Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दो देशों के पास हैं दुनिया के 90% एटम बम, चीन भी कर रहा हथियारों की होड़; अपनी सुरक्षा करने में पीछे नहीं भारत

परमाणु बमों से दुनिया में सिर्फ दो बार ही हमला किया गया था। अमेरिका ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान 1945 में जापान के दो अलग-अलग शहरों पर इसका इस्तेमाल किया था। ऐसे में परमाणु हथियार को लेकर सामने आई SIPRI की रिपोर्ट में चिंता जताई गई है।

By Mohd FaisalEdited By: Mohd FaisalUpdated: Mon, 12 Jun 2023 06:43 PM (IST)
Hero Image
दो देशों के पास हैं दुनिया के 90% एटम बम, चीन भी कर रहा हथियारों की होड़ (फोटो जागरण ग्राफिक्स)

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। दुनियाभर की सरकारें अपने देश की सुरक्षा के लिए सेना की मजबूती पर खासा ध्यान देती हैं। वर्तमान दौर में परमाणु हथियार किसी भी देश के लिए काफी मायने रखता है। परमाणु हथियार को लेकर सामने आई स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की रिपोर्ट में चिंता जताई गई है।

रिपोर्ट की मानें तो इस साल 86 परमाणु हथियार तैयार किए गए हैं, जिनमें चीन के पिछले एक साल में बढ़ाए गए 60 हथियार भी शामिल हैं। ऐसे में आपके लिए ये जानना जरूरी है कि आखिर दुनियाभर के किन देशों के पास कितने परमाणु हथियार हैं।

रूस (Russia)

परमाणु हथियारों की लिस्ट में सबसे पहला नाम रूस का आता है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद भी रूस के परमाणु हथियारों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। रूस के पास इस समय करीब 4 हजार 489 परमाणु हथियार हैं। बीते एक साल में रूस ने 12 नए हथियार बढ़ाए हैं।

संयुक्त राज्य अमेरिका (United States of America)

रूस के बाद अमेरिका का नंबर आता है, जिसके पास इस वक्त 3708 परमाणु हथियार हैं। हालांकि, पिछले एक साल में अमेरिका ने परमाणु हथियारों की संख्या में कोई इजाफा नहीं किया है।

चीन (China)

चीन ने पिछले एक साल में 60 परमाणु हथियार बढ़ाए हैं। SIPRI रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने पिछले एक साल में परमाणु हथियारों की संख्या में इजाफा किया है। बता दें कि चीन के पास अब परमाणु हथियार 410 हो गए हैं।

पाकिस्तान (Pakistan)

परमाणु हथियारों की संख्या के मामले में रूस, अमेरिका और चीन के बाद पाकिस्तान चौथे नंबर पर है। पाकिस्तान के पास 170 हथियार हैं। इस साल पाकिस्तान ने पांच परमाणु हथियार बढ़ाए हैं।

भारत (India)

वहीं, भारत के पास इस समय 164 परमाणु हथियार है। बीते साल के मुकाबले भारत के परमाणु हथियारों की संख्या में 4 नए हथियारों का इजाफा हुआ है।

बता दें कि दुनियाभर में परमाणु हथियारों का 90 फीसद अमेरिका और रूस के पास है। पुराने हथियारों को नष्ट करने के कारण इन दोनों के न्यूक्लियर वारहेड की संख्या कुछ कम हुई है। थिंक टैंक की रिपोर्ट के अनुसार, इस समय दुनियाभर में 12,512 परमाणु हथियार हैं, जिनमें से कुल परमाणु हथियार में 9,576 संभावित इस्तेमाल के लिए तैयार हैं।

क्या होते हैं परमाणु हथियार?

  • दरअसल, परमाणु हथियार बेहद शक्तिशाली विस्फोटक होता है।
  • इन बमों को ताकत या तो परमाणु के नाभिकीय या फिर न्यूक्लियर कणों को तोड़ने या उन्हें जोड़ने से मिलती है।
  • परमाणु बम में विस्फोट होने वाला पदार्थ यूरेनियम या प्लूटोनियम होता है। यूरेनियम या प्लूटोनियम के परमाणु विखंडन (Fission) से ही शाक्ति प्राप्त होती है।
  • परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से बड़ी मात्रा में रेडिएशन निलकता है, जिसका असर बहुत लंबे समय तक रहता है।
  • स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट के अनुसार, रूस, अमेरिका, चीन, फ्रांस, ब्रिटेन, भारत, पाकिस्तान, इजरायल और उत्तर कोरिया के पास परमाणु हथियार हैं।

कब-कब हुआ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल?

बता दें कि परमाणु बमों से दुनिया में सिर्फ दो बार ही हमला किया गया था। अमेरिका ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान 1945 में जापान के दो अलग-अलग शहरों पर इसका इस्तेमाल किया था। अमेरिका ने 6 अगस्त को जापान के हिरोशिमा और 9 अगस्त को नागासाकी पर परमाणु बम गिराए थे। ऐसा माना जाता है कि हिरोशिमा में लगभग 80 हजार और नागासाकी में करीबन 70 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।