Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'अगर भ्रष्टाचार किया है तो ED मारेगी छापा', राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का पलटवार; वायनाड कनेक्शन भी बताया

राहुल गांधी के दावे पर सियासी बवाल भी शुरू हो गया है। शुक्रवार की सुबह राहुल गांधी ने ईडी की छापेमारी का दावा किया। उन्होंने सूत्रों के हवाले से बताया कि छापेमारी की तैयारी कर चल रही है। अब उनके दावे पर भाजपा ने पलटवार किया है। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि अगर राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार किया है तो ईडी छापा मारेगी।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Fri, 02 Aug 2024 05:33 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

एएनआई, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) उन पर छापेमारी की तैयारी कर रहा है। अब राहुल गांधी के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को कहा कि वह वायनाड से ध्यान भटकाना चाहते हैं। वायनाड में कांग्रेस की नीतियां और कार्यकर्ता विफल हो गए हैं और वे मुद्दे से ध्यान भटकाना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें: वायनाड में 100 से अधिक घर बनाएगी कांग्रेस, राहुल गांधी का एलान, कहा- इतनी बड़ी घटना नहीं देखी

भ्रष्टाचारियों पर छापा मारती है ED

निशिकांत दुबे ने कहा कि अगर राहुल गांधी ने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया है तो ईडी छापेमारी नहीं करेगी। ईडी भ्रष्टाचारियों पर छापे मारती है। अगर उन्होंने भ्रष्टाचार किया है तो ईडी छापे मारेगी। केरल में इंडी गठबंधन की सरकार है। वहां कांग्रेस के कार्यकर्ता और नीतियां फेल साबित हुई हैं। आज अगर केंद्र सरकार नहीं होती तो लोगों की जान नहीं बच पाती। वे (राहुल) वायनाड के मुद्दे से ध्यान भटकाना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने क्या किया दावा?

शुक्रवार सुबह राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) 29 जुलाई को संसद में उनके 'चक्रव्यूह' भाषण के बाद उन पर छापेमारी की योजना बना रहा है। बता दें कि 29 जुलाई को राहुल गांधी ने बजट सत्र के दौरान भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि देश के किसान, मजदूर और युवा डरे हैं। उन्होंने भाजपा पर 21वीं सदी में एक नया 'चक्रव्यूह' रचने का आरोप लगाया।

अनुराग ठाकुर ने दिया चक्रव्यूह का जवाब

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के महाभारत और चक्रव्यूह वाले बयान पर पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग 'एक्सीडेंटल हिंदू' हैं और महाभारत के बारे में उनका ज्ञान भी एक्सीडेंटल है। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के चक्रव्यूह वाले बयान पर हमला किया और कहा कि उन्होंने चक्रव्यूह का विषय उठाकर अच्छा किया क्योंकि इस देश ने कांग्रेस पार्टी के कई चक्रव्यूह देखे हैं।

जाहिर है, 2 इन 1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। ईडी के अंदरूनी सूत्र मुझे बता रहे हैं कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है। खुली बाहों से इंतजार कर रहा हूं। ईडी को चाय और बिस्किट मेरी तरफ से। राहुल गांधी, लोकसभा में नेता विपक्ष।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की जाति को लेकर भड़के गिरिराज सिंह, बोले- शर्मिंदा होकर ये दुनिया में भ्रम फैला रहे