Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

केंद्र सरकार ने किया बड़ा फेरबदल, पुण्य सलिला स्वास्थ्य और राजेश कुमार सिंह बने रक्षा सचिव

वरिष्ठ नौकरशाह दीप्ति उमाशंकर को राष्ट्रपति का सचिव बनाया गया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने रक्षा मंत्रालय के रक्षा विभाग में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में राजेश कुमार सिंह की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में सचिव के रूप में संजीव कुमार की नियुक्ति की गई है। वित्तीय सेवा सचिव विवेक जोशी को डीओपीटी का सचिव नियुक्त किया गया।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Fri, 16 Aug 2024 11:16 PM (IST)
Hero Image
केंद्र ने सचिव स्तर पर बड़ा फेरबदल किया। ( फाइल फोटो)

पीटीआई, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सचिव स्तर पर बड़ा फेरबदल किया। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पुण्य सलिला श्रीवास्तव को नई स्वास्थ्य सचिव होंगी। राजेश कुमार सिंह को नया रक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार इस समय प्रधानमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव पुण्य सलिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में आफिसर आन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) का कार्यभार संभालेंगी। 30 सितंबर को अपूर्व चंद्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद वह स्वास्थ्य सचिव बनेंगी।

सेवा विस्तार को मिली मंजूरी

उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग के सचिव राजेश कुमार सिंह फिलहाल रक्षा मंत्रालय में ओएसडी के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वह 31 अक्टूबर, 2024 को गिरिधर अरमाने के सेवानिवृत्त होने के बाद रक्षा सचिव का पद संभालेंगे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने राजेश कुमार सिंह की सेवा में उनकी सेवानिवृत्ति आयु के बाद 31 अक्टूबर, 2026 तक विस्तार को मंजूरी दे दी है।

अल्पसंख्यक मामलों के नए सचिव होंगे चंद्रशेखर कुमार

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अमरदीप सिंह भाटिया, राजेश कुमार सिंह के स्थान पर उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग में सचिव होंगे। अल्पसंख्यक मामलों के सचिव कटिकिथला श्रीनिवास आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव होंगे। पंचायती राज मंत्रालय में विशेष सचिव चंद्रशेखर कुमार, श्रीनिवास के स्थान पर अल्पसंख्यक मामलों के नए सचिव होंगे।

विवेक जोशी बने डीओपीटी के सचिव

वरिष्ठ अधिकारी दीप्ति उमाशंकर को राष्ट्रपति का नया सचिव नियुक्त किया गया है। वित्तीय सेवा विभाग के सचिव विवेक जोशी, जो हरियाणा कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के सचिव होंगे। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नागराजू मद्दिराला, जो वर्तमान में कोयला मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं, जोशी के स्थान पर नए वित्तीय सेवा सचिव होंगे।

वंदना गुरनानी की होगी वापसी

कारपोरेट मामलों के सचिव मनोज गोविल को व्यय विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वंदना गुरनानी, जो वर्तमान में अपने कैडर राज्य कर्नाटक में हैं, कैबिनेट सचिवालय में सचिव (समन्वय) होंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीप्ति गौर मुखर्जी को गोविल के स्थान पर कारपोरेट मामलों का सचिव नियुक्त किया गया है।

नीलम होंगी राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की सचिव

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त नीलम शम्मी राव को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार सुकृति लिखी नेशनल अथॉरिटी केमिकल वीपन कन्वेंशन (एनएसीडब्ल्यूसी) में ओएसडी होंगी। अगले महीने के अंत में मुखमीत सिंह भाटिया के सेवानिवृत्त होने के बाद वे एनएसीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष का पद संभालेंगी।

भल्ला की जगह लेंगे प्रशांत

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव कुमार को रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत सरकारी ई-मार्केटप्लेस स्पेशल पर्पज व्हीकल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशांत कुमार सिंह नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में ओएसडी होंगे। वह 30 सितंबर को भूपिंदर सिंह भल्ला के सेवानिवृत्त होने के बाद नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में सचिव का पदभार संभालेंगे।

31 अक्टूबर को विनी महाजन होंगी सेवानिवृत्त

भारतीय खाद्य निगम के वर्तमान अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अशोक कुमार कलुआराम मीना को जल शक्ति मंत्रालय के तहत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में ओएसडी नियुक्त किया गया है। 31 अक्टूबर को विनी महाजन की सेवानिवृत्त के बाद मीना पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव का पदभार संभालेंगे।

राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में ओएसडी बने ए. नीरजा

भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा को परमाणु ऊर्जा आयोग में सदस्य वित्त नियुक्त किया गया है। भारतीय वन सेवा अधिकारी ए. नीरजा को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग में ओएसडी बनाया गया है। नीरजा जो वर्तमान में उर्वरक विभाग में विशेष सचिव हैं, अगले महीने के अंत में आशीष उपाध्याय के सेवानिवृत्त होने के बाद आयोग के सचिव का पदभार संभालेंगी।

नागरिक विमानन महानिदेशक विक्रम देव दत्त को भारत सरकार के सचिव का पद और वेतन मिलेगा। चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील पालीवाल को भी भारत सरकार के सचिव का पद और वेतन दिया गया है।

यह भी पढ़ें: अब गांवों में खत्म होगी 'प्रधान पति' की प्रथा, केंद्र सरकार उठाने जा रही बड़ा कदम; 18 राज्यों में अध्ययन जारी