Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Update: चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' पड़ा कमजोर, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना; पढ़ें ताजा अपडेट

Weather Update Today दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान मैंडूस का असर आज भी दिखाई दे सकता है। मैंडूस के चलते दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में बारिश की उम्मीद है। वहीं मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

By Mohd FaisalEdited By: Updated: Sun, 11 Dec 2022 08:38 AM (IST)
Hero Image
Weather Update: देश में आज कैसा रहेगा मौसम (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। उत्तर भारत के इलाकों में ठंड लगातार बढ़ती ही जा रही है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड का असर देखने के मिल रहा है। वहीं, चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' तमिलनाडु के मामल्लापुरम तट पार करने के बाद गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल कर कमजोर हो गया है। तट से टकराने पर मैंडूस का शहर और उसके आसपास के इलाकों में काफी असर देखने को मिला। इस दौरान दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में आज मध्यम बारिश की अनुमान जताया।

कैसा रहेगा दक्षिण भारत में मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' का असर दक्षिण भारत में भले ही कम हो गया है। लेकिन यहां के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई शहरों में बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा कुछ जगहों पर हल्की बारिश की भी संभावना है। IMD के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' के कारण 11 से 13 दिसंबर के बीच केरल में बारिश की संभावना है। वहीं, तेलंगाना में भी बारिश की उम्मीद है।

उत्तराखंड, हिमाचल व जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की आशंका

वहीं, पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में सुबह के वक्त अगले तीन से चार दिनों के भीतर घना कोहरा देखने को मिलेगा। इस दौरान उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों पर मौसम विभाग ने बर्फबारी की उम्मीद जताई है। उत्तराखंड के केदारनाथ में रविवार को हल्की बर्फबारी की उम्मीद जताई गई है। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के मध्य व ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बर्फबारी की उम्मीद है।

दिल्ली-NCR व UP में ठंड ओर बढ़ेगी

मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है। दिल्ली-NCR में मौसम सुबह से ही साफ रहेगा। हालांकि, इस दौरान हवाएं चलती रहेंगी, जिससे ठंड बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, उत्तर उत्तर प्रदेश में भी पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडे मौसम का असर दिख रहा है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में सुबह और शाम के वक्त मौसम ठंडा रहेगा। हालांकि, इस दौरान तामपान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बिहार समेत अन्य राज्यों में कैसा रहेगा आज मौसम

बता दें कि आज पंजाब, हरियाणा, बिहार समेत कई इलाकों में ठंड की स्थिती बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, समेत कई राज्यों में तापमान का पारा ओर गिरेगा। जिससे इन राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान ठंड बढ़ने की उम्मीद है।