Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather: बंगाल से उत्तराखंड तक लगातार बारिश का अलर्ट, यूपी में खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां; जानें ताजा हालात

बंगाल से लेकर बिहार झारखंड ओडिशा उत्तर प्रदेश हिमाचल और उत्तराखंड तक तीन दिनों से हो रही लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित है। उत्तर प्रदेश में शनिवार को मौसम बदला लेकिन गंगा यमुना राप्ती घाघरा सरयू नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को हिमाचल में में कुछ स्थानों पर वर्षा की चेतावनी दी है। बिहार में लगभग सभी जिलों में वर्षा हो रही है।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sun, 15 Sep 2024 07:41 AM (IST)
Hero Image
बंगाल से लेकर बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और उत्तराखंड तक लगातार बारिश

 जागरण टीम, नई दिल्ली। बंगाल से लेकर बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और उत्तराखंड तक तीन दिनों से हो रही लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित है। उत्तर प्रदेश में शनिवार को गंगा, यमुना, घाघरा व सरयू खतरे के निशान से ऊपर, जबकि हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान से महज 85 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।

उत्तरराखंड में भूस्खलन और मलबा से चारधाम यात्रा के मार्ग प्रभावित हैं। शनिवार को भूस्खलन के कारण उत्तरकाशी में यमुनोत्री राजमार्ग पांच स्थानों पर करीब 12 घंटे बंद रहा। गंगोत्री राजमार्ग सुबह दो घंटे बाधित रहा। बदरीनाथ राजमार्ग बाधित होने से करीब 2200 यात्रियों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा। पिथौरागढ़ में चीन सीमा से जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख मार्ग मलबा आने से अवरुद्ध है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड में अगले दो दिन वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन 17 सितंबर से फिर वर्षा का दौर शुरू होगा।

उप्र में लगातार बढ़ रहा नदियों का जलस्तर

उत्तर प्रदेश में शनिवार को मौसम बदला, लेकिन गंगा, यमुना, राप्ती, घाघरा, सरयू नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कानपुर देहात और फतेहपुर में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। फर्रुखाबाद और बदायूं में गंगा खतरे के निशान पर बह रही है। प्रयागराज में गंगा व यमुना खतरे के निशान की ओर बढ़ रही हैं। मुरादाबाद में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कोसी का पानी पहुंच गया है। बहराइच में घाघरा और अयोध्या में सरयू खतरे का निशान पार कर गई है। मुरादाबाद में भारी वर्षा से गन्ना और धान की करीब 50 प्रतिशत फसल के नुकसान की सूचना है।

हिमाचल में 41 सड़कों पर यातायात बंद

हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों शिंकुला, बारालाचा, रोहतांग व कुंजुम में शनिवार को हल्का हिमपात हुआ और अन्य स्थानों पर शुक्रवार देर रात से वर्षा जारी है। वर्षा के कारण प्रदेश में 41 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा की चेतावनी दी है।

बंगाल में बारिश का रेड अलर्ट

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे अवदाब के कारण बंगाल के विभिन्न हिस्सों और इससे सटे ओडिशा के जिलों में शुक्रवार शाम से ही रुक-रुक कर वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बंगाल के गांगेय क्षेत्र में तेज वर्षा का रेड अलर्ट और बाढ़ के खतरे की संभावना व्यक्त की है। मछुआरों को 16 सितंबर की सुबह तक समुद्र तटों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

झारखंड में लौटते मानसून की बढ़ी सक्रियता

झारखंड में लौटते मानसून की सक्रियता देखने को मिल रही है। शनिवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से लेकर भारी वर्षा हुई, जबकि अगले दो-तीन दिनों तक यही स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, धनबाद, पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज में भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट, जबकि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में लगभग सभी जिलों में वर्षा

बिहार में सभी जिलों में वर्षा का प्रभाव बना हुआ है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए पटना सहित रोहतास, कैमूर, जहानाबाद, नालंदा, मुंगेर व भागलपुर में भारी वर्षा, जबकि जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, अरवल व बांका के लिए अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। उधर, शनिवार को बक्सर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से एक मीटर नीचे रिकार्ड किया गया।

यह भी पढ़ें- UP Weather News: बारिश थमने के बाद नदियां उफान पर, खतरे के निशान के ऊपर गंगा-यमुना, घाघरा व सरयू का जलस्तर बढ़ा

मप्र में कुछ दिन रहेगी राहत

मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक मध्य प्रदेश में वर्षा से राहत का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, विभाग का मानना है कि रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में वर्षा जारी रह सकती है। छत्तीसगढ़ में सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- बिहार के 7 जिलों में होगी मूसलाधार बारिश, औरेंज अलर्ट जारी; लोगों से सावधान रहने की अपील