Move to Jagran APP

Heat Wave: उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी का कहर जारी, लू से बिहार में 57 और झारखंड में नौ की मौत; यूपी में बारिश के आसार

उत्तर भारत में गर्मी और लू का कहर जारी है। बिहार में गुरुवार को लू से 57 की जान चली गई। लू लगने से 250 से अधिक बीमार हो गए। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। झारखंड में भी लू लगने की अलग अलग घटनाओं में नौ की मौत हो गई। राजस्थान में भी तीन की मौत हुई है।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Fri, 31 May 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
लू से बिहार में 57 और झारखंड में नौ की मौत; यूपी में बारिश के आसार
जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत में गर्मी और लू का कहर जारी है। बिहार में गुरुवार को लू से 57 की जान चली गई। लू लगने से 250 से अधिक बीमार हो गए। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। झारखंड में भी लू लगने की अलग अलग घटनाओं में नौ की मौत हो गई। राजस्थान में भी तीन की मौत हुई है और पिछले सात दिनों में 61 की जान गई है।

सैकड़ों चमगादड़ों ने दम तोड़ा

वहीं, उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, झांसी और वाराणसी में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। वाराणसी में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 47.8 दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। ललितपुर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। यहां दो गांवों में प्रचंड गर्मी में सैकड़ों चमगादड़ों ने दम तोड़ दिया।

बिहार में 12 जिले लू की चपेट में हैं। 47.1 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों में छह शिक्षक बेहोश हो गए। भीषण गर्मी की वजह से औरंगाबाद में दस, आरा में नौ, रोहतास व जहानाबाद में आठ-आठ, कैमूर में छह, गया-बक्सर में तीन-तीन, छपरा, शेखपुरा व मुंगेर में दो-दो और बेगूसराय, जमुई, लखीसराय, पूर्वी चंपारण में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई।

अकेले औरंगाबाद जिले में सौ से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती

आरा जिले में मरने वालों में एक पीठासीन पदाधिकारी, दो जवान व दो मतदानकर्मी शामिल हैं। अकेले औरंगाबाद जिले में सौ से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। बिहार में बुधवार को भी गर्मी के कहर से एक दारोगा समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी। साथ ही राज्यभर में 337 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं की तबीयत बिगड़ गई थी। बता दें, बिहार के सरकारी स्कूल गुरुवार से बंद कर दिए गए हैं, लेकिन शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य है।

झारखंड के पलामू और गढ़वा में तापमान 48 डिग्री के पार चला गया है। पलामू, गिरिडीह तथा सरायकेला-खरसावां व रामगढ़ में अलग-अलग घटनाओं में नौ लोगों की लू लगने से मौत हो गई। सरायकेला में दो, आदित्यपुर में एक, गिरिडीह में दो, रामगढ़ में एक व्यक्ति की लू लगने से मौत हो गई। पलामू तीन की लू के कारण जान चली गई।

यूपी में दो के लू से मरने की आशंका

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन चंदौली में मालगाड़ी की गार्ड वैन में सतीश रंजन (35) व गाजीपुर में चुनाव ड्यूटी में तैनात बस्ती निवासी राकेश चन्द्र की मौत हो गई। चिकित्सकों ने लू से मौत की आशंका जताई है। वहीं, कानपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत कई जिलों में गुरुवार को बादलों की आवाजाही लगी रही। शाहजहांपुर में दोपहर में आंधी के बाद 15 मिनट वर्षा हुई तो पीलीभीत में भी कुछ देर बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक एक और दो जून को भी प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

राजस्थान हाई कोर्ट ने कहा- लू हुई मौतों के आश्रितों को मुआवजा दें

राजस्थान हाई कोर्ट ने राज्य में लू से हो रही मौतों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए केंद्र व राज्य सरकार को मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा, देशभर में भीषण गर्मी और लू से सैंकड़ों की मौत हो चुकी है, लेकिन सरकारें इस ओर ध्यान नहीं दे रही हैं। अब समय आ गया है जब लू और शीतलहर को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर इनसे निपटने के लिए अग्रिम तैयारी की जाए।

कोर्ट ने केंद्र व राज्य सरकार को लू को लेकर विशेष सलाह जारी करने के लिए भी कहा है। कोर्ट ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक स्थानों सहित सड़क पर पानी और छाया की व्यवस्था करे। साथ ही दोपहर 12 से तीन बजे तक मजदूरी करने वाले लोगों को रोका जाए।