Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बड़ी साजिश नाकाम, स्वतंत्रता दिवस पर ULFA-I की असम को दहलाने की थी कोशिश; पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 15 को दबोचा

असम में प्रतिबंधित संगठन उल्फा-आई ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य को दहलाने के लिए बम लगाने का दावा किया था। बम की खबर मिलने के बाद राज्य में हड़कंप मच गया था। असम पुलिस ने अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। तीन महिलाओं समेत 15 लोगों पर शिकंजा कसा गया।

By Agency Edited By: Shubhrangi Goyal Updated: Sun, 22 Sep 2024 07:26 PM (IST)
Hero Image
स्वतंत्रता दिवस पर ULFA-I की असम को दहलाने की थी साजिश

पीटीआई, गुवाहाटी: असम में प्रतिबंधित संगठन उल्फा-आई ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य को दहलाने के लिए बम लगाने का दावा किया था। बम की खबर मिलने के बाद राज्य में हड़कंप मच गया था। असम पुलिस ने अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।

असम पुलिस के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रणबज्योति गोस्वामी ने बताया कि असम पुलिस ने एनआईए की तकनीकी सहायता से राज्य के विभिन्न हिस्सों में अभियान चलाया। उन्होंने आगे कहा कि इस संयुक्त छापेमारी से बड़ी कामयाबी हाथ लगी और शनिवार रात को तीन महिलाओं समेत 15 लोगों पर शिकंजा कसा गया।

पूछताछ के बाद सामने आए कई तथ्य

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आइईडी जैसी सामग्री लगाए जाने की जांच में इसे एक बड़ी सफलता करार देते हुए असम पुलिस ने कहा कि एनआईए के साथ समन्वय में लंबे समय तक खुफिया जानकारी जुटाने के बाद छापे मारे गए। पुलिस ने आगे कहा कि पकड़े गए व्यक्तियों से प्रारंभिक पूछताछ के बाद अपराध सिद्ध करने वाले तथ्य सामने आए हैं।

पुलिस ने रखा 5 लाख का इनाम

लंबी पूछताछ के बाद साजिश के बारे में और अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है। गोस्वामी ने कहा कि डिब्रूगढ़ और लखीमपुर जिलों से तीन-तीन, जोरहाट और गुवाहाटी से दो-दो और तिनसुकिया, सादिया, नगांव, नलबाड़ी और तामुलपुर से एक-एक व्यक्ति गिरफ्तार किया गया। वहीं, पुलिस ने मामले में शामिल लोगों की पहचान करने वाली विश्वसनीय जानकारी के लिए पांच लाख रुपये तक के नकद इनाम की घोषणा की थी।