Move to Jagran APP

IAS अधिकारी टी वी सोमनाथन बने मोदी सरकार में कैबिनेट सचिव, राजीव गौबा की लेंगे जगह

Cabinet Secretary केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीवी सोमनाथन को नया कैबिनेट सचिव नियुक्त किया है। शनिवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने इसे लेकर आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार उन्हें दो साल के कार्यकाल के लिए भारत का कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 30 अगस्त से शुरू होगा। यहां पढ़िए पूरी जानकारी।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Sun, 11 Aug 2024 12:01 AM (IST)
Hero Image
टीवी सोमनाथन को दो साल के कार्यकाल के लिए कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया है। (Photo- ANI)

पीटीआई, नई दिल्ली। वरिष्ठ आइएएस अधिकारी टीवी सोमनाथन को शनिवार को कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया। वह राजीव गौबा का स्थान लेंगे, जो इस महीने अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। तमिलनाडु कैडर के 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) अधिकारी सोमनाथन इस समय केंद्रीय वित्त सचिव हैं।

इस बीच, सरकार जल्द ही नए केंद्रीय गृह सचिव की नियुक्ति कर सकती है। गृह सचिव अजय कुमार भल्ला का कार्यकाल 22 अगस्त को पूरा हो रहा है।कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने सोमनाथन को 30 अगस्त 2024 से दो वर्ष के कार्यकाल के लिए कैबिनेट सचिव के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी है।

नियुक्ति समिति ने कैबिनेट सचिवालय में ओएसडी (आफिसर आन स्पेशल ड्यूटी) के रूप में सोमनाथन की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। इस पद पर उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से कैबिनेट सचिव का पदभार ग्रहण करने तक के लिए रहेगी।

सोमनाथन ने 2015 से 2017 के बीच दो साल से अधिक समय तक प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव और अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्होंने दिसंबर 2019 में व्यय सचिव के रूप में नियुक्त होने से पहले तक अपने कैडर राज्य में कार्य किया।

सोमनाथन को अप्रैल 2021 में वित्त सचिव नियुक्त किया गया। सोमनाथन चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) हैं। वह पांच भाषाएं - हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, फ्रेंच, हौसा (अफ्रीका के कुछ भागों में बोली जाने वाली) जानते हैं। उनके पास कलकत्ता विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में डाक्टर आफ फिलासफी (पीएचडी) की डिग्री भी है। उन्होंने अपने कैडर राज्य, केंद्र और विदेश में विभिन्न पदों पर काम किया है।

सबसे लंबे समय तक कैबिनेट सचिव रहने वाले अधिकारी हैं राजीव गौबा

राजीव गौबा सबसे लंबे समय तक कैबिनेट सचिव रहने वाले अधिकारी हैं। इससे पहले कैबिनेट सचिव पद पर सबसे लंबा कार्यकाल बीडी पांडे का था। बीडी पांडे दो नवंबर, 1972 से 31 मार्च, 1977 तक कैबिनेट सचिव रहे। पूर्व केंद्रीय गृह सचिव गौबा को 30 अगस्त 2019 को दो साल के लिए कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया था। इसके बाद उन्हें तीन बार- 2021, 2022 और पिछले वर्ष अगस्त में सेवा विस्तार दिया गया।