Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मणिपुर में BJP मुख्यालय बंद किए जाने की खबर पर आई पार्टी की प्रतिक्रिया, मीडिया रिपोर्ट के दावे को किया खारिज

भाजपा की मणिपुर इकाई ने शुक्रवार को उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया है जिसमें दावा किया गया था कि केंद्रीय नेताओं के निर्देश के बाद राज्य में पार्टी का मुख्यालय बंद कर दिया गया है। भाजपा महासचिव के. सरत कुमार सिंह ने कहा था कि कर्फ्यू के कारण इंफाल स्थित पार्टी मुख्यालय में कम लोग आ रहे हैं।

By Agency Edited By: Shubhrangi Goyal Updated: Fri, 13 Sep 2024 10:51 PM (IST)
Hero Image
BJP मुख्यालय बंद किए जाने की खबर पर आई पार्टी की प्रतिक्रिया

पीटीआई, इंफाल। भाजपा की मणिपुर इकाई ने शुक्रवार को उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि केंद्रीय नेताओं के निर्देश के बाद राज्य में पार्टी का मुख्यालय बंद कर दिया गया है। भाजपा महासचिव के. सरत कुमार सिंह ने कहा कि कर्फ्यू के कारण इंफाल स्थित पार्टी मुख्यालय में कम लोग आ रहे हैं।

इस बीच, इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंधों में शनिवार से सुबह पांच बजे से शाम चार बजे तक ढील दी गई है। उग्रवादी हमलों के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर 10 सितंबर को दोनों जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया था।

'भाजपा मुख्यालय बंद होने का कोई सवाल ही नहीं'

सरत कुमार ने संवाददाताओं से कहा-हम उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन करते हैं, जिनमें दावा किया गया है कि केंद्रीय नेताओं ने हमें पार्टी मुख्यालय बंद करने के लिए कहा है। राज्य इकाई को ऐसा कोई निर्देश नहीं मिला है। इंफाल में भाजपा मुख्यालय बंद होने का कोई सवाल ही नहीं है।

शांति बहाल करने में मिलेगी मदद 

मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष के. मेघचंद्र ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हिंसा प्रभावित राज्य का दौरा करने का आग्रह किया और कहा कि उनके दौरे से वहां शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में काफी मदद मिलेगी।

वहीं, केंद्र सरकार ने मणिपुर हिंसा पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए जांच आयोग को 20 नवंबर तक का समय दिया है। गौहाटी हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश अजय लांबा की अध्यक्षता में आयोग का गठन तीन जून, 2023 को किया गया था।

यह भी पढ़ें: 3 जिलों में कर्फ्यू और 5 में इंटरनेट पर लगी रोक, अब तक 12 की हुई मौत; मणिपुर में हिंसा से बिगड़े हालात