Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ओडिशा में 6 IAS अधिकारी को मिली नई जिम्मेदारी, इन जिलों में हुई पोस्टिंग

ओडिशा कैडर के 2022 बैच के 6 आईएएस अधिकारियों ने प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उप जिलाधिकारी के रूप में पदभार संभाला है। इन्हें बणई आठगढ़ पदमपुर जयपुर तालचेर और रायरंगपुर में तैनात किया गया है। ये सभी अधिकारी भारतीय नागरिक संहिता 2023 की धारा 14(4) में प्रदत्त क्षमता का उपयोग करेंगे। सौम्य रंजन प्रधान को रायरंगपुर में उप जिलाधिकारी बनाया गया है।

By Sheshnath Rai Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 04 Sep 2024 03:46 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा कैडर के 2022 बैच के 6 आइएएस अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन्हें विभिन्न जिलों में उपजिलाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार ने इन्हें बणई, आठगड़, पदमपुर, जयपुर, तालचेर और रायरंगपुर में उपजिलाधिकारी के रूप में तैनात किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रशिक्षण समाप्त कर लौटने वाले 2022 बैच के आइएएस अधिकारी अक्षय पिलई को बणई का उप जिलाधीश बनाया गया है।

इसी तरह से इसी बैच के प्रहलाद नारायण शर्मा को आठगढ़ का उप-जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। अरुगुला स्नेहा को जयपुर उपजिलाधिकारी, समीर कुमार जेना को तालचेर का उप जिलाधिकारी एवं सौम्य रंजन प्रधान को रायरंगपुर उप जिलाधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है।

ये सभी आइएएस अधिकारी उपखंड मजिस्ट्रेट के तौर पर भारतीय नागरिक संहिता 2023 की धारा 14(4) में प्रदत्त क्षमता का उपयोग करने की बात विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है।

सितंबर महीने तक पात्र लाभार्थियों को नए राशन कार्ड

सितंबर महीने तक पात्र लाभार्थियों को नए राशन कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।इसकी जानकारी बुधवार को विधानसभा में खाद्य आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने दी है।

उन्होंने कहा है कि अभी ई-केवाईसी वेरिफिकेशन चल रहा है। नए राशन कार्ड के लिए 9 लाख से ज्यादा लोग आवेदन कर चुके हैं। अपील अभी भी जारी है। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितम्बर महीने तक पात्र लाभार्थियों के लिए नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा।

ओडिशा में वर्ड फ्लू की निगरानी करने आएगी केंद्रीय टीम

राज्य में बर्ड फ्लू के प्रसार पर निगरानी करने के लिए एक या दो दिन में एक केंद्रीय टीम ओडिशा आएगी। टीम के उन क्षेत्रों का दौरा करने और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिलने की योजना बनाई गई है, जहां बर्ड फ्लू फैल रहा है।

स्वास्थ्य निदेशक ने बताया कि केंद्रीय टीम को पहले दिन से ही राज्य में बर्ड फ्लू को लेकर किये गये उपायों की जानकारी दी जा रही है। केन्द्रापड़ा में बर्ड फ्लू को लेकर अभी तक पशुपालन विभाग की तरफ से किसी प्रकार की सूचना नहीं आयी है। मुर्गों को मारने के बाद पशुपालन विभाग ने सैंपल टेस्ट के लिए भेजा है।

हालांकि, अभी तक किसी व्यक्ति के शरीर में बर्ड फ्लू का संक्रमण नहीं हुआ है। पहले परीक्षण के लिए भेजे गए संदिग्ध नमूना की रिपोर्ट निगेटिव आयी है।

बर्ड फ्लू को लेकर सतर्क रहने के लिए सभी जिलों में सतर्कता बरती जा रही है। मुर्गा फार्म में काम करने वाले एवं मुर्गों के स्पर्श में आने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सलाह दी गई है।