Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Odisha News: 'अब बहुत हो गया, पांडियन या कोई और नहीं', BJD की बैठक में नेताओं ने नवीन पटनायक को दे दिया साफ संदेश

ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक अभी रिटायर नहीं होने वाले हैं। नए अपडेट से यह साफ हो गया है। दरअसल वीके पांडियन या कोई अन्य नहीं बल्कि नवीन पटनायक ही संगठन की कमान संभालेंगे। अब नवीन पटनायक ने आम जनता से मिलने के लिए राज्य भर में घूमने का मन बनाया है। नवंबर से वह राज्यव्यापी दौरा शुरू करेंगे।

By Jagran News Edited By: Mukul Kumar Updated: Fri, 09 Aug 2024 10:01 PM (IST)
Hero Image
पांडियन या कोई अन्य नहीं, नवीन पटनायक ही संभालेंगे संगठन की कमान

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में इस साल की शुरुआत में अपने राजनीतिक करियर की पहली हार का सामना करने के बाद बीजद अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आम लोगों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए नवंबर से राज्यव्यापी दौरा करने का निर्णय लिया है।

इसके साथ ही पार्टी की राज्यस्तरीय समिति ने संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पांडियन या अन्य किसी नेता के बजाय पार्टी की बागडोर नवीन पटनायक के हाथों में ही रखे जाने की बात कही है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री देवी प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में बनाई गई बीजू जनता दल के 15 सदस्यों की राज्यस्तरीय समन्वय कमेटी की पहली बैठक में संगठन को धार देने और भाजपा की सरकार को घेरने के रणनीति पर देर तक मंथन चला।

बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने हाल ही में पार्टी के राज्य पदाधिकारियों के पैनल को भंग कर इस समिति का गठन किया था। पदाधिकारियों की अनुपस्थिति में पार्टी की सभी गतिविधियों की देखरेख और संचालन का काम अभी इसी समिति के जिम्मे है।

विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बीजू जनता दल को मिली करारी हार

ओडिशा में इस वर्ष विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बीजू जनता दल को मिली करारी हार को लेकर भी बैठक में लंबी चर्चा हुई।

पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कमेटी से कहा है कि राज्य की जनता ने हमें 24 वर्षों तक निरंतर आशीर्वाद दिया है। इसके लिए हम ओडिशावासियों के दिल से ऋणी हैं। आगे भी हमें अपना कठिन परिश्रम जारी रखना होगा। कमेटी के सदस्यों ने संगठन के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी बीजद सुप्रीमो को दिया है।

इसमें गंजाम जिले को दो सांगठनिक जिलों में तब्दील करने तथा पार्टी के छात्र, युवा, महिला आदि संगठनों को पुनर्गठन करने कहा गया है। दो अक्टूबर को प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी एक महीने तक पदयात्रा शुरू करने को भी कमेटी ने प्रस्ताव दिया है।

हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजद समन्वय कमेटी की इस पहली बैठक में बीजद नेताओं के निशाने पर वीके पांडियन, संगठन मंत्री प्रणब प्रकाश दास और राज्यसभा सदस्य मानस मंगराज रहे। नेताओं ने बिना नाम लिए इन तीन नेताओं पर जोरदार हमला बोला, पार्टी की हार का ठीकरा भी इन्हीं पर फोड़ा।

बैठक में नेताओं ने क्या कहा?

बैठक में नेताओं ने कहा, अब बहुत हो गया, अब पांडियन या कोई अन्य नहीं बल्कि सीधे तौर पर बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक संगठन को चलाएं। वरिष्ठ नेता प्रदीप अमात ने संगठन प्रबंधन पर असंतोष जताया। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि संगठन मनमाने ढंग से चल रहा था। पर्यवेक्षक जिले में जाकर गुटबाजी कर रहे थे।

पश्चिम ओडिशा से राज्यसभा में कौन जाएगा, इस बारे में किसी से सलाह नहीं ली गई। यहां तक कि विधायक प्रत्याशी कौन होगा, इस पर भी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा नहीं की गई। पार्टी की वरिष्ठ नेत्री स्नेहांगिनी छुरिया ने भी चुनावी हार के लिए मनमाने ढंग से लिए गए निर्णय को जिम्मेदार ठहराया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें