Move to Jagran APP

सुनील अरोड़ा होंगे नए मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त, होगी लोकसभा समेत राज्‍यों के चुनाव की जिम्‍मेदारी

1980 बैच के आईएएस सुनील अरोड़ा देश के नए मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त होंगे। उनके कंधों पर अगले वर्ष होने वाले लोकसभा और सात राज्‍यों के चुनाव की जिम्‍मेदारी होगी। जानें इनका पूरा प्रोफाइल।

By Arun Kumar SinghEdited By: Updated: Tue, 27 Nov 2018 11:10 AM (IST)
Hero Image
सुनील अरोड़ा होंगे नए मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त, होगी लोकसभा समेत राज्‍यों के चुनाव की जिम्‍मेदारी

नई दिल्ली [जागरण स्‍पेशल]। राजस्थान कैडर के आइएएस अधिकारी सुनील अरोड़ा देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। उनके कंधों पर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की जिम्‍मेदारी होगी। इसके अलावा जम्मू एवं कश्मीर, ओडिशा, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव भी अगले साल होने हैं।

दो दिसंबर को करेंगे पदभार ग्रहण
अरोड़ा दो दिसंबर को अपना पदभार ग्रहण करेंगे। वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत एक दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि उनकी नियुक्ति के संबंध में हालांकि औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा उनके नाम को मंजूरी दे दी गई है और इसे राष्ट्रपति के पास भेज दिया गया है। 31 अगस्त, 2017 को उनको चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था।

1980 बैच के आईएएस हैं अरोड़ा
ओपी रावत के बाद वह दूसरे सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त हैं। 1980 बैच के आइएएस अधिकारी अरोड़ा सूचना-प्रसारण सचिव और कौशल विकास एवं उद्यमिता सचिव के तौर पर काम कर चुके हैं। उन्होंने वित्त और कपड़ा मंत्रालय और योजना आयोग में भी काम किया है। वर्ष 1999-2002 के दौरान वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय में भी रहे। पांच वर्षो तक वह इंडियन एयरलाइंस में सीएमडी की भूमिका निभा चुके हैं। इसमें से दो वर्ष अतिरिक्त प्रभार और तीन वर्ष पूर्ण प्रभार रहा।राजस्थान में वह धौलपुर, अलवर और जोधपुर आदि जिलों में पदस्थापित रहे। वर्ष 1993-1998 के दौरान वह मुख्यमंत्री के सचिव और 2005-2008 के बीच मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहे।

निभाई अहम जिम्‍मेदारी
गृह मंत्रालय में अपर मुख्य सचिव, छोटे उद्योग मंत्रालय के मुख्य सचिव, निवेश व प्रोटोकॉल के मुख्य सचिव रहने के साथ अरोड़ा राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास व निवेश निगम के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर भी रहे हैं। इसके अलावा अरोड़ा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सचिव, कौशल विकास व उद्यमिता सचिव की भूमिका में भी रहे हैं। उन्होंने राजस्थान में जोधपुर, अलवर व ढोलपुर जिलों में जिलाधिकारी की भूमिका निभाई। इसके साथ ही वह भारत सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्रालय में संयुक्त सचिव रहे। उन्होंने इंडियन एयरलाइंस के चेयरपर्सन व मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

वसुंधरा के भरोसेमंद अधिकारी
अरोड़ा 30 अप्रैल 2016 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स का महानिदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया था। बतौर चुनाव आयुक्त अरोड़ा की नियुक्ति 31 अगस्त 2017 को हुई थी। वे 1993 से 1998 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री के सचिव और 2005 से 2008 तक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भी रहे। माना जाता है कि सुनील अरोड़ा राजस्थान की मौजूदा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के भरोसेमंद हैं। वो साल 2005 से 2009 के बीच राजे की मुख्य सचिव भी रह चुके हैं। 1999-2002 के दौरान वह नागरिक विमानन मंत्रालय में संयुक्त सचिव की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह पांच साल तक इंडियन एयरलाइंस के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भी रहे, जिसमें से दो साल तक उन्होंने अतिरिक्त प्रभार संभाला। तीन साल तक उनके पास सीएमडी का पूर्णकालिक प्रभार था।

सुनील अरोड़ा का करियर 

  • सुनील अरोड़ा साल 1980 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी है।
  • उन्होंने वित्त, कपड़ा एवं योजना आयोग जैसे मंत्रालयों एवं विभागों में भी विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं।
  • वह साल 1999-2002 के दौरान नागरिक विमानन मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर काम कर चुके हैं।
  • वे पांच साल तक इंडियन एयरलाइंस के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भी रहे हैं, इसमें दो साल तक वह अतिरिक्त प्रभार में थे जबकि तीन साल तक उनके पास कंपनी का पूर्णकालिक प्रभार था।
  • वे राजस्थान में धौलपुर, अलवर, नागौर और जोधपुर जैसे जिलों में तैनात रह चुके हैं।
  • वे वर्ष 1993-1998 के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव पद पर थे।
  • वे वर्ष 2005-2008 के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव थे।
  • उन्होंने राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क, उद्योग एवं निवेश विभागों में भी अपनी सेवाएं दी हैं।