Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी रहेगी नज़र

यहां पर टॉप 10 खबरें दी जा रही हैं, जिनपर आज दिन भर नजर बनी रहेगी।

By Sanjeev TiwariEdited By: Updated: Sun, 28 Jan 2018 08:54 AM (IST)
Hero Image
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी रहेगी नज़र

1- ताजा खबरः कासगंज में दो दिन बाद भी हिंसा जारी, रविवार सुबह दुकान में लगाई गई आग

कासगंज । गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा पर पथराव को लेकर भड़की हिंसा में कासगंज दो दिन से जल रहा है। आज भी यह आग ठंडी नहीं हो पाई बल्कि देर रात और भड़क गई। अलग-अलग तोड़फोड़, आगजनी और पथराव की वारदातें होती रहीं। रुक रुक कर अलग-अलग इलाकों में उपद्रव से पुलिस-प्रशासन परेशान रहा। शनिवार देर रात छर्रा अड्डा के पास बिलराम चौराहा पर फायरिंग से माहौल बिगड़ गया। नदरई कस्बे में कबाड़े की सूमो और स्कार्पियो फूंक दी गई। सोरों कस्बे में डाकखाने के पास कपडे की दुकान को आग के हवाले किया गया। मोहल्ला मोहन में पेट्रोल बम बरामद किया गया। ख़ुफ़िया सूचना पर रेलवे स्टेशन पर मुस्तैदी बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारी भारी फ़ोर्स के साथ सघन जांच में जुटे हैं लेकिन कुछ भी काबू में नहीं दिखाई दे रहा है। दरअसल, गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान समुदाय विशेष ने वंदे मातरम का विरोध कर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। जिसके बाद पथराव और फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

2-बजट सत्र से पहले आज होंगी दो सर्वदलीय बैठकें

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इससे पहले रविवार को दो सर्वदलीय बैठकें बुलाई गई हैं। पहली बैठक संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने, जबकि दूसरी बैठक लोकसभा अध्यक्ष सुमित्र महाजन ने बुलाई है। इनमें तत्काल तीन तलाक विधेयक समेत कई मसलों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक की संभावना जताई जा रही है।1संसदीय कार्य मंत्री की ओर से शाम 4 बजे सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। लोकसभा अध्यक्ष की ओर से सर्वदलीय बैठक शाम 7.30 बजे बुलाई गई है। इस बैठक के बाद रात्रिभोज का भी आयोजन किया जाएगा। बजट सत्र का पहला चरण 29 जनवरी से 9 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान सरकार 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण और 1 फरवरी को बजट पेश करेगी। सत्र की शुरुआत लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के संबोधन से होगी। राष्ट्रपति बनने के बाद संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में रामनाथ कोविंद का यह पहला संबोधन होगा।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

3- आज 11 बजे 'मन की बात' के जरिए देश को संबोधित करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी 

नई दिल्ली। पीएम मोदी रविवार को रेडियों के माध्यम से देशवासियों से मन की बात करेंगे। यह इस कार्यक्रम की 40वीं कड़ी होगी। वर्ष 2018 का उनका यह पहला कार्यक्रम होगा। पीएम एक बार फिर मन की बात के जरिए देशवासियों से अपने विचार साझा करेंगे। इसका प्रसारण सुबह 11 बजे किया जाएगा। रेडियो के अलावा इस सभी न्यूज चैनल पर इसे सुना जा सकता है। रेडियो के अन्य स्टेशनों पर इसका स्थानीय भाषाओं में प्रसारण किया जाएगा, जिसे पीएम की बातों को सारी जनता आसानी से समझ सके। कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा दूरदर्शन समाचार के यू-ट्यूब चैनलों पर भी यह उपलब्‍ध रहेगा। पीएम के मन की बात में आम जनता भी अपने विचार और सुझावों को साझा करते हैं। देशभर से लोग अपने विचार को पीएम को भेजते हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

4- जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों और आतंकी समर्थकों के बीच झड़प, 2 की मौत; 20 घायल

श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में शनिवार को आतंकी समर्थक भीड़ ने सुरक्षाबलों को घेरकर पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव के साथ मारपीट व आगजनी पर उतारू भीड़ पर काबू पाने के लिए सुरक्षाबलों को गोली चलानी पड़ी, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। हिंसा में 20 लोग घायल हुए हैं। इन मौतों से उत्पन्न हालात पर काबू पाने के लिए पूरे इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। वहीं मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के निर्देश पर प्रशासन ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस बीच, हुर्रियत समेत विभिन्न अलगाववादी संगठनों के साझा मंच ज्वाइंट रजिस्टेंस लीडरशिप (जेआरएल) ने शोपियां घटना के खिलाफ रविवार को कश्मीर बंद का एलान किया है। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

5-ब्राजील: नाइट क्लब में अंधाधुंध गोलीबारी, 14 लोगों की मौत

साओ पोलो। उत्तर पूर्वी ब्राजील के शहर फोर्टालेजा में हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की। शनिवार को हुई गोलीबारी में कम से कम 14 लोग मारे गए हैं और छह अन्य घायल हुए हैं। घायलों को फोर्टालेजा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीआरा स्टेट सुरक्षा सचिवालय के प्रमुख एंड्रे कोस्टा ने यह जानकारी दी। कोस्टा ने बताया कि हमला क्यों हुआ इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। लेकिन अधिकारी इस बात की जांच में जुटे हैं कि यह घटना कहीं ड्रग गैंग के आपसी टकराव का नतीजा तो नहीं है। अभी तक किसी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन कारों में सवार होकर हमलावर 12:30 बजे नाइटक्लब पहुंचे। भागने से पहले आधे घंटे तक उन्होंने भवन के सामने गोलियां चलाई। ब्राजील में आए दिन नरसंहार होते रहते हैं। अन्य देशों की तुलना में यहां इस तरह की घटनाएं ज्यादा होती हैं। हाल के वर्षो में देश के अन्य भागों के मुकाबले उत्तर पूर्वी क्षेत्र में नरसंहार की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

6-त्रिपुरा चुनावों के लिए भाजपा-कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की पहली सूची

नई दिल्ली। त्रिपुरा विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा और कांग्रेस ने शनिवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। साथ ही कांग्रेस ने मेघालय विधानसभा चुनावों के लिए भी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। दोनों ही राज्यों में विधानसभा की 60-60 सीटें हैं। त्रिपुरा विधानसभा चुनावों के लिए 44 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों को अंतिम रूप दिया है। समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित थे। भाजपा राज्य में 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि शेष नौ सीटें सहयोगी गठबंधन आइपीएफटी के लिए छोड़ी जाएंगी। भाजपा की प्रदेश महासचिव प्रतिमा भौमिक राज्य के मुख्यमंत्री माणिक सरकार के धानपुर से चुनाव लड़ेंगी। मालूम हो कि त्रिपुरा में पिछले 25 साल से वाम मोर्चे की सरकार है।

उधर, कांग्रेस ने त्रिपुरा के लिए 56 और मेघालय के लिए 57 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। त्रिपुरा में पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन का विकल्प खुला रखा है। वहीं, मेघालय में मुख्यमंत्री मुकुल संगमा दो सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि त्रिपुरा में 18 फरवरी को और उसके बाद नगालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। तीनों राज्यों में मतगणना 3 मार्च को होगी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

7-शिवसेना के बाद TDP ने भी दिखाए BJP को तेवर, गठबंधन तोड़ने के संकेत

अमरावती। शिवसेना के साथ जारी तनातनी के बीच तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने भी तेवर कड़े कर लिए हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि यदि भाजपा उनके साथ गठबंधन जारी नहीं रखना चाहती है तो उनकी पार्टी अपनी राह चलने के लिए तैयार है। हाल के दिनों में राज्य के भाजपा नेताओं ने तेदेपा सरकार की आलोचना की है। आलोचना के जवाब में मुख्यमंत्री ने पहली बार कहा है कि भाजपा के केंद्रीय नेताओं पर ही अपने नेताओं को नियंत्रण में रखने की जवाबदेही है। संवाददाताओं से बातचीत में तेदेपा प्रमुख नायडू ने कहा कि वह गठबंधन धर्म से बंधे हैं। तेदेपा नेताओं को बयानबाजी पर प्रतिक्रिया जाहिर करने से रोक रखा है। उन्होंने कहा, 'गठबंधन धर्म के कारण हम चुप हैं। यदि वे हमें नहीं चाहते तो हम नमस्कारम कह देंगे और अपनी राह पर निकल पड़ेंगे।'

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

8-रेलवे को बजट से ज्यादा उम्मीद नहीं, बीते बजट के आवंटन को पूरा खर्च करने की चुनौती

नई दिल्ली। इस बार बजट में रेलवे को उम्मीद से कम आवंटन हो सकता है। चालू वित्तीय वर्ष में रेलवे के खर्च का ग्राफ बहुत ऊंचा नहीं है। नए स्रोतों से आमदनी के प्रयास भी पूर्णतया फलीभूत नहीं हुए हैं। ऐसे में संरक्षा मद में आवंटन बढ़ने के अलावा रेलवे को बजट से ज्यादा उम्मीद नहीं है। इस बार बजट में बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लेकिन इसका ज्यादातर लाभ सड़क और बंदरगाह मंत्रालय को मिलेगा। जबकि रेलवे और विमानन क्षेत्रों को थोड़े से संतोष करना पड़ सकता है। इसका कारण इनका प्रदर्शन है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने पिछले महीने कहा था कि हाईवे और बंदरगाह क्षेत्र ने संतोषजनक प्रदर्शन किया है। परंतु रेलवे को स्टेशन विकास, ट्रेनों की गुणवत्ता और बुलेट ट्रेन परियोजना के मामले में अभी बहुत कुछ करना शेष है। पिछले बजट में रेलवे को 55 हजार करोड़ रुपये की सकल बजटीय सहायता के साथ कुल 1.30 लाख करोड़ रुपये की वार्षिक योजना प्राप्त हुई थी। एक लाख करोड़ रुपये के राष्ट्रीय संरक्षा कोष के गठन का एलान भी किया गया था। इसी के साथ रेलवे को चार प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान देने को कहा गया था। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

9-बजट 2018: देश के टैक्सपेयर को जेटली के बजट से हैं ये उम्मीदें

नई दिल्ली । आम बजट 2018-19 में टैक्स दरों में बड़ी रियायत की अपेक्षा की जा सकती है। साथ ही यह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का आखिरी पूर्णकालिक बजट है। वित्त मंत्रालय निजी कर छूट की सीमा को बढ़ाने और टैक्स स्लैब में बदलाव करने पर चिंतन कर रहा है। यह जानकारी सूत्रों से मिली है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय के पास जो प्रस्ताव भेजा गया है उसमें मौजूदा 2.5 लाख रुपये के कर छूट दायरे को पांच लाख न सही पर कम से कम 3 तीन लाख रुपये सालाना करने की मांग की गई है। इसके अलावा खुदरा महंगाई के असर को कम करने के लिए सरकार मिडल इनकम ग्रुप खासकर नौकरी पेशा को ध्यान में रखकर टैक्स स्लैब में बारे में विचार कर रहा है। आम बजट 2017 में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने टैक्स स्लैब में कोई परिवर्तन नहीं किया था। लेकिन छोटे करदाताओं को मामूली राहत देते हुए 2.5 लाख से पांच लाख तक की सालाना आय वाले इंडिविजुअल के लिए कर दरें 10 फीसद से घटाकर पांच फीसद कर दी थी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 

10-IPL नीलामी का दूसरा दिन: पहले दिन सबसे महंगे बिके बेन स्टोक्स, मनीष और लोकेश 

नई दिल्ली। आइपीएल सीजन 11 के लिए बेंगलुरु में आइपीएल नीलामी का अाज दूसरा दिन है। इस इस नीलामी में 360 भारतीयों सहित 578 खिलाड़ियों के लिए बोली लग रही है। नीलामी के पहले दिन बेन स्टोक्स सबसे महंगे रहे और उन पर 12 करोड़ 50 लाख की बोली लगी। भारतीय खिलाड़ियों की तरफ से मनीष पांडे और लोकेश राहुल सबसे महंगे रहे और उन्हें 11-11 करोड़ में फ्रेंचाइजी ने खरीदा। कृणाल पांड्या को आरटीएम का इस्तेमाल कर मुंबई ने 8 करोड़ 80 लाख देकर अपनी टीम मेें बनाए रखा। राशिद खान 9 करोड़, मिचेल स्टार्क 9 करोड़ 40 लाख, मैक्सवेल 9 करोड़, संजू सैमसन 8 करोड़, दिनेश कार्तिक 7.40 करोड़ में बिके। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जोफ्रा आर्चर का रहा जो 7 करोड़ 20 लाख में बिके। भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ 1 करोड़ 20 लाख तो तेज गेंदबाज नागरकोटि 3 करोड़ 20 लाख में बिके। अनकैप्ट्ड विकेटकीपर ईशान किशन को मुंबई ने 6 करोड़ 20 लाख में खरीदा। एक नजर- किस टीम में आए कौन-कौन खिलाड़ी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें