Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गणेश विसर्जन के दौरान इन राज्यों में बवाल, कहीं हुआ पथराव तो कहीं चले चाकू

जहां एक ओर देशभर में धूमधाम से लोग गणेश विसर्जन के लिए झांकियां लेकर निकल रहे हैं तो वहीं इन सबके बीच हिंसक घटनाएं भी सामने आ रही हैं। महाराष्ट्र के ठाणे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पथराव के बाद दो गुटों में संघर्ष हो गया। वहीं कर्नाटक के बेलगावी में दो गुटों में छूरेबाजी हुई। इधर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में भी विसर्जन झांकी पर पथराव किया गया।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Wed, 18 Sep 2024 10:25 PM (IST)
Hero Image
कई जगहों से विसर्जन के दौरान हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। (File Image)

पीटीआई, ठाणे। गणेश प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर महाराष्ट्र और कर्नाटक में पत्थरबाजी और चाकूबाजी की घटनाएं हुई हैं। महाराष्ट्र के ठाणे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पथराव के बाद दो गुटों में संघर्ष हो गया। वहीं कर्नाटक के बेलगावी में दो गुटों में छूरेबाजी हुई, जिसमें तीन लोग घायल हुए और तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

महाराष्ट्र के ठाणे के भिवाणी में बुधवार को गणेश प्रतिमा के विसर्जन के इंतजार में खड़े लोगों पर कुछ लोगों के पथराव करने के दौरान तनाव बढ़ गया और दो समुदायों में संघर्ष हो गया। इसके बाद पुलिस को आकर बीचबचाव करना पड़ा। पुलिस कमिश्नर ध्यानेश्वर चव्हाण ने बताया कि भिवाणी क्षेत्र के बंजरपट्टी नाका पर बड़ी तादाद में लोग जमा हो गए थे। वीडियो में वहां दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी होते देखा जा सकता है।

कर्नाटक में भी बवाल

दो गुटों के लोग अपनी-अपनी प्रतिमा का पहले विसर्जन करवाना चाहते थे, इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ, जिसके ज्यादा बढ़ने पर बीच-बचाव करके पुलिस ने मामले को शांत करवाया। इसी तरह, कर्नाटक के बेलगावी में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान नाच-गाने के बीच एक पुरानी दुश्मनी को लेकर दो गुटों के बीच छूरेबाजी की घटना हुई है। इस वारदात में तीन लोग घायल हुए और पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

छत्तीसगढ़ में गणेश विसर्जन झांकी पर पथराव

छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के आरा गांव में मंगलवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकी पर दूसरे संप्रदाय के कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें एक बालिका घायल हो गई। घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने रात में ही पथराव करने वाले चार आरोपितों हसीब, इमाम, इस्लाम व इस्तखार को गिरफ्तार कर लिया।

उधर, तनाव की स्थिति देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के मुताबिक झांकी के मुस्लिम बहुल मोहल्ले से गुजरते समय पत्थरबाजी की गई।