Move to Jagran APP

मोदी का फॉर्मूला 370 लाएगा अभूतपूर्व चुनावी तूफान, पीएम ने पदाधिकारियों को समझाई रिकॉर्ड जीत की रणनीति

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी संकेत दे दिया कि उन पर विपक्ष के व्यक्तिगत हमले और बढ़ सकते हैं। पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव में विपक्ष तू-तू मैं-मैं की राजनीति का भी प्रयास करेगा लेकिन इस पर ध्यान नहीं देना है। भाजपा का चुनाव अभियान विकास के आधार गरीब कल्याण के लिए किए गए कार्य और देश को दुनिया में गौरवान्वित करने पर आधारित होगा।

By Jagran News Edited By: Narender Sanwariya Updated: Sat, 17 Feb 2024 08:27 PM (IST)
Hero Image
मोदी का फॉर्मूला 370 लाएगा अभूतपूर्व चुनावी तूफान (File Photo)

जितेंद्र शर्मा, नई दिल्ली। प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में तीसरी पारी का मोदी फॉर्मूला सटीक निशाने पर लगा तो भाजपा की जीत का ऐसा इतिहास बन सकता है जो किसी भी लोकतंत्र के लिए रिकार्ड होगा। देश भर से आए भाजपा प्रतिनिधियों के सामने प्रधानमंत्री मोदी ने 370 का नारा भी दिया और मंत्र भी। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव की तुलना में हर बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट जुटाने का लक्ष्य दिया है। अगर आंकड़ों में इसे बदला जाए तो भाजपा की पहुंच वाले लगभग साढ़े 8 लाख बूथों से अतिरिक्त वोट के रूप में ही भाजपा को लगभग 30 करोड़ वोट मिलेंगे।

पीएम मोदी ने पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया

अगर 2019 के भाजपा के वोट में इसे जोड़ दिया जाए तो लगभग 97 करोड़ वोटर वाले देश में भाजपा 50 करोड़ को पार करती दिखेगी। इसी लिहाज से कार्यकर्ताओं को अगले सौ दिन बूथ मजबूत करने पर केंद्रित रहने को कहा गया है। नतीजे का अहसास किया जा सकता है। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम् में लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन पीएम मोदी ने पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 370 सिर्फ आंकड़ा नहीं है, बल्कि भावना है। 370 सीटों पर कमल खिलाकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देना है।

भाजपा की चुनावी रणनीति

भाजपा की चुनावी रणनीति के साथ आत्मविश्वास और उत्साह को पीएम मोदी के इस संदेश से भी समझ सकते हैं कि उन्होंने कहा है कि 2019 की तुलना में इस बार प्रत्येक बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट प्राप्त करने का प्रयास करना है। उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा किया है कि पार्टी संगठन ने देशभर के 8.50 लाख से अधिक बूथों तक अपनी मजबूत पहुंच बना ली है। ध्यान रहे कि 13 राज्यों के चुनावों में पड़ने वाले कुल वोट का 50 फीसद हासिल कर चुकी है।

मोदी का 23 वर्ष का कार्यकाल भ्रष्टाचार से मुक्त रहा

अब कुल वोटर का 50 फीसद पाने की तैयारी है। विपक्षी दलों को लगातार भ्रष्टाचार और परिवारवाद पर घेरने वाले पीएम मोदी की रणनीति में यह भी है कि आमजन तक सुशासन का संदेश पहुंचाया जाए। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी का 23 वर्ष का कार्यकाल भ्रष्टाचार और आरोपों से मुक्त रहा है। ऐसा कोई दूसरा नेता और सरकार नहीं है, इसलिए आम मतदाता तक सुशासन की यह कहानी भी पहुंचानी होगी।

भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ

कई चुनाव परिणामों से यह परिलक्षित हो चुका है कि खास तौर युवा वर्ग और महिलाओं का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी के प्रति काफी मजबूत हो रहा है। लिहाजा, आगामी लोकसभा चुनाव में भी इस वर्ग पर पार्टी की नजर रहेगी। मोदी ने कहा है कि कार्यकर्ता अगले 100 दिनों के लिए कमर कस लें। भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में जनता को मिला है, इसलिए इन लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए 25 फरवरी से देशभर में लाभार्थी संपर्क अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं पर विशेष फोकस करने के साथ ही पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को 2014 से पहले और 2014 के बाद की तुलना कर बदलते भारत की तस्वीर भी दिखानी होगी।

तू-तू मैं-मैं की राजनीति करेगा विपक्ष, ध्यान न दें

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी संकेत दे दिया कि उन पर विपक्ष के व्यक्तिगत हमले और बढ़ सकते हैं। पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव में विपक्ष तू-तू मैं-मैं की राजनीति का भी प्रयास करेगा, लेकिन इस पर ध्यान नहीं देना है। भाजपा का चुनाव अभियान विकास के आधार, गरीब कल्याण के लिए किए गए कार्य और देश को दुनिया में गौरवान्वित करने पर आधारित होगा। पीएम ने कार्यकर्ताओं को यह भी संदेश दिया कि लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चलती रहेगी, लेकिन कार्यकर्ताओं को हर सीट पर कमल के फूल को प्रत्याशी मानकर चुनाव अभियान में जुटे रहना है। बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ ¨सह, गृह मंत्री अमित शाह, मुरली मनोहर जोशी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Elections: खरगे के बयान पर भाजपा का पलटवार, 'लोकतंत्र की आड़ में चल रहे राजवंशों की सत्ता को मिल रही है चुनौती'