Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Update: मौसम ने बदली करवट, दिल्ली-UP और उत्तराखंड में तेज बारिश के बाद फिर बढ़ी ठंड; IMD का इन राज्यों के लिए अलर्ट

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक तरफ जहां दिसंबर और जनवरी में हिमपात नहीं हुआ। वहीं अब पहाड़ी राज्यों में कई दिन से लगातार हिमपात के साथ वर्षा भी हो रही है। इसी का असर है कि रविवार रात को दिल्ली-एनसीआर के साथ आसपास के राज्यों में भी हल्की वर्षा हुई है। बारिश के बाद ठंड फिर से बढ़ गई है।

By Jagran News Edited By: Sonu Gupta Updated: Sun, 03 Mar 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
पहाड़ों पर हिमपात और मैदान में बारिश से फिर बढ़ी ठंड। (फोटो एएनआई)

जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रविवार रात दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में जमकर बारिश हुई। तेज बारिश होने से ठंड बढ़ गई।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, रविवार देर रात को दिल्ली-यूपी और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।

कई राज्यों में बढ़ी ठंड

उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी और वर्षा के चलते ठंड बढ़ गई है। हिमाचल में भी अधिकतर स्थानों पर वर्षा व हिमपात हुआ। वहीं, मनाली के पास हिमस्खलन होने से पांच वाहन इसकी चपेट में आ गए। जम्मू-कश्मीर में शनिवार को दूसरे दिन मौसम के मिजाज और तीखे हो गए। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में दो से तीन फीट ताजा बर्फ जमा हो गई है। जम्मू व श्रीनगर सहित निचले क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा व कुछ जगह ओलावृष्टि से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

आज भी छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार, आज रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और पर्वतीय इलाकों में हिमपात के साथ मैदानी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दिल्ली में शनिवार सुबह का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इस वजह से सुबह के वक्त मौसम गर्माहट भरा रहा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में हल्की वर्षा हुई और तेज हवा भी चली।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।

उप्र से लेकर पंजाब-हरियाणा तक हुई वर्षा, फसलों को नुकसान

उत्तर प्रदेश में कई दिनों से लगातार तेज धूप से गर्माते दिन में अचानक मौसम के बदलाव के बाद बादल और बारिश ने हल्की ठंडक घोल दी है। शुक्रवार देर शाम से कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया, जो सुबह तो कहीं दोपहर तक जारी रहा। कुछ जगहों पर फसलों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पंजाब के जालंधर, बठिंडा, फाजिल्का, बरनाला सहित कई जिलों में शनिवार को तेज वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई। वर्षा के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

आज भी कई राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, तीन मार्च को भी राज्य के कई जिलों में तेज वर्षा होने की संभावना है। वर्षा से पककर तैयार सरसों की फसल के साथ गेहूं और सब्जियों की फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं, हरियाणा में भी वर्षा-ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है। हरियाणा में हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक में वर्षा के साथ ओले भी गिरे।

पहाड़ों में जारी है हिमपात

उत्तराखंड में बर्फबारी व वर्षा से ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार रात से ही चार धाम, हेमकुंड समेत हिमालय की चोटियों पर बर्फबारी जारी है। केदारनाथ धाम में ढाई फीट ताजी बर्फ जम गई है। शनिवार सुबह से बर्फबारी का क्रम बना हुआ है, जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा हो रही है।

हिमाचल में कई स्थानों पर हुई बारिश

हिमाचल में शनिवार को अधिकतर स्थानों पर वर्षा व हिमपात हुआ। पर्यटन नगरी मनाली में हिमस्खलन होने से सड़क किनारे खड़े पांच वाहन चपेट में आए। केलंग के समीप बिलिंग नाले में भी हिमस्खलन हुआ है। चंबा जिले के भरमौर में हिमपात के कारण एक मकान गिर गया। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। हिमपात के कारण अटल टनल और सोलंगनाला पर्यटन स्थल बंद। लाहुल-स्पीति जिले में दो फीट और मनाली में एक फीट हिमपात हुआ है।

जम्मू-कश्मीर में हिमपात का दौर जारी

जम्मू-कश्मीर में शनिवार को भी हिमपात का दौर जारी रहा। गुलमर्ग समेत उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में दो से तीन फीट ताजा बर्फ जमा हो गई है। वहीं, जम्मू व श्रीनगर सहित निचले क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा व कुछ जगह ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित रहा। कटड़ा में माता वैष्णो देवी के लिए चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा बाधित रही। ताजा वर्षा व बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

यह भी पढ़ेंः Lok Sabha Elections 2024: भाजपा ने जारी की 195 उम्मीदवारों की पहली सूची, इन दिग्गजों को यहां से मिला मौका

राजस्थान में बारिश के कारण फसल खराब हुई

राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि का शुक्रवार को शुरू हुआ दौर शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस बीच प्रदेश के आमेट में बारिश और तेज हवाओं के बीच बिजली की हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिरने से एक महिला और एक युवक की मौत हो गई। ओले गिरने और बारिश के कारण प्रदेश में सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि में तैयार की गई सरसों, गेहूं और चने की फसल को नुकसान हुआ है। 

यह भी पढ़ेंः Lok Sabha Elections 2024: आसनसोल से चुनाव लड़ेंगे भोजपुरी गायक पवन सिंह, भाजपा ने पश्चिम बंगाल से इन्हें दिया टिकट