Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

शख्स ने की 15 शादियां, महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाए; ब्लैकमेलिंग कर वसूले पैसे और ज्वेलरी

ओडिशा में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने 15 महिलाओं से शादी की और फिर उनके अंतरंग फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ज्यादातर मध्यम आयु वर्ग की महिलाओं को अपना शिकार बनाया। वह उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित कर शादी करता था और फिर उनका शोषण करता था।

By Sheshnath Rai Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 16 Sep 2024 03:52 PM (IST)
Hero Image
ओडिशा से गिरफ्तार अय्याश ठग का फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में एक फर्जी डॉक्टर के 18 शादी करने की चर्चा जहां पूरे देश में हुई थी, वहीं अब एक और शख्स के 15 शादी करने और शादी के बाद महिलाओं के अंतरंग का फोटो एवं वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। इस शख्स को ओडिशा क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है और सच्चाई सामने लाने के लिए पूछताछ जारी है।

आरोपी ने ज्यादातर मध्यम आयु वर्ग की महिलाओं को अपना शिकार बनाया है, जो दूसरी शादी की तलाश में थीं। शादी करने के बाद यह शख्स उन महिलाओं का शोषण भी करता था और उनसे पैसे भी वसूलता था। यहां तक कि उनके साथ मारपीट भी करता था।

आरोपी की पहचान ओडिशा के अनुगुल जिले के छेंडीपदा के बिरंची नारायण नाथ के रूप में हुई है। अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने एक वैवाहिक वेबसाइट पर 'दूसरी शादी' टैगलाइन से एक प्रोफाइल भी बनाई थी। आरोपी खुद को रेलवे कर्मचारी, आयकर निरीक्षक या सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग में एक अधिकारी आदि बताता था।

आरोपी ज्यादातर अधेड़ उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था, जो अविवाहित, पति से अलग हो चुकी, विधवा या तलाकशुदा महिलाएं थीं। आरोपी पहले वेबसाइट, फोन पर बातचीत करता था, फिर उनके घर जाकर शादी के लिए अनुरोध करता था। वह पीड़ितों को उनके बच्चों के लिए आजीवन सहयोग और साथ देने का वादा करके उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित करता था।

महिलाओं का विश्वास हासिल करने के बाद आरोपी उनसे मंदिरों में शादी करता था और बाद में उनके साथ उनके ही घर पर रहता था, लेकिन उनमें से किसी को भी अपने घर नहीं ले जाता था। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि वह गुप्त रूप से उनके साथ अंतरंग क्षणों को कैद करता था और वीडियो कॉल के माध्यम से कई पीड़ितों की नग्न तस्वीरें और वीडियो भी लेता था।

इन वीडियो के आधार पर आरोपी पीड़ितों को धमकी देकर नकदी, सोना और अन्य कीमती सामान ले लेता था। महिलाएं लोक-लज्जा के डर से किसी को कुछ नहीं बताती थी और ना हीं शिकायत दर्ज कराती थी। हालांकि, कटक की एक महिला, जिसने 2022 में एक सड़क दुर्घटना में अपने पति को खो दिया था, ने सीआईडी-अपराध शाखा की साइबर अपराध इकाई में इस संदर्भ में एक शिकायत दर्ज कराई थी।

महिला अपनी दो बेटियों के साथ रह रही थी और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उसने दोबारा शादी करने का फैसला किया। 2023 में उसने मैट्रिमोनियल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें आरोपी की कई फर्जी प्रोफाइल थीं। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित को तालचेर के खमार से प्रभाकर श्रीवास्तव से एक अनुरोध मिला। उसने खुद को विशाखापटनम में रेलवे में टीटीआई होने का दावा किया।

7 अक्टूबर, 2023 को प्रभाकर पीड़िता के घर गया और शादी के प्रस्ताव पर आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की। जब पीड़िता के परिवार ने निर्णय लेने के लिए कुछ समय मांगा, तो उसने उसे बार-बार फोन करना शुरू कर दिया और उसे भावनात्मक रूप से फंसा लिया। वीडियो कॉल के दौरान, उसने गुप्त रूप से उसके नग्न वीडियो बना लिए। बाद में वह उसे ओडिशा के बाहर भी यात्राओं पर ले गया।

उन वीडियो का उपयोग करके उसने उसे कई स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। वह उसके साथ उसके घर में पांच महीने तक रहा और उसका यौन और आर्थिक शोषण करता रहा। जब भी महिला ने विरोध किया तो उसने उसके साथ मारपीट भी की।

पीड़िता ने अपने निजी वीडियो सार्वजनिक होने की धमकी के कारण सार्वजनिक अपमान के डर से यह दुर्व्यवहार सहा। इस दौरान इस अय्याश ठग ने महिला से लगभग 5 लाख रुपये और 32 ग्राम सोना ले लिया। पुलिस ने एक बयान में यह बात कही है कि जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी के खिलाफ बरहमपुर सहित विभिन्न पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज किए गए हैं।

इसमें भुवनेश्वर के साथ अनुगुल टाउन पुलिस स्टेशन और जारपड़ा, बालेश्वर सदर पुलिस स्टेशन, राउरकेला, ढेंकानाल, नयापल्ली पुलिस थाना और बालीपटना पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज हैं। आरोपी पर राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में भी इसी तरह के मामले दर्ज हैं, जिसकी छानबीन की जा रही है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर