Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ओडिशा में बदलाव की आंधी, मुख्‍यमंत्री ने अब गंजाम जिले में किया 251.50 करोड़ के 5706 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास

ओडिशा के मुख्‍यमंत्री नवीन पटनायक ने गंजाम जिले में 251.50 करोड़ के 5706 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्‍होंने कहा कि आम ओडिशा नवीन ओडिशा कार्यक्रम के जरिये हर गांव में जगन्नाथ संस्कृति संरक्षित की जाएगी। हमारा परिवर्तन अन्य राज्यों के लिए आदर्श होगा। वीके पांडियन ने कहा हम सही समय पर पारदर्शी तरीके से गांवों में सबकुछ बदल देंगे।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenUpdated: Fri, 03 Nov 2023 02:09 PM (IST)
Hero Image
ओडिशा के मुख्‍यमंत्री नवीन पटनायक की फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। सभी गांवों का विकास हमारा लक्ष्य है। गांव में हर किसी को विकास की गारंटी मिलेगी। गांव के सभी लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य की गारंटी मिलेगी। गांव-गांव तक संस्कृति की रक्षा होगी और आधुनिकता का विकास होगा। विकसित गांव आधुनिक ओडिशा की पहचान बनेगा।

ओडिशा में विरासत स्‍थलों को किया जाएगा संरक्षित

गंजाम जिले में 251 करोड़ 50 लाख रुपए के खर्चे से 5706 विभिन्न प्रोजेक्ट का उद्घाटन एवं शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ये बातें कही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा जगन्नाथ की भूमि है। प्रेम, शांति, सद्भाव, समानता और विश्व सेवा जगन्नाथ संस्कृति का संदेश है।

इसने जाति पंथ से परे सभी को अपना बना लिया है। 'आम ओडिशा, नवीन ओडिशा' कार्यक्रम के जरिए जगन्नाथ संस्कृति को हर गांव में संरक्षित किया जाएगा। हर पूजा स्थल का विकास किया जाएगा। विरासत स्थलों को संरक्षित किया जाएगा।

राज्‍य के हर गांव का होगा विकास: मुख्‍यमंत्री

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि संस्कृतियों और विरासत स्थलों का संरक्षण और सुरक्षा हमारे भावी वंशजों के लिए आवश्यक है। गांवों में डिजिटल बुनियादी ढांचे का विकास इस योजना के उद्देश्यों में से एक है। गांव में इंटरनेट कनेक्शन होगा। यहां एक साइंस पार्क होगा। कौशल विकास केंद्र होगा। बैंकिंग सुविधाएं होंगी।

इस कार्यक्रम में गांव के प्राथमिक विद्यालयों को भी शामिल किया जाएगा। यह हमारे युवाओं, माताओं, किसान भाइयों-बहनों और छात्रों के लिए अपार अवसर लाएगा और एक आधुनिक, सशक्त, प्रगतिशील और संस्कृति के प्रति जागरूक राज्य के रूप में ओडिशा की पहचान को और बढ़ाएगा।

— CMO Odisha (@CMO_Odisha) November 2, 2023

धार्मिक स्थलों के रूपांतरण कार्यक्रम में लोगों का उत्‍साह

मुख्यमंत्री ने 'आम ओडिशा, नवीन ओडिशा' कार्यक्रम के सफल कार्यान्वयन में सभी का सहयोग मांगा है। 5टी और नवीन ओडिशा के अध्यक्ष वीके पांडियन ने कहा कि धार्मिक स्थलों के रूपांतरण कार्यक्रम ने लोगों में उत्साह पैदा किया है।

उन्होंने कहा कि गंजाम जिले को देश के नंबर एक जिले के रूप में भारत सरकार से पुरस्कार मिला है। इसी तरह हिंजिली ब्लाॅक को भी देश के सभी ब्लाॅकों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नंबर एक ब्लाॅक के रूप में भारत सरकार से पुरस्कार मिला है।

ओडिशा में चल रहा बदलाव का दौर

उन्होंने इसके लिए गंजाम के लोगों को धन्यवाद दिया। पांडियन ने कहा कि गंजाम ने पूरे भारत को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। मुख्यमंत्री का लक्ष्य 'आम ओडिशा, नवीन ओडिशा' कार्यक्रम के माध्यम से हर गांव को बदलना है। हमारा परिवर्तन अन्य राज्यों के लिए आदर्श होगा।

उन्होंने कहा कि हम सही समय पर पारदर्शी तरीके से गांवों में सब कुछ बदल देंगे। पांडियन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का नया स्वरूप ओडिशा के परिवर्तन की वास्तविक तस्वीर होगी। उन्होंने कहा कि ओडिशा में परिवर्तन का दौर चल रहा है। विकास अब देखा और महसूस किया जा रहा है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर