Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सच या झूठ... इस बार कैसा हाईवे मैन का आश्वासन? कहा- ओडिशा में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग जल्द होंगे पूरे

नई दिल्ली में एक आधिकारिक बैठक के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को आश्वासन दिया है कि ओडिशा में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में तेजी लाई जाएगी। हालांकि इतिहास को खंगाला जाए तो इस तरह के वादे वे पहले भी कर चुके हैं। अब देखना बाकी है कि इस बार क्या होगा?

By Jagran NewsEdited By: Aysha SheikhUpdated: Fri, 28 Jul 2023 10:00 AM (IST)
Hero Image
सच या झूठ... इस बार कैसा हाईवे मैन का आश्वासन? कहा- ओडिशा में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग जल्द होंगे पूरे

संतोष कुमार पांडेय, अनुगुल। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को नई दिल्ली में एक आधिकारिक बैठक के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को आश्वासन दिया कि ओडिशा में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को जल्द पूरा किया जाएगा।

केंद्र मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पत्रकारों को क्या बताया?

बैठक समाप्त होने के बाद, केंद्र मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने कटक-संबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना, तटीय राजमार्ग, संबलपुर रिंग रोड और राज्य की राजधानी में एक अन्य रिंग रोड की प्रगति की समीक्षा की है।

बैठक में ढेंकानाल जिले के भुबन और कामाख्यानगर से होकर गुजरने वाले एनएच-53 के डुबरी से लेकर अनुगुल जिले के बल्हर छक तक चल रहे विस्तार कार्य पर भी चर्चा की गई है, जिसमें गोड़ीबंध से बनरपाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग और कुछ अन्य का विस्तार भी शामिल है।

समीक्षा बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया था।

'हाईवे मैन' नितिन गडकरी के ओडिशा के संदर्भ में खोखले वादे

गौरतलब है कि केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्री, 'हाईवे मैन' नितिन गडकरी ने विशेष रूप से ओडिशा के संदर्भ में खोखले वादे ही किए हैं।

हर बार उन्होंने यह वादा किया कि अति-विलंबित एनएच-55 को अमुक तारीख तक पूरा कर दिया जाएगा, लेकिन समय सीमा कभी पूरी नहीं हुई।

तीन हिस्सों में बंटे कटक-संबलपुर हाईवे को चार लेन का बनाने का काम पिछले सात साल से चल रहा है और इस अवधि में एनएचएआई सात बार निर्धारित समय सीमा से चूक गया है।

2021 में संसद में मुद्दा उठाए जाने के बाद, गडकरी ने उस वक्त भी आश्वासन दिया था कि 4,482 करोड़ रुपये की यह परियोजना जून 2022 तक पूरी हो जाएगी।

जब समय सीमा समाप्त हो गई तो ढेंकानाल के बीजद सांसद महेश साहू ने 2022 में इस मुद्दे पर फिर से संसद का ध्यान आकर्षित किया।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने एक लिखित उत्तर में आश्वासन दिया कि परियोजना का एक हिस्सा जून 2023 तक और दूसरा हिस्सा दिसंबर तक पूरा हो जाएगा।

अब एक प्रश्न के ताजा उत्तर में गडकरी ने बताया कि परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2024 है। बता दें कि मार्च 2017 और मार्च 2018 के बीच तीन चरणों में राष्ट्रीय राजमार्ग-55 के कटक-संबलपुर खंड का चार-लेन का काम 2,367 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया था, लेकिन धीरे धीरे इसकी लागत में खर्च लगातार बढ़ते चले गए।

एनएच-55 को तीन स्लॉट में विभाजित किया गया था

  • 60 किमी मंगुली-झारगाडिया (स्लॉट I)
  • 52 किमी झारगडिया-अनुगुल (स्लॉट II)
  • 151 किमी अनुगुल-संबलपुर (स्लॉट III)

कई हिस्सों में अधूरा, एनएच-55 को ड्राइवरों के लिए बहुत ही पीड़ादायक और मौत का रास्ता कहा जाता है। 2016 और 2022 के बीच, इसकी भयानक स्थिति के कारण 1,315 दुर्घटनाएं और 603 मौतें हुईं।

यातायात प्रबंधन में लगे पुलिसकर्मियों का दावा है कि आधी दुर्घटनाएं गड्ढों और निर्माणाधीन सड़कों के कारण होती हैं। अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि अगले आम चुनाव से पहले उनकी राजमार्ग की समस्या खत्म हो जाएगी।