Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Today: उत्तर भारत में कोहरे का कोहराम, यूपी में शीतलहर की चेतावनी; वंदे भारत समेत 150 ट्रेन 20 घंटे लेट, कई फलाइट्स डायवर्ट

Weather Today Update वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी वीआइपी ट्रेन भी 20 घंटे से भी अधिक की देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों में ज्यादा दिखेगा। कोहरे के चलते वंदे भारत राजधानी शताब्दी हमसफर सहित लगभग 150 ट्रेनें घंटों विलंब से दिल्ली पहुंचीं। इससे यात्रियों को खासी परेशानी हुई।

By Jagran News Edited By: Narender Sanwariya Updated: Sat, 30 Dec 2023 06:43 AM (IST)
Hero Image
कोहरे के चलते वंदे भारत, राजधानी, शताब्दी, हमसफर सहित लगभग 150 ट्रेनें घंटों विलंब से दिल्ली पहुंचीं।

जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत में घने कोहरे से दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है। कोहरे के चलते शुक्रवार को भी उड़ानें और ट्रेन संचालन बाधित रहा। वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी वीआइपी ट्रेन भी 20 घंटे से भी अधिक की देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों में ज्यादा दिखेगा। इस वजह से तापमान में गिरावट होगी और पांच से 11 जनवरी के बीच दिल्ली के कई इलाकों में शीत लहर चल सकती है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में, नए वर्ष का आगाज कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच होगा।

वंदे भारत समेत 150 ट्रेन 20 घंटे लेट

कोहरे के चलते वंदे भारत, राजधानी, शताब्दी, हमसफर सहित लगभग 150 ट्रेनें घंटों विलंब से दिल्ली पहुंचीं। कई ट्रेनें 10 से 20 घंटे की देरी से पहुंचीं। इस कारण इनके प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा। वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस (22436) गुरुवार को 20:31 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची। शुक्रवार को यह निरस्त कर दी गई थी। भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से 17:20 घंटे की देरी से रवाना हुई। लखनऊ -नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस शुक्रवार को सही समय पर रवाना हुई, लेकिन नई दिल्ली पहुंचने तक 1:26 घंटे लेट हो गई।

ज्यादा खराब स्थिति दिल्ली से आने-जाने वाली ट्रेन

गुरुवार को लखनऊ नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस रात 11:38 बजे रवाना हुई। इस कारण शुक्रवार की दोनों दिशाओं की शताब्दी एक्सप्रेस निरस्त हो गई। बिहार में पटना सहित 13 जिलों में घने कोहरे और 18 जिलों में मध्यम दर्जे के कोहरे की चेतावनी है। पटना में राजधानी एक्सप्रेस 11 घंटे और संपूर्ण क्रांति 15 घंटे देर से पहुंची। यहां सबसे ज्यादा खराब स्थिति दिल्ली से आने एवं जाने वाली ट्रेनों की है। शुक्रवार को दृश्यता बाधित होने के कारण शहर में कई ट्रेनें देरी से चलीं। एएनआई से बात करते हुए एक यात्री दीप्ति ने कहा कि सभी ट्रेनें देरी से चल रही हैं। स्टेशन पर बहुत भीड़ है और बाहर भारी ट्रैफिक जाम है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर घना कोहरा

दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट के पास सुबह में साढ़े तीन घंटे घना कोहरा रहा। इस दौरान दृश्यता 150 मीटर रही। इससे उड़ानें प्रभावित हुईं। पश्चिमी विक्षोभ को कारण सुबह में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट होने से ठंड बढ़ गई है। इस वजह से शुक्रवार का दिन इस सीजन में सबसे ठंडा दिन रहा।

उत्तर प्रदेश में बढ़ रही गलन

उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में कोहरा पसरा रहा। गलन भी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक धूप निकलने के आसार कम हैं। 50 से अधिक जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। नए साल में तापमान और गिरेगा। दो जनवरी के बाद हल्की धूप हो सकती है, मगर सर्दी में कमी नहीं आएगी।

पहाड़ी राज्यों का हाल

कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से कई डिग्री नीचे गिर गया है। घने कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। दृश्यता भी कम हुई है। नई दिल्ली से वंदे भारत ट्रेन दो घंटे की देरी से जम्मू पहुंची। यह जम्मू से दिल्ली के लिए दो घंटे की देरी से रवाना भी हुई। राजधानी 11 घंटे और हमसफर एक्सप्रेस 19 घंटे देरी से जम्मू पहुंचीं। हमसफर को 22 घंटे की देरी से रवाना किया गया। इन ट्रेनों समेत करीब एक दर्जन रेलगाडि़यां कई घंटों की देरी से जम्मू पहुंचीं। इन्हें देरी से रवाना भी किया जा सका।

श्रीनगर में बिगड़ रहा मौसम

शुक्रवार को पांच विमान जम्मू एयरपोर्ट पर नहीं पहुंच सके। श्रीनगर -3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गुलमर्ग से ज्यादा ठंडा रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -2.5 डिग्री सेल्सियस रहा। डल झील समेत घाटी के अधिकतर जलस्त्रोत आंशिक तौर पर जम गए हैं। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 30 व 31 दिसंबर को पश्चिमी विक्षेभ के सक्रिय होने से प्रदेश के ऊंचे व मध्य क्षेत्रों में हिमपात और वर्षा की संभावना है। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब में भी कोहरा और कड़ाके की ठंड जारी है। कई जिलों में शुक्रवार को भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते दृश्यता प्रभावित हुई। कई जिलों में तो दोपहर दो बजे तक धूप नहीं निकली।

यह भी पढ़ें- डीएम के टेस्ट में फेल हो गई एंबुलेंस… 11 मिनट हुई लेट, नाराज हुए जिलाधिकारी ने कर दी ये कार्रवाई; बन गया माहौल

यह भी पढ़ें- Train Delay: कोहरे और धुंध से रुके रेलों के चक्के, डेढ़ सौ ट्रेनें प्रभावित; 20 घंटे की देरी से पहुंच रही वंदे भारत