Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

यहां पर दस बड़ी खबरें दी गई हैं, आज जिन पर हमारी नजर बनी हुई है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Updated: Sun, 25 Mar 2018 08:50 AM (IST)
Hero Image
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

1- ताजा खबरः सपा-बसपा गठबंधन की वजह से हारे यूपी में लोकसभा उपचुनाव : अमित शाह

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को स्वीकार किया कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा उपचुनावों में सपा और बसपा के बीच अंतिम समय में हुए गठबंधन की वजह से उनकी पार्टी की हार हुई है। हार के कारणों का विश्लेषण करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। एक न्यूज चैनल के साथ साक्षात्कार में जब अमित शाह से पूछा गया कि 2019 में सपा-बसपा के संभावित गठजोड़ से क्या भाजपा का चुनावी गणित गड़बड़ा सकता है? इस पर उन्होंने कहा कि यह बहुत आसान नहीं है। पार्टी अगले लोकसभा चुनावों में 50 फीसद मत हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

2-आज देश से अपने 'मन की बात' करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अाज सुबह 11 बजे अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए देश को संबोधित करेंगे। ये मन की बात का 42वां संस्करण होगा। गौरतलब है कि पीएम मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को मन की बात करते हैं। इसका प्रसारण रेडियो के अलावा दूरदर्शन, नरेंद्र मोदी एप पर होता है। इसके अलावा फोन पर मिसकॉल के जरिए इस सुविधा को अपने मोबाइल पर उपलब्ध कराया जा सकता है। पिछले माह की मन की बात में मोदी ने वैज्ञानिकों के योगदान पर बात की थी। इसके अलावा वह कई बार बच्चों को भी सलाह देते हैं।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

3-जन्मोत्सव पर 'रामलला' को मिलेगी नई पोशाक, 7 अलग-अलग रंग के होंगे वस्त्र

अयोध्या। जन्मोत्सव पर रामलला नई पोशाक में दिखेंगे। विधिक अड़चनों के चलते रामलला को यूं तो मुफलिसी में दिन गुजारने पड़ते हैं पर चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी को उनके जन्मोत्सव का मौका अपवाद होता है। रामलला को इस अवसर पर जन्मोत्सव के साथ पूरे साल के लिए सात पोशाक मिलती है। हालांकि पूरे साल के हिसाब से निर्धारित सात पोशाक सीमित साबित होती है। सप्ताह के प्रत्येक दिन रामलला को अलग-अलग रंग की पोशाक धारण कराई जाती है। रविवार को गुलाबी, सोमवार को श्वेत, मंगलवार को लाल, बुधवार को हरा, गुरुवार को पीला, शुक्रवार को क्रीम तथा शनिवार को नीले रंग की पोशाक धारण कराए जाने की परंपरा है। इस परंपरा का पालन गर्भगृह में स्थापित रामलला के साथ भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न के विग्रहों की पोशाक में होता है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

4-अमेरिका में कड़े बंदूक नियंत्रण कानून की मांग को लेकर प्रदर्शन, हजारों लोग शामिल

वॉशिंगटन। अमेरिका में कड़े बंदूक नियंत्रण कानून की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे।शनिवार को हुई रैली में भाग लेने के लिए देशभर से हजारों लोग पहुंचे। रैली का नेतृत्व पिछले महीने फ्लोरिडा स्कूल नरसंहार में जीवित बचे छात्रों ने किया। इस नरसंहार के बाद से लोगों का गुस्सा चरम पर है। पार्कलैंड, फ्लोरिडा हाई स्कूल में 14 फरवरी को हुई गोलीबारी में 17 लोग मारे गए थे। इसी स्कूल के छात्र ने वॉशिंगटन में भी बड़ी रैली को संबोधित किया। आयोजकों के मुताबिक इस रैली में कम से कम 500,000 लोग शामिल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कैपिटोल के समीप प्रदर्शन किया और अमेरिकी कांग्रेस से बंदूक से हो रही हिंसा से लड़ने का आह्वान भी किया।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

5-सजा सुनने के बाद 20 मिनट में 10 गिलास पानी पी गए लालू प्रसाद यादव

रांची। राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस (रिम्स) में लालू प्रसाद यादव के लिए शनिवार का दिन कठिन रहा। सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद लालू का ब्लड प्रेशर 124/85 से बढ़कर अचानक 140/90 पहुंच गया। लालू प्रसाद के चेहरे पर पसीने आने लगे। उनका मुंह भी सूखने लगा। 20 मिनट में लालू 10 गिलास से अधिक पानी पी गए। चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ तौर से देखने को मिलीं। 14 साल की सजा के बारे में उन्हें जानकारी दोपहर करीब 1.40 बजे मिली। लालू उस समय आराम कर रहे थे। विधायक भोला यादव ने इसकी जानकारी उन्हें दी। लालू को पहले तो भरोसा ही नहीं हुआ। भोला प्रसाद से विस्तृत जानकारी ली।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

6-समाजसेवी अन्ना हजारे का आंदोलन इस बार नहीं दिख रहा असरदार

नई दिल्ली। सशक्त लोकपाल, चुनाव सुधार प्रक्रिया और किसानों की मांगों को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में शुक्रवार से शुरू हुआ समाजसेवी अन्ना हजारे का जन आंदोलन फीका पड़ता नजर आ रहा है। भले ही आंदोलन में शामिल होने वाले लोग उत्साह से लबरेज हैं, लेकिन वर्ष 2011 की तरह इस बार ज्यादा भीड़ नहीं जुट पा रही है। बता दें कि अन्ना उक्त मांगों को लेकर यहां अनशन पर बैठे हैं। शनिवार को रामलीला मैदान में बने मंच से किसान नेताओं ने भी लोगों को संबोधित किया और केंद्र सरकार की किसान नीतियों पर सवाल खड़े किए। वहीं, अन्ना ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान व पंजाब सरकार लोगों को दिल्ली आने नहीं दे रही है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

7-जल्द खत्म किये जाएंगे पुराने पड़ चुके बचे खुचे कानून, प्रस्ताव कैबिनेट में आने की उम्मीद

 नई दिल्ली। पुराने और अप्रासंगिक हो चुके कानूनों को समाप्त करने की मुहिम में सरकार अब अपने आखिरी दौर में पहुंच गई है। ऐसे कानूनों में अब बचे रह गए 167 कानूनों को समाप्त करने की प्रक्रिया सरकार ने शुरू कर दी है और इस कड़ी में जल्दी ही कुछ कानूनों को खत्म करने का एक प्रस्ताव कैबिनेट में आने की उम्मीद है। इनमें 1850 में बने कानून से लेकर 2012 में बने कई कानून शामिल हैं। केंद्रीय कानून मंत्रालय ने अप्रासंगिक और बेकार हो चुके ऐसे करीब 30 कानूनों की सूची तैयार की है जिन्हें अगले दौर में समाप्त किया जाना है। सूत्रों के मुताबिक जल्दी ही इन कानूनों को समाप्त करने का प्रस्ताव कैबिनेट में कानून मंत्रालय पेश करेगा।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

8-बुलेट प्रूफ जैकेट में अमरनाथ जाएंगे गुजरात के श्रद्धालु, कांग्रेस ने की फैसले की निंदा

गांधीनगर। गुजरात से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को आतंकी हमले से बचने के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर जाना होगा। परिवहन विभाग ने एक परिपत्र जारी कर यात्रा संचालक को जैकेट की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। कांग्रेस ने इसे आतंकियों के समक्ष सरेंडर करने जैसा बताया है। गुजरात के परिवहन विभाग ने एक परिपत्र जारी कर जम्मू-कश्मीर व अमरनाथ यात्रा कराने वाले टूर ऑपरेटरों को यात्रियों के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट का इंतजाम करने का आदेश दिया है। कांग्रेस ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछले साल अमरनाथ यात्रियों पर हुए हमले के बाद आतंकियों को सबक सिखाने के बदले सरकार यात्रियों को ही बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने को कह रही है।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

9-एयर इंडिया विनिवेश की प्रक्रिया अगले 15 दिनों में होगी शुरू

नई दिल्ली। एयर इंडिया के विनिवेश की गाड़ी जल्द ही आगे बढ़ने की संभावना है। अगले पंद्रह दिनों में सरकार संभावित खरीदारों से निविदाएं आमंत्रित कर सकती है। एयर इंडिया को खरीदने के लिए केवल गंभीर कंपनियां आगे आएं, इसके लिए सरकार ने न्यूनतम नेटवर्थ की सीमा को 1000 करोड़ से बढ़ाकर 5000 करोड़ रुपये कर दिया है। सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया के विनिवेश के लिए गठित मंत्रिसमूह की दो दिन पहले हुई बैठक में 15 दिनों के भीतर निविदाएं आमंत्रित करने के बारे में सहमति बन गई है। हालांकि अभी तारीख का फैसला नहीं हुआ है। पहले चरण में मूल एयर इंडिया के साथ इसके पूर्ण स्वामित्व वाली एयर इंडिया चार्टर और किफायती सर्विस कैरियर एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी इकाइयों को बिक्री के लिए पेश किया जाएगा।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

10- 'IPL में अच्छे प्रदर्शन के जरिए भारतीय टीम में जगह बनाने की कोशिश करेंगे अश्विन'

कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑफ स्पिनर आर अश्विन आइपीएल में अच्छे प्रदर्शन के दल पर वनडे और टी 20 टीम में जगह बनाने की कोशिश करेंगे। ये बात भारतीय टीम के लिए खेल चुके सीनियर बल्लेबाज एस. बद्रीनाथ ने कही। इस बार पंजाब ने अश्विन को 7.60 करोड़ में खरीदा है साथ ही उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी।भारतीय वनडे और टी 20 टीम से बाहर चल रहे अश्विन को इस बार आइपीएल में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।अश्विन ने आइपीएल में अब तक 111 मैचों में 100 विकेट लिए हैं और उनका इकानॉमी रेट 6.55 का रहा है। अश्विन की टीम में इस बार एरोन फिंच, डेविड मिलर, क्रिस गेल, लोकेश राहुल और युवराज सिंह जैसे दमदार बल्लेबाज मौजूद हैं।

 पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें