Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सऊदी अरब व UAE से भी मदद की गुजारिश, 48 घंटों में मदद का अमेरिका ने दिया आश्वासन

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने भारतीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से फोन पर बात की और संकट की इस घड़ी में मदद का आश्वासन दिया। इस क्रम में सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात से भी डोभाल ने मदद की अपील की है।

By Monika MinalEdited By: Updated: Mon, 26 Apr 2021 01:02 PM (IST)
Hero Image
48 घंटों में मदद का अमेरिका ने दिया आश्वासन

 नई दिल्ली, एएनआइ। अगले 48 घंटों में भारत को अमेरिका से मदद मिल जाएगी। दरअसल, अमेरिका से वैक्सीन के लिए माल, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, वेंटिलेटर, पीपीई किट की डिलीवरी की जा रही है। इसका आश्वासन देश के सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन (NSA Jake Sullivan) ने दिया है। फोन पर उन्होंने अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल (Ajit Doval) से रविवार को 45 मिनट तक बात की। 

NSA डोभाल ने सऊदी अरब ( Saudi Arabia) और UAE के अपने समकक्षों से भी बात की। अन्य मेडिकल उपकरणों के साथ ऑक्सीजन सप्लाई की भी दरख्वास्त की। एएनआइ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि  UAE और सऊदी अरब ने भारत को मदद का आश्वासन दिया। विदेश मंत्री एस जयशंकर विभिन्न देशों से दवाईयों, ऑक्सीजन व टैंकरों की सप्लाई के लिए विभिन्न देशों से बात कर रहे हैं। देश में कोरोना से संघर्ष जारी है। कोविड-19 संक्रमित मामलों में तेजी के कारण देश में हाहाकार है। अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन व दवाइयों की किल्लत है। इस क्रम में दूसरे देशों ने मदद की पेशकश की है। सूत्रों ने बताया कि NSA डोभाल ने सुलिवन से वार्ता के दौरान भारत की जरूरतों का जिक्र किया। रेमडेसिविर की सप्लाई से लेकर सीरम इंस्टीट्यूट के लिए कच्ची सामग्री तक के लिए अमेरिका से आग्रह किया गया है। 

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन (US President Joe Biden) ने भी आज ट्वीट किया, 'जैसे महामारी की शुरुआत में जूझ रहे हमारे देश को भारत ने सहायता भेजी थी हम भी उसकी जरूरतों के समय मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं।' पिछले साल भारत से 50 मिलियन हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन टैबलेट (hydroxychloroquine tablets) अमेरिका को भेजा गया था। 

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के चपेट में 3,52,991 लोगों के मामले दर्ज किए गए वहीं अब तक 2812 लोगों की जान चली गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,73,13,163 हो गया है और अब तक हुए मौतों का आंकड़ा 1,95,123 है।