Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Update Today: पूर्वी भारत में लू का अलर्ट, बिहार में भी भीषण गर्मी; दिल्ली में हल्की बारिश से लोगों को मिली राहत

Weather Update Today दिल्ली में बीती रात हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने गुरुवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने आंधी या गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं राजधानी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती है।

By Jagran News Edited By: Versha Singh Updated: Thu, 06 Jun 2024 08:09 AM (IST)
Hero Image
Weather Update Today: पूर्वी भारत में अभी भी लू का अलर्ट

ऑनलाइन डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार की शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में बारिश होने से राजधानीवासियों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने गुरुवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, आंधी या गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं राजधानी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती है। आज यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

दिल्ली में मौसम हुआ सुहाना

दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी से मामूली राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के आसार हैं। दिल्ली में धूल भरी हवाओं के साथ ही हल्की वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में कई जगह हुई बारिश

उत्‍तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फ‍िर करवट बदली है। बीते कई दिनों से तापमान में कमी देखी जा रही थी लेकिन अब फ‍िर से तापमान ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि गोरखपुर में सुबह बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान 45 पार जा सकता है। आइए जानते हैं कि आज गुरुवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

बिहार में उमस भरी गर्मी

पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा पूर्वी उत्तरप्रदेश से बांग्लादेश तक बना हुआ है। इनके प्रभाव से प्रदेश के तराई वाले इलाकों में गरज-तड़क के साथ आंधी-पानी की चेतावनी है। जबकि, पटना सहित दक्षिणी व उत्तरी भागों के कुछ स्थानों पर उमस भरी गर्मी का प्रभाव बना रहेगा।

बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद व अरवल में उष्ण लहर चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पटना सहित दक्षिण भागों में शुष्क पछुआ हवा का प्रवाह जारी है। इनके कारण दिन व रात में उमस वाली गर्मी परेशान करेगी। पटना व आसपास इलाकों में दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

राजस्थान पंजाब सहित कई जगह चल रहीं गर्म हवाएं

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के कई इलाकों में गर्म हवाएं चलीं। मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चली। इस दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और निकटवर्ती मध्य भारत के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक था।

इस दौरान उत्तर प्रदेश के झांसी में सबसे अधिक तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी तो कुछ पर बहुत भारी बारिश हुई।

पूर्वोत्तर राज्यों में हुई जमकर बारिश

पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघायल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र में भी कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई।

वहीं, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई। आईएमडी के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

हिमाचल की चोटियों पर हो रही भारी बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में यलो अलर्ट के बीच बुधवार को लाहौल-स्पीति और चंबा की चोटियों पर भारी बर्फबारी हुई। शिमला समेत प्रदेश के कुछ जिलों किन्नौर, कुल्लू, चंबा, सोलन और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में बादल झमाझम बरसे। जिला कुल्लू के दलाश, कांगड़ा के पालमपुर और बैजनाथ में भारी ओलावृष्टि हुई। प्रदेश में मौसम बदलते ही गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि बारिश के बाद मैदानी जिलों में उमस बढ़ गई है। दिन में धूप खिली रहने से मंडी में लू चली।

यह भी पढ़ें- Rashtrapati Bhawan Dinner: मोदी 2.0 कैबिनेट के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का हुआ आयोजन, मेज पर दिखा कुछ ऐसा नजारा

यह भी पढ़ें- ग्रामीण इकोनॉमी सुधारने पर बढ़ सकता है नई सरकार का फोकस, 2019 के मुकाबले भाजपा का प्रदर्शन इस बार रहा फीका