Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में सबसे ज्यादा ब्लैक स्पॉट तमिलनाडु में, टोल वसूले जाने को लेकर नितिन गडकरी ने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि पूरे देश में तमिलनाडु में सबसे अधिक 748 ब्लैक स्पॉट हैं इसके बाद बंगाल में 701 और तेलंगाना में 485 स्थान हैं। एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में गडकरी ने कहा कि एनएचएआइ ने हाल ही में 14 एनएच पर 26 परियोजनाओं में 39 सुरंगों की समीक्षा की है जिनमें 17 सुरंग परियोजनाओं की समीक्षा पूरी हो चुकी है।

By Jagran News Edited By: Piyush Kumar Updated: Fri, 22 Dec 2023 12:21 AM (IST)
Hero Image
नितिन गडकरी ने जानकारी दी कि बंगाल के राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में 701 ब्लैक स्पॉट मौजूद।(फोटो सोर्स: जागरण)

पीटीआई, नई दिल्ली। सरकार ने देशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में 5,803 ब्लैक स्पॉट (खतरनाक जगहों) की पहचान की है, जिनमें तमिलनाडु, बंगाल और कर्नाटक की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि राज्यों से प्राप्त 2018 से 2020 तक के आंकड़ों के आधार पर इन ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं का विवरण प्राप्त हुआ है।

गडकरी ने बताया कि पूरे देश में तमिलनाडु में सबसे अधिक 748 ब्लैक स्पॉट हैं, इसके बाद बंगाल में 701 और तेलंगाना में 485 स्थान हैं। एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में गडकरी ने कहा कि एनएचएआइ ने हाल ही में 14 एनएच पर 26 परियोजनाओं में 39 सुरंगों की समीक्षा की है, जिनमें 17 सुरंग परियोजनाओं की समीक्षा पूरी हो चुकी है और पांच की समीक्षा दिसंबर के अंत तक पूरी होने वाली है।

टोल वसूले जाने को लेकर गडकरी ने क्या कहा? 

उन्होंने कहा कि चार सुरंग परियोजनाओं का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। इसके साथ ही एक अन्य प्रश्न के उत्तर में गडकरी ने कहा कि देश में ऐसा कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं है, जिस पर वसूला गया टोल निर्माण लागत के बराबर हो। गडकरी ने बताया कि निर्माण लागत के बराबर टोल वसूलने के बाद उसे बंद करने का कोई प्रविधान नहीं है।

नितिन गडकरी ने लोकसभा में बताया कि दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में 65,000 करोड़ रुपये मूल्य की सड़कें, हाईवे और एक्सप्रेसवे निर्माण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर को देहरादून से जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे पर काम शुरू हो गया है। एक बार इसे पूरा कर लेने के बाद दिल्ली से देहरादून तक पहुंचने में मात्र दो घंटे और हरिद्वार तक पहुंचने में डेढ़ घंटे का समय लगेगा।

देश के 15 हवाई अड्डों पर 164 विमान बेकार खड़े हैं: सरकार

देश के 15 हवाई अड्डों पर 164 विमान बेकार खड़े हैं। सरकार ने गुरुवार को लोकसभा को यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा एक प्रश्न के लिखित उत्तर में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इनमें से सर्वाधिक विमान दिल्ली हवाई अड्डे पर बेकार खड़े हैं जिनकी संख्या 64 है।

मंत्री के उत्तर के अनुसार, बेंगलुरु हवाई अड्डे पर 27, मुंबई हवाई अड्डे पर 24 और चेन्नई हवाई अड्डे पर 20 ऐसे विमान खड़े हैं। इनके अलावा अहमदाबाद, भुवनेश्वर, कोचीन, गोवा (मोपा), हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, कन्नूर, नागपुर और रायपुर हवाई अड्डों पर भी बेकार विमान खड़े हैं।

एनजीटी ने राज्यों पर लगाया 79,098 करोड़ रुपये का जुर्माना: सरकार

सरकार ने गुरुवार को संसद को बताया कि एनजीटी ने 2022-23 में नगरपालिका ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन न करने और अन्य पर्यावरणीय उल्लंघनों के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों पर कुल 79,098 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।

केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि तमिलनाडु पर सबसे अधिक 15,419 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र पर 12 हजार करोड़ रुपये और मध्य प्रदेश पर 9,688 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

एनजीटी ने नगरपालिका ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 और अन्य पर्यावरणीय उल्लंघन का अनुपालन नहीं करने के लिए उत्तर प्रदेश को पांच हजार करोड़ रुपये, बिहार को चार हजार करोड़ रुपये, तेलंगाना को 3,800 करोड़ रुपये, बंगाल को 3,500 करोड़ रुपये और दिल्ली को 3,132 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया।

2029 तक अंटार्कटिका में बनेगा नया अनुसंधान स्टेशन

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरण रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि भारत का लक्ष्य 2029 तक बर्फीले महाद्वीप के पूर्वी हिस्से में मैत्री स्टेशन के पास अंटार्कटिका में एक नया शोध स्टेशन स्थापित करना है।

राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में रिजिजू ने कहा कि नए अनुसंधान स्टेशन मैत्री ढ्ढढ्ढ के लिए जगह की पहचान कर ली गई है और पहुंच मार्ग के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण चल रहा है। मंत्री ने कहा कि मौजूदा भारतीय अनुसंधान स्टेशन मैत्री बहुत पुराना है, एक नया अनुसंधान स्टेशन बनाना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: India-Canada Row: 'कनाडा में भारत विरोधी तत्वों को मिल रहा स्थान मूल मुद्दा', ट्रूडो के बयान के बाद बोले अरिंदम बागची