Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मां की तबीयत का जायजा लेने के बाद अहमदाबाद से दिल्ली रवाना हुए PM मोदी, अस्पताल में भर्ती हैं हीराबा

पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन को इलाज के लिए अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार दोपहर अस्पताल पहुंचकर मां की स्वास्थ्य की जानकारी ली। मां का हालचाल पूछने के बाद पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना हुए।

By Jagran NewsEdited By: Piyush KumarUpdated: Wed, 28 Dec 2022 07:00 PM (IST)
Hero Image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा की तबीयत बिगड़ गई, पीएम मोदी ने अहदाबाद जाकर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माताजी हीराबेन मोदी (99 वर्ष) की बुधवार सुबह तबियत खराब हो गई। उन्हें तत्काल अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल यूएन मेहता में भर्ती कराया गया। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर दिल्ली से सीधे अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल पहुंचे। वह यहां माताजी के पास डेढ़ घंटा रुककर हालचाल जानने व उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद शाम को दिल्ली लौट गए।

शाम को जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि हीरा बा की सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई हैं। इस बीच, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने पीएम की माताजी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।अहमदाबाद के सिविल अस्पताल परिसर में स्थित यूएन मेहता इंस्टीट्यूट आफ कार्डियोलाजी एंड रिसर्च सेंटर में हीरा बा को बुधवार सुबह साढ़े सात बजे लाया गया था। अचानक तबियत खराब हो जाने के कारण जांच व उपचार के लिए हीरा बा को यहां लाया गया।

माताजी की तबियत खराब होने की सूचना मिलते ही प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर चिकित्सकों से उनकी तबियत के बारे में जानकारी ली और दोपहर तक अहमदाबाद पहुंच गए। मोदी हवाई अड्डे से सीधे यूएन मेहता अस्पताल पहुंचे। उनके आने से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल, राज्यसभा सदस्य एवं रिलायंस समूह के कारपोरेट डायरेक्टर एवं पूर्व ग्रुप चेयरमैन परमिल नथवाणी अस्पताल पहुंचे।

मोदी करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल में रुके और अपनी माताजी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में पीएम के बड़े भाई सोमाभाई भी मौजूद थे। हीराबेन गांधीनगर के रायसण में अपने छोटे बेटे पंकज मोदी के साथ रहती हैं।देर शाम को जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि उनके सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई हैं और गुरुवार को संभवत उनको छुट्टी दे दी जाएगी।

हीराबा अभी गहन चिकित्सा इकाई (आइसीयू) में चिकित्सकों की देखरेख में है। उनकी उम्र 99 साल है और वह सौवें साल में चल रही हैं। हाल ही में उन्होंने गांधीनगर के रायसण में गुजरात विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। उम्र के इस पड़ाव में भी वे सामाजिक, आर्थिक व अन्य जिम्मेदारियों को पूरी शिद्दत से निभाती हैं। अस्पताल ने दोपहर व शाम को हीरा बा का हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया कि अब उनकी तबियत में सुधार हो रहा है।

राहुल और प्रियंका गांधी ने हीराबा के जल्द ठीक होने की कामना

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने हीराबेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना का संदेश दिया। राहुल ने हिंदी में ट्वीट कर कहा, 'मां-बेटे के बीच का प्रेम अमूल्य है। इस कठिन समय में मेरा स्नेह और शुभकामनाएं आपके साथ हैं। मैं आशा करता हूं, आपकी माता जी जल्द स्वस्थ होंगी।' कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर कहा, 'खबर मिली कि पीएम मोदी की माताजी अस्वस्थ हैं। हम सब इस कठिन घड़ी में उनके साथ हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने की भगवान से कामना करती हूं।' 

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पीएम मोदी की माताजी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

यह भी पढ़ें: 'मां और बेटे के बीच का प्यार अनंत और अनमोल होता है' राहुल ने PM मोदी की मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना की