Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा के मुख्यमंत्रियों की बैठक खत्म, पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने पर फोकस; पीएम मोदी ने दिया सफलता का मंत्र

भाजपा की मुख्यमंत्री परिषद की बैठक रविवार को समाप्त हो गई है। बैठक में कई राज्यों की योजनाओं पर चर्चा हुई। वहीं पीएम मोदी ने भारत को पांच ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के प्रयासों पर चर्चा की। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री परिषद की बैठक दो दिनों तक चली। इसमें 13 सीएम और 15 डिप्टी सीएम ने हिस्सा लिया।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sun, 28 Jul 2024 08:01 PM (IST)
Hero Image
भाजपा की मुख्यमंत्री परिषद की बैठक रविवार को हुई समाप्त। (फोटो- BJP)

एएनआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दूसरे दिन भी मुख्यमंत्री परिषद को संबोधित किया। भाजपा मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय मुख्यमंत्री परिषद की बैठक रविवार को संपन्न हो गई है। इसमें भाजपा शासित राज्यों के 13 मुख्यमंत्रियों और 15 उपमुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अगर केंद्र और राज्य सरकारें जन कल्याण के लिए समन्वित प्रयासों के साथ काम करें तो सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होगी।

यह भी पढ़ें: निर्विरोध चुनाव जीतने वाले भाजपा सांसद को हाईकोर्ट का समन, 9 अगस्त तक दाखिल करना होगा जवाब

पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था पर फोकस

पीएम मोदी ने कहा कि विरासत का संरक्षण और विकास की विरासत का निर्माण विकसित भारत की अवधारणा के लिए महत्वपूर्ण है। सभी को इस ओर ध्यान देते रहना चाहिए। पीएम ने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों, विकास कार्यक्रमों में जनभागीदारी बढ़ाने और लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने पर चर्चा की।

बैठक से मिलती हैं तीन उपलब्धियां

बैठक के पहले दिन यानी शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा था कि इन बैठकों के माध्यम से हमें तीन विशिष्ट उपलब्धियां मिलती हैं। सबसे पहले हमें अपने सफल प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं के विशाल अनुभव का लाभ मिलता है। दूसरा हमें अपने अनुभवों का आदान-प्रदान करने और कुछ नई जानकारी व नए आकलन प्राप्त करने का मौका मिलता है। तीसरा यह कि कुछ बेहतर करने की हमारी इच्छा मजबूत होती है।

इन योजनाओं का हुआ जिक्र

बैठक में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई शिक्षा नीति को लागू करने में राज्य सरकारों की भूमिका पर चर्चा की। कई राज्यों की चुनिंदा योजनाओं का भी जिक्र किया गया। उत्तर प्रदेश की ग्रामीण सचिवालय योजना, असम सरकार द्वारा सरकारी रिक्तियों पर शीघ्र भर्ती के लिए चलाया गया विशेष अभियान, गुजरात द्वारा सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयास, त्रिपुरा का 'अमर सरकार' कार्यक्रम और बिहार सरकार द्वारा अवैध खनन को रोकने के प्रयास का उल्लेख किया गया। महाराष्ट्र और हरियाणा की कुछ विशेष परियोजनाओं पर भी चर्चा की गई।

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बैठक

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार मुख्यमंत्री परिषद की बैठक हुई। इसे भाजपा के आत्ममंथन के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों में नुकसान का सामना करना पड़ा था। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें: टोक्यो में बंदूक से मिली मात, पेरिस में कर दिया काम तमाम, कौन है किस्मत को मुंह चिढ़ाने वाली Manu Bhaker?