Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चुनावी साल और स्‍वतंत्रता दिवस पर PM मोदी का भाषण, साल 2018 के संबोधन की ये बातें याद हैं आपको?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) 77वें स्वतंत्रता दिवस (77th Independence Day) पर लाल किले (Red Fort) की प्राचीर से देश को 10वीं बार संबोधित करेंगे। लेकिन अब से पांच साल पहले 2018 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के आखिरी साल में लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव का खाका खींचा था।

By Mohd FaisalEdited By: Mohd FaisalUpdated: Mon, 14 Aug 2023 08:38 PM (IST)
Hero Image
चुनावी साल और स्‍वतंत्रता दिवस पर PM मोदी का भाषण, साल 2018 के संबोधन की ये बातें याद हैं आपको?

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) 77वें स्वतंत्रता दिवस (77th Independence Day) पर लाल किले (Red Fort) की प्राचीर से देश को 10वीं बार संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के 77वें स्वतंत्रता दिवस के भाषण पर लोगों की विशेष नजरें रहेंगी। चुनावी वर्ष होने के कारण पीएम लाल किले से देश के लिए आने वाले वक्त की चुनौतियों और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का एजेंडा तय कर सकते हैं। इस दौरान वे कई तरह के वादे और ठोस रणनीति को देश के सामने रखेंगे।

अब से पांच साल पहले 2018 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के आखिरी साल में लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव का खाका खींचा था। इसी प्रोग्राम पर आगे चलते हुए भाजपा ने एक बड़ी जीत दर्ज की थी। इसी कारण से 2018 में लाल किले से किया गया पीएम मोदी का संबोधन खास मायने रखता है। हम आपको 2018 में प्रधानमंत्री द्वारा जनता से किए गए वादे और देश के लिए बुने गए सपनों के बारे में रूबरू करा रहे हैं।

लाल किले की प्राचीर से कितने मिनट बोले थे पीएम?

दरअसल, 72वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री ने करीब 83 मिनट तक देशवासियों को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में किसानों से लेकर सेना में महिलाओं की बराबरी तक पर जोर दिया था। इसके अलावा उन्होंने उग्रवाद पर भी फोकस किया और स्वच्छ भारत मिशन की सराहना की थी।

पीएम मोदी के संबोधन की मुख्य बातें

  • पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नौसेना की छह जाबांज महिला चालक दल की उपलब्धियों का जिक्र किया था। पीएम ने कहा था कि उत्तराखंड, हिमाचल, मणिपुर, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश राज्यों से हमारी बेटियां सात समंदर पार से यात्रा करके वापस आई हैं। वे सातों समंदर को हमारे तिरंगे के रंग में रंगकर हमारे बीच वापस आई हैं।
  • उन्होंने कहा था कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने की मांग सालों से उठ रही थी। इस बार संसद ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़े वर्गों के हितों, अत्यंत पिछड़े वर्गों के हितों की रक्षा करने का प्रयास किया।
  • उन्होंने सभी के लिए सामाजिक न्याय के महत्व का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा था कि डॉ बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा हमें दिए गए भारत के संविधान में सभी के लिए न्याय की बात की गई है। हमें सभी के लिए सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है और एक ऐसा भारत बनाना है जो तेजी से प्रगति कर रहा हो।
  • साथ ही पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बताया था कि भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
  • पीएम ने कहा था कि अगर आप पिछले चार साल में हुए काम को ध्यान में रखें तो आप ये देखकर हैरान रह जाएंगे कि देश किस गति से आगे बढ़ रहा है, किस गति से प्रगति हो रही है।
  • इसके अलावा पीएम ने कहा था कि देश में दोगुना हाईवे और गांवों में चार गुना ज्यादा घर बन रहे हैं। देश रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है और रिकॉर्ड संख्या में मोबाइल फोन का भी निर्माण कर रहा है। ट्रैक्टरों की बिक्री नई ऊंचाई पर पहुंच गई है।
  • उन्होंने कहा था कि आजादी के बाद देश सबसे ज्यादा हवाई जहाज खरीद रहा है। साथ ही देश में नए आईआईएम, आईआईटी और एम्स की स्थापना की जा रही है। छोटे-छोटे स्थानों पर नए केन्द्र स्थापित कर कौशल विकास के मिशन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
  • पीएम मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार कृषि क्षेत्र में असाधारण सुधार लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। उन्होंने कहा था कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी।

लाल किले से जब पीएम ने किया था काले धन का जिक्र

बता दें कि पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से काले धन का भी जिक्र किया था। पीएम ने काले धन का जिक्र करते हुए कहा था कि उनकी सरकार ने कल्याण निधि के 90,000 करोड़ रुपये बचाए हैं। पीएम मोदी ने यह भी दावा किया कि पिछले दो साल में 5 करोड़ भारतीयों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। उन्होंने WHO की रिपोर्ट का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा था कि स्वच्छता अभियान की वजह से तीन लाख बच्चों को बचाया जा सका है। उन्होंने मुद्रा योजना के बारे में बात करते हुए कहा था, 'प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 13 करोड़ से ज्यादा लोगों को लोन दिया गया, जिनमें 4 करोड़ लोगों ने पहली बार कर्ज लिया।

कश्मीर और पूर्वोत्तर पर क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी अपने पांचवें संबोधन में उग्रवाद पर भी फोकस किया। उन्होंने कश्मीर के बारे में बात करते हुए कहा, 'हम कश्मीर के लिए गोली और गाली में विश्वास नहीं करते। अटल बिहारी वाजपेयी का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'उनका मानना ​​है कि कश्मीर की समस्याओं को केवल गले लगाने से ही हल किया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने पूर्वोत्तर के राज्यों का जिक्र करते हुए कहा था कि त्रिपुरा, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में ऐतिहासिक शांति देखी जा रही है। वामपंथी उग्रवाद 126 से 90 जिलों तक सीमित है। हम पूरे देश में शांति सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।

महिलाओं के लिए पीएम ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से भारत में दुष्कर्म का मुद्दा भी उठाया। पीएम मोदी ने कहा था जब राक्षसी मानसिकता के लोग महिलाओं के साथ अन्याय करते हैं तो हम भारतीयों को रोना आता है, लेकिन नाबालिगों के साथ दुष्कर्म करने वालों को अब मौत की सजा मिल रही है। हमें युवाओं को महिलाओं का सम्मान करने के लिए तैयार करना चाहिए। परिवारों को यह सिखाने की जरूरत है कि महिलाओं का सम्मान कैसे किया जाए।

साथ ही पीएम ने तीन तलाक पर भी बात की और कहा कि इसकी वजह से भारत में मुस्लिम महिलाओं की जिंदगी बर्बाद हो रही थी। हम इस प्रथा को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग हैं जो इसे खत्म नहीं होने देना चाहते। मैं मुस्लिम महिलाओं को आश्वस्त करता हूं कि मैं यह सुनिश्चित करने के लिए काम करूंगा कि उन्हें न्याय मिले।

उज्ज्वला और सौभाग्य योजना का आया जिक्र

इसके अलावा उन्होंने मोदी सरकार की उज्ज्वला और सौभाग्य योजना जैसी पहलों के बारे में भी बात की। उन्होंने घोषणा की थी कि जन आरोग्य अभियान गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान करेगा। इस अभियान से देश के कम से कम 10 करोड़ गरीब परिवारों को लाभ होगा और इसे इस साल 25 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा।