Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कांग्रेस में पीएम मोदी जैसे मजबूत नेता की कमी, पूर्व सीएम की बेटी पद्मजा ने साधा सोनिया-राहुल गांधी पर निशाना

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं पूर्व मुख्यमंत्री करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर बड़ा बयान देते हुए कांग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रधानमंत्री मोदी जैसे मजबूत नेता की कमी है। भाजपा में शामिल होने के बाद केरल लौटी पद्मजा का शुक्रवार को हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया।

By Jagran News Edited By: Abhinav Atrey Updated: Fri, 08 Mar 2024 07:25 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस में पीएम मोदी जैसे मजबूत नेता की कमी- पद्मजा (फोटो एक्स)

पीटीआई, तिरुअनंतपुरम। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं पूर्व मुख्यमंत्री करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर बड़ा बयान देते हुए कांग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रधानमंत्री मोदी जैसे मजबूत नेता की कमी है।

भाजपा में शामिल होने के बाद केरल लौटी पद्मजा का शुक्रवार को हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। वहां एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए पद्मजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहने का उन्हें दुख है, लेकिन वह वहां अपमानित हो रही थीं।

पीएम मोदी जैसे मजबूत नेता की जरूरत

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में समस्याओं का सामना करने के बाद भी वे लंबे समय तक कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी रहीं। फिर पीएम मोदी की कार्यशैली देखकर उन्हें लगा कि हर पार्टी को पीएम मोदी जैसे मजबूत नेता की जरूरत है। कांग्रेस के पास ऐसे नेता की कमी है। यह सब देख कर ही उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पद्मजा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शीर्ष नेताओं के पास पदाधिकारियों से मिलने का भी समय नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जब वह दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय गईं तो उन्होंने पाया कि सोनिया गांधी किसी से नहीं मिलती हैं।

राहुल गांधी के पास भी समय नहीं

इतना ही नहीं राहुल गांधी के पास भी समय नहीं है। उस दिन मुझे एहसास हुआ कि वहां रहने का अब कोई मतलब नहीं है। पद्मजा ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान मुझे किसी भी समिति में शामिल नहीं किया गया था। पार्टी के भीतर चार-पांच लोग मुझे त्रिशूर से बाहर निकालने और हर जगह मेरे लिए समस्याएं पैदा करने के लिए काम कर रहे थे। जब मैनें इस बारे में शीर्ष नेतृत्व से शिकायत की तो पार्टी नेतृत्व ने कोई सुनवाई नहीं की।

राहुल ममकुत्तथिल की आलोचना

प्रेस कांफ्रेंस में पद्मजा में प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राहुल ममकुत्तथिल की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राहुल ने उनके माता-पिता के बारे में जो बातें कही हैं, वे उनकी मां का अपमान करने जैसी हैं। वे इन टिप्पणियों को लेकर राहुल ममकुत्तथिल के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराएंगी।

पद्मजा ने अपने भाई सांसद के मुरलीधरन को दिया जवाब

इस दौरान पद्मजा ने अपने भाई को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके भाई और कांग्रेस सांसद के मुरलीधरन ने भी कई बार पार्टी बदली है, तब मैंने कभी उनके बारे में कुछ भी बुरा नहीं कहा। अब वे मुझे लेकर टिप्पणी कर रहे हैं, ये ठीक नहीं है। लेकिन, हमें अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन को अलग रखने की जरूरत है। मेरा राजनीतिक जीवन अलग है।

पिता की आत्मा पद्मजा को माफ नहीं करेगी

वहीं पद्मजा के भाई ने कहा है कि उनके पिता की आत्मा इस कृत्य के लिए उन्हें माफ नहीं करेगी। वडकारा लोकसभा सीट से सांसद मुरलीधरन ने कहा कि वे पद्मजा से सभी संबंध तोड़ रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Sandeshkhali Case: 'शाहजहां शेख को बचा रही हैं ममता दीदी', संदेशखाली मामले पर भाजपा का TMC पर तीखा हमला