Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जलती चिता से मांस उठाकर चबाने लगे दो लोग, युवती का अंतिम संस्‍कार कर रहे परिजनों के उड़े होश

सुंदर मोहन सिंह और नरेंद्र सिंह श्‍मशान घाट पर बाकी लोगों के मुकाबले शव के काफी पास खड़े थे और देख रहे थे कि शव अच्‍छे से जल रहा है या नहीं। यह शव दांतुनी गांव की एक युवती की थी। इस बीच मांस का एक टुकड़ा जला नहीं तो उन्‍होंने इसे छिपा लिया और सबके सामने ही मुंह में भर लिया और चबाने लगे।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenUpdated: Wed, 12 Jul 2023 05:19 PM (IST)
Hero Image
पकड़े गए आरोपित सुंदर मोहन सिंह और नरेंद्र सिंह।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में नशे में धुत्‍त दो व्यक्तियों के जलती हुई चिता से मांस निकालकर खाने की घटना सामने आयी है। इस घटना के बाद गांववालों ने उक्त दोनों व्यक्तियों की जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस इन्हें हिरासत में लेने के साथ ही मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।

श्‍मशान घाट पर किया जा रहा था युवती का अंतिम संस्‍कार

घटना मयूरभंज जिले के बड़साही थाना क्षेत्र की है। बड़ासाही थाना के बीरेश्वरपुर पंचायत के दांतुनी गांव की युवती टुनी सिंह की मौत सोमवार को हो गई थी। बड़ासाही अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हुई थी।

इसके बाद उसके शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम बारीपदा अस्पताल में किया गया। तत्पश्चात अपराह्न करीब तीन बजे शव गांव पहुंचा। शव का अंतिम संस्कार गांव के बाहर श्मशान घाट पर किया जा रहा था। इस दौरान गांव के दो व्यक्ति सुंदर मोहन सिंह और नरेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।

शव के जलने के बाद बचा था मांस का एक टुकड़ा

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों नशे में धुत्‍त थे। शव का जब अंतिम संस्कार चल रहा था, उस समय अन्य लोग वहीं पास में बैठे थे जबकि मोहन और नरेंद्र निगरानी कर रहे थे कि शरीर ठीक से जल रहा है या नहीं। मृतक लड़की के दादा लोबो सिंह के मुताबिक शव लगभग जल चुका था। अंत में मांस का एक टुकड़ा बचा था जला नहीं था। सुंदर मोहन सिंह और नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह जल नहीं रहा है।

हाथ में चुपके से पकड़कर रखा मांस का टुकड़ा

उन्होंने कहा कि अगर इसे टुकड़ों में काटकर वापस आग में फेंक दिया जाए, तो वह जल जाएगा। इसके बाद उन्होंने मांस के टुकड़े को आग से बाहर निकाल लिया। नरेंद्र सिंह ने इसे तीन टुकड़ों में काट दिया। मोहन सिंह द्वारा मांस के दो टुकड़ों को आग में फेंक दिया गया था।

लेकिन उसने मांस का एक और टुकड़ा आग में नहीं फेंका। उसने इसे अपने बाएं हाथ में छिपा लिया। लोबो सिंह यह देख रहे थे। उन्होंने सुंदर मोहन से पूछा कि उसने अपने हाथ में मांस का टुकड़ा क्यों पकड़ा हुआ है। उसने कहा कि वह इसे बाद में फेंक देगा।

मुंह में भरकर चबाने लगा मांस

पांच से दस मिनट तक सुंदर मोहन सिंह मांस का टुकड़ा हाथ में थामे खड़ा रहा। इसके बाद उसने कहा कि वह मांस का टुकड़ा खाएगा। उपस्थित लोगों ने पूछा क्यों खाएगा तो वह तुरंत उसे मुंह में भरकर चबाने लगा। उसने इसका एक टुकड़ा नरेंद्र सिंह को भी दिया, जो उसके साथ था, वह भी मांस के टुकड़े को खाने लगा। सुंदर मोहन और नरेंद्र के मांस खाने के बाद मौजूद लोगों ने चिल्लाकर ग्रामीणों को सूचना दी।

दोनों को पुलिस ने हिरासत में लिया

जब ग्रामीण पहुंचे तो सुंदर मोहन और नरेंद्र को बेरहमी से पीटा गया। वे मांस खाने की बात गांववालों के सामने स्वीकार कर ली। ग्रामीणों ने सुंदर मोहन और नरेंद्र को बड़साही थाने के हवाले कर दिया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लड़की के पिता ने मीडिया को बताया कि वह घटना के संबंध में सुंदर मोहन और नरेंद्र के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा।