Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

उज्जैन के अलावा अब देश के पांच और स्थानों पर खुलेंगे वेद विद्या प्रतिष्ठान: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

Dharmendra Pradhan on Ved Vidya Pratishthan वेद विद्या को बढ़ावा देने में जुटी केंद्र सरकार ने अब उज्जैन के साथ ही देश के पांच और स्थानों पर वेद विद्या प्रतिष्ठान के केंद्र खोलने का फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को राज्यसभा में वेद विद्या को बढ़ावा देने को लेकर पूछे गए सवाल पर यह जानकारी दी।

By Jagran NewsEdited By: Mohd FaisalUpdated: Wed, 02 Aug 2023 09:51 PM (IST)
Hero Image
उज्जैन के अलावा अब देश के पांच और स्थानों पर खुलेंगे वेद विद्या प्रतिष्ठान: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वेद विद्या को बढ़ावा देने में जुटी केंद्र सरकार ने अब उज्जैन के साथ ही देश के पांच और स्थानों पर वेद विद्या प्रतिष्ठान के केंद्र खोलने का फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को राज्यसभा में वेद विद्या को बढ़ावा देने को लेकर पूछे गए सवाल पर यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वेद विद्या के यह नए केंद्र चारों धाम के साथ पूर्वोत्तर में मां कामाख्या देवी पीठ में खोला जाएगा। मौजूदा समय में यह केंद्र सिर्फ उज्जैन में है। जिसका नाम सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि देश भर में वेद पाठशाला भी संचालित की जा रही है। इन्हें केंद्र मदद भी देता है।

देश में संचालित है 123 से ज्यादा वेद पाठशाला

मौजूदा समय में देश में 123 से ज्यादा वेद पाठशाला संचालित है। जिसमें 250 गुरुओं द्वारा 2240 शिष्यों को शिक्षा देने की व्यवस्था है। प्रधान ने बताया कि सबसे ज्यादा वेद पाठशाला उत्तर प्रदेश में है। जहां 63 गुरूओं द्वारा 560 शिष्यों को शिक्षा देने की व्यवस्था है।

भाषा पर सवाल खड़ा करने पर प्रधान ने दिया दो टूक जवाब

इस दौरान किसी सदस्य ने भाषा को लेकर सवाल खड़ा किया तो प्रधान ने उसे दो टूक जवाब किया और कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने कई मौकों पर यह बात कहीं है कि तमिल देश की सबसे प्राचीन भाषा है। हमने काशी-तमिल संगम जैसा आयोजन भी किया। ऐसे में भाषा पर सवाल खड़ा करना ठीक नहीं है। हम सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान करते है।

राज्यसभा में सभी सदस्यों को शिक्षा मंत्रालय भेंट करेगा वेद

सभापति की पहल के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान ने राज्यसभा के सभी सदस्यों को वेद मुहैया कराने का ऐलान किया है। दरअसल, प्रधान ने यह ऐलान तब किया जब सभापति ने मंत्रालय की ओर से वेद को बढ़ावा देने के लिए उठाए जाने वाले कदमों को सराहा और कहा कि मेरा सुझाव है कि मंत्रालय सभी सदस्यों को वेद की एक-एक प्रति मुहैया कराए। जिन्हें प्रधान ने न सिर्फ सहर्ष स्वीकार किया बल्कि कहा कि वह जितनी जल्दी संभव होगा इस निर्देश को पूरा करेंगे।