Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पिता राजीव गांधी को याद कर भावुक हुईं प्रियंका, सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो; लिखा- 'जीना इसी का नाम है'

आज राजीव गांधी की 79वीं जयंती पर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रियंका अपने पिता को याद करते हुए भावुक हो गईं और उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए राज कपुर की फिल्म का गाना जीना इसी का नाम है शेयर किया है।

By AgencyEdited By: Shalini KumariUpdated: Sun, 20 Aug 2023 04:20 PM (IST)
Hero Image
पिता को याद कर भावुक हुईं प्रियंका गांधी वाड्रा

नई दिल्ली, एएनआई। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 79वीं जयंती पर याद किया। इस मौके पर प्रियंका ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी शेयर किया है।

प्रियंका ने शेयर किया पोस्ट

सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक वीडियो शेयर करते हुए राज कपूर की फिल्म अनाड़ी का एक गाना 'किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार' अपने पिता को समर्पित किया।

कांग्रेस नेता ने गाने के बोल शेयर करते हुए लिखा, "ये पंक्तियां मुझे हमेशा आपकी याद दिलाती हैं और आज जब भी मैं यह गाना सुनती हूं, तो मेरी आंखों में आंसू आ जाते हैं।"

वीर भूमि में अर्पित की श्रद्धांजलि

इससे पहले दिन में, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा ने आज दिल्ली में वीर भूमि पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी ने किया पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 79वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी को उनकी जयंती पर मेरी श्रद्धांजलि।"

1991 में हुई थी हत्या

राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे और 1984-89 तक पद पर रहे। मई 1991 में तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान श्रीलंका के अलगाववादी संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी।

राहुल गांधी को याद आई पिता बात

इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, जो इस समय लद्दाख में हैं, उन्होंने भी रविवार की सुबह बादलों से घिरी पैंगोंग त्सो झील के किनारे अपने पिता को पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व पीएम की एक फ्रेम वाली तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए, राहुल ने अपने पिता के साथ हुई बातचीत को याद किया, जिसमें राजीव गांधी ने उन्हें बताया था कि पैंगोंग त्सो पृथ्वी पर सबसे खूबसूरत जगह है।

'भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही आना था'

राहुल गांधी ने कहा, "मुझे याद है, जब मैं छोटा था, मेरे पिता एक बार पैंगोंग त्सो की यात्रा से लौटे और मुझे झील की कुछ तस्वीरें दिखाईं। उन्होंने मुझे बताया कि यह पृथ्वी पर सबसे खूबसूरत जगह है। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान, मेरा लद्दाख आने का कार्यक्रम था, लेकिन कुछ तार्किक कारणों से यात्रा स्थगित करनी पड़ी। इसलिए मैंने बाद में यात्रा करने और यहां लंबे समय तक रहने के बारे में सोचा। मैं नुब्रा घाटी और कारगिल का भी दौरा करूंगा।"

'आपका निशान ही मेरा रास्ता'

अपनी यात्रा के दौरान राहुल के साथ जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास रसूल वानी और पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी थे। इससे पहले, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा था, "पापा, भारत के लिए आपने जो सपने देखे थे, वे इन अनमोल यादों में दिखाए गए हैं। आपके निशान मेरा रास्ता हैं - हर हिंदुस्तानी के संघर्षों और सपनों को समझ रहा हूं, भारत मां की आवाज़ सुन रहा हूं।"

गौरतलब है कि राहुल शनिवार को बाइक से लद्दाख के पैंगोंग त्सो की यात्रा पर निकले थे।