानीगंज में दो गुटों में हिंसा भड़क उठी, जिसमें एक और जान चली गई। आगजनी, तोड़फोड़, बमबाजी व गोलीबारी से पूरा इलाका थर्रा उठा। हिंसा को काबू करने पहुंचे आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के उपायुक्त (मुख्यालय) अरिंदम दत्त चौधरी का हाथ बम लगने से उड़ गया। लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले दागे गए। बाद में रैफ (रैपिड एक्शन फोर्स) ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया।

डीसीपी को दुर्गापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस हिंसा में महेश मंडल नामक एक व्यक्ति के मारे जाने की सूचना है। इस घटना में पुलिस कर्मियों समेत दर्जनों लोग घायल हो गए। घंटों पूरा शहर हिंसा की आग में जलता रहा। करीब दो दर्जन दुकानों में लूटपाट की गई या आग लगा दी गई। दोपहर बाद स्थिति काफी हद तक नियंत्रित हो पाई।

रामनवमी के जुलूस को लेकर बवाल

बताया गया है कि विभिन्न मुहल्लों से जुलूस सीतारामजी भवन पहुंच रहा था। इसी बीच हिल बस्ती से होकर आ रहे जुलूस पर राजारबांध मोड़ के पास अचानक ही पथराव शुरू हो गया। पथराव होते ही भगदड़ मच गई। इसके बाद दो गुटों में भिड़ंत हो गई। चारों ओर बम व गोलियों की आवाज से पूरा शहर थर्रा उठा। उधर रामनवमी के दूसरे दिन सोमवार को भी राज्य के कई शहरों में हिंदू संगठनों ने प्रतिबंध के बावजूद शस्त्र जुलूस निकाल कर पुलिस को खुली चुनौती दी। मुर्शिदाबाद जिले के कांदी में जुलूस को रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया गया। इसमें पुलिसकर्मी समेत पांच लोग जख्मी हो गए। वहीं चंदननगर में भी सशस्त्र जुलूस निकाला गया।

झारखंड के गढ़वा में रामनवमी जुलूस से लौट रहे युवकों की पिटाई

रामनवमी के जुलूस में शामिल होकर लौट रहे लोगों की दूसरे समुदाय के लोगों ने रविवार की देर रात पिटाई कर दी। इसे लेकर मेराल प्रखंड (गढ़वा, झारखंड)के पचफेड़ी व संग्रहे में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पिटाई करने के आरोप में आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है। स्थिति तनावपूर्ण होता देख पचफेड़ी में पुलिस कैंप कर रही है। इस मामले में नवादा निवासी रंजय कुमार के बयान पर मेराल थाना में चार के विरुद्ध नामजद व 40 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बिहार के औरंगाबाद में माहौल खराब करने वालों पर सख्ती

बिहार के औरंगाबाद शहर में सोमवार को रामनवमी जुलूस के दौरान माहौल बिगाड़ने के प्रयास में लगे लोगों पर प्रशासन ने सख्ती की, जिससे हालात सामान्य हो गए। जिलाधिकारी राहुल रंजन महिवाल ने बताया कि एहतियातन शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस मामले में 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सुबह जुलूस निकलने पर उपद्रवियों ने सौहा‌र्द्र बिगाड़ने का प्रयास किया था, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए थे।