Odisha Rain: गर्मी के बीच ओडिशा में तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश, भुवनेश्वर में नाले में बहे बच्चे की मौत
Rain In Odisha ओडिशा में भीषण गर्मी के बीच राजधानी भुवनेश्वर समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। इससे लोगों को काफी राहत मिली। वहीं भुवनेश्वर में तेज हवा आंधी के चलते कई जगहों पर पेड़ गिर गए। वहीं राजधानी में एक खुले नाले में एक बच्चा बह गया। करीब एक घंटे बाद वह मिला उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम वर्षा हुई है। इस वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं, इस दौरान राजधानी भुवनेश्वर में एक खुले नाले में एक बच्चे के बह जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बुधवार को भी राज्य के 15 जिलों में आंधी व वज्रपात के साथ वर्षा होने की संभावना मौसम विभाग ने जारी की है। इसके लिए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
नाले में गुब्बारा निकालने घुसे थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, ड्रेन में बह जाने वाले बच्चे का नाम एसके. राजेश था, जिसकी उम्र 11 वर्ष थी। करीबन 1 घंटे बाद नाबालिग बच्चे को ढूंढकर निकाला जा सका। बच्चे की हालत गम्भीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सीएम मोहन चरण माझी और राजस्व मंत्री ने बच्चे की मौत पर दुख जताया है। सीएम ने परिवार को 4 लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
बच्चे की फाइल फोटो, खुला हुआ निर्माणाधीन नाला (दाएं)
दरअसल, लक्ष्मीसागर यूनिट-तीन मस्जिद कॉलोनी में एसके. राजेश एवं उसके साथी खुले ड्रेन के पास खेल रहे थे। करीबन 2 बजे अचानक राजधानी में भारी वर्षा हुई। इसी दौरान जिसे बलून से बच्चे खेल रहे थे, वह नाले में चला गया।
इसे वापस लाने के लिए एसके.राजे एवं उसके साथी ड्रेन में गए। बलून लाते समय तेज वर्षा शुरू हो गई और एसके. राजेश पानी में बह गया, वहीं उसके अन्य साथी बच गए। राजेश को बहते देख साथियों ने शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोग बचाव के लिए ड्रेन में घुसे और बच्चे को बाहर निकाला।
एक घंटे बाद बरामद हुआ था बच्चा
सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। एक घंटे बाद बच्चे को बचाया गया। उसे तुरन्त भुवनेश्वर कैपिटल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
राजधानी भुवनेश्वर में आज सुबह के समय उमस भरी गर्मी से लोग त्रस्त थे। हालांकि, दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और आंधी के साथ झमाझम वर्षा हुई।
भयंकर आंधी से कई इलाकों में उखड़े पेड़
आंधी इतनी भयानक थी कि कुछ जगहों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। राजधानी भुवनेश्वर के आचार्य विहार, नालको, पटिया, चन्द्रशेखपुर, कलराहांग, लक्ष्मीसागर, मंचेश्वर आदि इलाकों में भारी वर्षा हुई है। वर्षा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
भुवनेश्वर मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को देवगढ़, झारसुगुड़ा, सम्बलपुर, देवगढ़, सुन्दरगढ़, केन्दुझर, मयूरभंज, अनुगुल, ढेंकानाल, कटक, जाजपुर, बालेश्वर, भद्रक, केन्द्रापड़ा, जगतसिंहपुर जिले में कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ वर्षा होने की सम्भावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी. की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके लिए इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें -
Odisha के बालेश्वर में हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा बंद, CM ने की शांति बनाए रखने की अपील
Odisha News: बरगढ़ में हाथियों के हमले में मां और दो बच्चों की मौत, कटक में मृत मिला एक नर गजराज