Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jagannath Rath Yatra हादसे के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने लिया अस्पताल का जायजा, उधर CM ने किया बड़ा एलान

Jagannath Rath Yatra 2024 News Updates विश्‍व प्रसिद्ध पुरी जगन्‍नाथ रथ यात्रा को लेकर लाखों श्रद्धालु जुट चुके हैं। आज रथ यात्रा का पहला दिन है। कम समय मिलने के कारण आज केवल प्रतीकात्मक रूप से रथ को खींचा जाएगा। वहीं इस मौके पर राष्‍ट्रपति पीएम मोदी ओडिशा के सीएम व राज्‍यपाल ने शुभकामनाएं दी है। यहां पढ़ें रथ यात्रा से जुड़े अपडेट्स...

By Jagran News Edited By: Prateek Jain Updated: Sun, 07 Jul 2024 11:51 PM (IST)
Hero Image
सुबह से ही पुरी जगन्नाथ धाम में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़

जागरण टीम, पुरी। आज विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा का पहला दिन है। सुबह से ही पुरी जगन्नाथ धाम नृत्य संकीर्तन व लाखों भक्तों के समागम के बीच जय जगन्नाथ की ध्वनि से प्रकंपित दिखाई दी।

ओडिशा या भारत से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु पुरी पहुंचे हैं। देर रात से ही महाप्रभु की नीति चल रही है। पुरी के बड़दांड में हनुमान के वेश में कुछ भक्त नृत्य कर रहे हैं। 'जय जगन्नाथ और जय श्री राम' की ध्वनि से पूरा जगन्नाथ धाम प्रकंपित हो रहा है।

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने लिया जगत गुरू शंकराचार्य जी का आशीर्वाद

पवित्र रथयात्रा के अवसर पर जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी निश्चला नंद सरस्वती जी महाराज से केन्द्र शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मुलाकात की है। प्रधान आज विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा देखने के लिए पुरी पहुंचे थे। इसी दौरान समय निकालकर वह गोवर्धन पीठ पहुंचे और शंकराचार्य जी से मुलाकात की और उनका आर्शीवाद भी लिया।

आर्शीवाद लेते धर्मेंद प्रधान

मृतक को 4 लाख और घायलों को मुफ्त इलाज

पुरी रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़ की घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता राशि एवं घायलों का मुफ्त इलाज करने का निर्देश दिया है। 

दो पुलिस कर्मी भी हुए घायल

भगदड़ में दो पुलिस कर्मचारी भी घायल हुए हैं। इसमें से एक पुलिस कर्मचारी का पैर टूटने की खबर सामने आई है।

स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे अस्पताल

पुरी रथयात्रा के दौरान मची भगदड़ के बाद स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग जिला मुख्य अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया है और अस्पताल में डाक्टरों से बात कर घायलों का समुचित इलाज करने का निर्देश दिया।

रथ यात्रा में मची भगदड़

पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़ मच गई और यहां बलभद्र जी के रथ खींचे जाने के दौरान अचानक यह हादसा हो गया। इस घटना में 400 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए और एक श्रद्धालु की मौत हो गई। भगदड़ के बाद घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल ले जाया गया।

राष्ट्रपति मुर्मू व नवीन पटनायक हुए शामिल

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक रथ यात्रा में अतिथि के रूम में शामिल हुए।

कुछ ऐसा रहा रथ यात्रा का कार्यक्रम

रथ यात्रा पर सेक्टर-3 मंदिर में सुबह 4.10 बजे से ही नीति पूजा शुरु हुई। सुबह 6.45 बजे द्वारपाल पूजा, 7.00 बजे सूर्य पूजा, 8.30 बजे बाल्य भोग, 9.00 बजे रथ प्रतिष्ठा, 10.20 बजे खिचड़ी भोग, 11.15 बजे बड़धूप, मध्याह्न 12.00 बजे भगवान का सेनापट्टा व कठाऊलागी का कार्यक्रम हुआ। दोपहर 1.40 बजे से भगवान का पहुंडी शुरु हुआ। 3.15 बजे महाप्रभु का छेरापहरां नीति हुई।

इन जगहों से भी निकलेगी रथ यात्रा

सेक्टर-3 थाना क्षेत्र से एक, प्लांटसाइट थाना क्षेत्र में चार, उदितनगर थाना क्षेत्र में तीन, टांगरपाली थाना क्षेत्र में दो, रघुनाथपाली थाना क्षेत्र में सात, सेक्टर-7 थाना क्षेत्र में दो, झीरपानी थाना क्षेत्र में दो, बंडामुंडा थाना क्षेत्र में दो, ब्राह्मणीतरंग थाना क्षेत्र में छह, बिसरा थाना क्षेत्र में आठ, छेंड थाना क्षेत्र में दो स्थानों में रथ यात्रा निकलेगी।

भाई-बहन संग मौसीबाड़ी पहुंचे भगवान जगन्नाथ

भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ मौसी मां के घर रथ पर सवार होकर पहुंचे। यात्रा मार्ग में भक्त उनका दर्शन करने के साथ ही पूजा अर्चना की। सुबह से ही इसके लिए विभिन्न नीति नियम शुरु किए गए थे। इस वर्ष राउरकेला शहर एवं आसपास के क्षेत्र में 55 स्थानों से रथ यात्रा निकाली गई।

महाप्रभु की इस यात्रा को देखने के लिए पुरी जगन्नाथ धाम में लाखों भक्तों का समागम हुआ।पूरा बड़दांड जनसमुंद्र में तब्दील हो गया, जय जगन्नाथ, नयन पथ गामी भव तुमे के नारे हर तरफ गूंजयमान रहे।

रथारूढ़ चतुर्धा विग्रहों की एक झलक पाने के लिए लोग लालायित दिखे।वहीं भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुरी जगन्नाथ धाम में जल, थल, नभ हर जगह सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे

बिस्तूरपुर राम मंदिर से निकलती हुई रथ यात्रा

जगन्नाथ धाम में निकली रथ यात्रा

जगन्नाथ धाम में आज महाप्रभु की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा निकाली गई। प्रभु अपने बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ मौसी के घर के लिए रत्न सिंहासन से बाहर निकले।

महाप्रभु की इस यात्रा को देखने के लिए पुरी जगन्नाथ धाम में लाखों भक्तों का समागम हुआ। पूरा बड़दांड जनसमुंद्र में तब्दील हो गया, जय जगन्नाथ, नयन पथ गामी भव तुमे के नारे हर तरफ गूंजयमान रहे। महाप्रभु की एक झलक पाने के लिए लोग लालायित दिखे।

चार बजे बड़दांड पहुंचेंगी राष्‍ट्रपति

विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा देखने के लिए राष्ट्रपति दाौपदी मुर्मु पुरी पहुंच गई हैं। भुवनेश्वर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से पुरी के तालाबाणिया स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद वह वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच राजभवन पहुंची।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शाम 4 बजे बड़दांड पहुंचेंगी। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के साथ-साथ राज्यपाल रघुवर दास और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी थे।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति 6 से 9 जुलाई तक ओडिशा की चार दिवसीय यात्रा पर हैं, आज रथ यात्रा देखने के लिए पुरी पहुंची हैं। भुवनेश्वर हवाईअड्डे से विशेष हेलिकाप्टर के जरिए पुरी समंग हेलीपैड पर पहुंचने के बाद पुरी राजभवन पहुंची। इसके बाद वह बड़दांड जाकर रथयात्रा में शामिल होंगी। 

राष्ट्रपति आज पुरी राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। वह आठ जुलाई को भुवनेश्वर लौटेंगी और खंडगिरी तथा उदयगिरी गुफाओं का परिदर्शन करेंगी। इसके बाद हरिड़ामाढ़ा गांव में ब्रह्मकुमार रिट्रीट सेंटर का उद्घाटन करेंगी।

वह नौ जुलाई को राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाइजर) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।राष्ट्रपति के दौरे के चलते सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है। इसके साथ ही राष्ट्रपति के दौरे के सभी रूटों को नो फ्लाइंग जोन बनाया गया है।

शाम पांच बजे खींचा जाएगा रथ

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर 1 बजे से चतुर्धा विग्रह को रत्न वेदी से रथ पर लाकर विराजमान करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद रथ पर होने वाली तमाम रीति संपन्न की जाएगी।

रथ को शाम 5 बजे से खींचा जाएगा। रथ खींचने के लिए समय कम होने से आज प्रतीकात्मक रूप से रथ खींचा जाएगा। तीनों रथ अगले दिन 8 जुलाई सोमवार को श्री गुंडिचा मंदिर पहुंचने वाले हैं।

महाप्रभु के नवयौवन दर्शन से वंचित हुए भक्त 

13 दिन के अणवसर के पूरा होने के बाद श्रीजीउ का रविवार को अणवसर पिंडी से नवयौवन वेश दर्शन शुरू हुए हैं। कुछ घंटों बाद श्रीगुंडिचा यात्रा के लिए पहंडी शुरू होगी, लेकिन श्रद्धालु इस वर्ष नवयौवन दर्शन से वंचित हुए हैं।

सेवा करने वाले परिवारों को ही यह अवसर मिला है। इस साल एक ही दिन में पड़ रहे नवयौवन दर्शन और श्रीगुंडिचा यात्रा के चलते मंदिर प्रशासन ने नवयौवन दर्शन बंद कर दिया है। श्रीगुंडिचा यात्रा पहंडी दर्शन भी बंद है। इसके लिए एक विशेष नीति को अंतिम रूप दिया गया है।

भगवान के पहंडी दर्शन से भी वंचित हुए भक्त 

13 दिन के अणवसर की वजह से इस साल श्रद्धालुओं को पहंडी दर्शन से भी वंचित हो गए। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा नीति को समय के भीतर पूरा करने का निर्णय लिया गया है। भक्तों के बिना, भगवान पहंडी में आकर रथ पर विराजमान होंगे। बड़दांड में आने के बाद ही भक्तों को भगवान के दर्शन करने का मौका मिलेगा।

राष्ट्रपति, PM, राज्यपाल और CM ने रथ यात्रा की बधाई दी 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भगवान जगन्‍नाथ की यात्रा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा,

भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। आज देश-दुनिया के अनगिनत जगन्नाथ प्रेमी रथ पर सवार तीनों ठाकुरों के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने मांगा आशीर्वाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रथ यात्रा के शुभ अवसर पर राष्ट्र को शुभकामनाएं दीं और भगवान का आशीर्वाद मांगा। इस बीच, ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास ने रथ यात्रा के अवसर पर दुनिया के सभी कोनों से भगवान जगन्नाथ भक्तों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के अवसर पर ओडिशा के लोगों को बधाई दी। इस महापर्व के पावन पर्व पर भगवान जगन्नाथ से सभी की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री ने राज्य और देश की भलाई के लिए और सभी की खुशी और शांति के लिए विश्व गुरु से प्रार्थना की है।

यह भी पढ़ें -

Puri Jagannath Rath Yatra के दूसरे दिन बारीपदा और नीलगिरी में निकाली जाती है यात्रा, महिलाएं खींचती है देवी सुभद्रा का रथ

Odisha News: 4 दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, जगन्नाथ रथ यात्रा में होंगी विशेष मेहमान

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर