Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गुजरात से आंध्र तक बाढ़ का कहर, अब तक 36 की मौत; रेलवे ने रद की 20 ट्रेनें और 30 का मार्ग बदला

भारी बारिश की वजह से आंध्र प्रदेश के कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। सड़कें जलमग्न हैं। कई कॉलोनियों में पानी भर गया है। बिना सोए लोगों को रात बितानी पड़ रही है। कई जिलों में तालाब और झीलें उफान पर हैं। विजयवाड़ा में भूस्खलन में पांच लोगों की जान चली गई। पूर्वी राजस्थान में भी भारी बारिश दर्ज की गई।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sun, 01 Sep 2024 01:55 PM (IST)
Hero Image
आंध्र प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात। (फोटो- एएनआई)

आईएएनएस/पीटीआई, विजयवाड़ा/जयपुर। आंध्र प्रदेश में आफत की बारिश में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। राजस्थान के कई इलाकों में बरसात का दौर जारी है। गुजरात में भी बाढ़ की वजह से 26 लोगों की मौत हो गई है। दोनों प्रदेशों में अब तक 36 की जान गई है।

इस बीच रेलवे ने 20 ट्रेनों को रद और 30 के मार्ग में बदलाव किया है। आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा और गुंटूर बारिश से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यहां आवासीय इलाकों में पानी भरने से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

यह भी पढ़ें: कैसा रहेगा यूपी-बिहार का मौसम, उत्तरांखड के पांच जिलों में अलर्ट; कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

कई सड़कें पानी में डूबीं

कृष्णा और गुंटूर जिलों में भारी बारिश से तालाब और झीलें उफान पर हैं। विजयवाड़ा, अमरावती, मंगलागिरी, गुंटूर और एलुरु में कई सड़कें पानी में डूब चुकी हैं। इससे वाहनों का आवागमन और सामान्य जनजीवन ठप हो गया।

विजयवाड़ा शहर बारिश से थमा

विजयवाड़ा में पिछले दो दशकों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। यहां सड़कों पर 3 से 5 फीट तक पानी भर जाने की वजह से पूरा शहर थम गया है। आंध्र प्रदेश राज्य विकास योजना सोसाइटी के अनुसार गुंटूर जिले के मंगलगिरी में शनिवार को 278.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आज हुई कम बरसात

आंध्र प्रदेश में शनिवार से अब तक वर्षा जनित हादसों में 10 लोगों की जान जा चुकी है। विजयवाड़ा के मोगलराजपुरम में भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हैं। हालांकि रविवार को कम बारिश हुई है।

कई कॉलोनियों में भरा पानी

आंध्र प्रदेश में कई आवासीय कॉलोनियां जलमग्न हैं। लोगों का कहना है कि बिना सोए रात गुजारनी पड़ी। लोगों ने शिकायत की कि प्रशासन ने कोई मदद नहीं मिली है। भोजन और पानी का संकट खड़ा हो गया है। बता दें कि बंगाल की खाड़ी में दबाव के प्रभाव के कारण आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हुई है। हालांकि यह दबाव रविवार की सुबह कलिंगपट्टनम के तट को पार कर गया है।

पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश

पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। रविवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, पाली और सिरोही जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। पाली जिले के सुमेर में सबसे अधिक 78 मिमी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने कहा कि राज्य में सबसे अधिक तापमान धौलपुर और बीकानेर में 37.2 डिग्री और सबसे न्यूनतम तापमान धौलपुर में 28.2 डिग्री दर्ज किया गया है।

इस साल औसत से अधिक बारिश

1 जून से मानसून की शुरुआत के बाद से राजस्थान के सभी जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान औसत 376 मिमी बारिश के मुकाबले 561.4 मिमी बारिश हुई है।

गुजरात में बाढ़ से 26 की गई जान

गुजरात के कई शहरों में वर्षा जनित हादसों में अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 18000 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। इसके अलावा 1200 लोगों को भी बचाया गया है। वडोदरा और कच्छ में बाढ़ से सबसे अधिक हालात खराब हैं। घर की छतों तक मगरमच्छ देखे गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से दो बार फोन पर बात की और हालात की जानकारी ली।  

20 ट्रेनें रद, 30 का मार्ग बदला

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के बीच कई जगहों पर पटरियों पर पानी भर जाने की वजह से ट्रेन सेवा पर भी असर पड़ा है। दक्षिण मध्य रेलवे ने रविवार को 20 से अधिक ट्रेनें रद कर दीं और 30 से अधिक का मार्ग बदल दिया। इस बीच रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

हेल्पलाइन नंबर

  • हैदराबाद-27781500
  • वारंगल-27782751
  • काजीपेट-27782660
  • खम्मन-27782885

रेलवे द्वारा पहले रद की गई छह ट्रेनें

  • 12713 विजयवाड़ा - सिकंदराबाद
  • 12714 सिकंदराबाद - विजयवाड़ा
  • 17201 गुंटूर - सिकंदराबाद
  • 17233 सिकंदराबाद - सिरपुर कागजनगर
  • 12706 सिकंदराबाद - गुंटूर
  • 12705 गुंटूर - सिकंदराबाद

ये नौ ट्रेनें डायवर्ट

  • 20811 विशाखापत्तनम - नांदेड़
  • 1 2739 विशाखापत्तनम - तिरूपति
  • 03241 दानापुर - बेंगलुरु
  • 12642 निजामुद्दीन - कन्याकुमारी
  • 11019 सीएसटी मुंबई - भुवनेश्वर
  • 11020 भुवनेश्वर - सीएसटी मुंबई
  • 18519 विशाखापत्तनम - एलटीटी मुंबई
  • 12727 विशाखापत्तनम - हैदराबाद
  • 12759 तांबरम - हैदराबाद

यह भी पढ़ें: सितंबर में जमकर बरसेंगे बादल, हिमाचल-उत्तराखंड समेत कई राज्यों में सामान्य से अधिक होगी बारिश