Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अपार्टमेंट में घुसकर लूट और सामूहिक दुष्कर्म करने वाले लुटेरे गिरफ्तार, एक दिन पहले भी किया था कांड

भुवनेश्वर के मैत्री विहार इलाके में एक अपार्टमेंट में घुसकर लूट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता अपनी छोटी बेटी के साथ थी जब ये लुटेरे उसके घर में घुसे और इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।

By Sheshnath Rai Edited By: Yogesh Sahu Updated: Fri, 04 Oct 2024 09:34 AM (IST)
Hero Image
अपार्टमेंट में घुसकर लूट और सामूहिक दुष्कर्म करने वाले लुटेरे गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भुवनेश्वर के मैत्री विहार इलाके में एक अपार्टमेंट में एक महिला के साथ लूट और सामूहिक दुष्कर्म की चौंकाने वाली घटना के सिलसिले में कमिश्नरेट पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला अपनी छोटी बेटी के साथ थी, जब लुटेरे उसके अपार्टमेंट में घुस गए और इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। ट्विन सिटी पुलिस कमिश्नर सुरेश देवदत्त सिंह ने बताया कि अपराध में तीन बदमाश शामिल थे और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक दिन पहले चुराया था मोबाइल

पुलिस आयुक्त ने कहा कि बदमाशों ने घटना से एक दिन पहले पीड़ित के घर से एक मोबाइल फोन चुराया था। उन्होंने बालकनी का दरवाजा खुला रहने के बाद अपराध को अंजाम देने की योजना बनाई थी।

अपनी योजना के अनुसार, चोर घर में घुसे और उसे डरा-धमकाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों मुख्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इन्हें पकड़ना एक चुनौती थी। हालांकि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों मुख्य आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले

मुख्य आरोपी की पहचान बिकास नायक और जागा सिंह के रूप में हुई है। अन्य एक आरोपी की पहचान टुकुना नायक के रूप में हुई है, जो एक ऑटो चालक है। इनके पास से मोबाइल फोन और एक चाकू जब्त किया गया है।

दोनों मुख्य आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि से हैं और वे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। हालांकि, जमानत पर जेल से लौटने के बाद उन्होंने फिर से आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि यह चौंकाने वाली घटना रविवार और सोमवार की रात करीब 2 बजे हुई, जब 27 वर्षीय महिला अपनी बेटी के साथ अपने अपार्टमेंट में सो रही थी।

ये लुटेरे उसके घर में घुसे और सोने के झुमके और मोबाइल फोन लूट लिए। यह पता चलने के बाद कि घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं है, लुटेरों ने महिला को चाकू दिखाकर डराया धमकाया और उसकी बेटी के सामने ही उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

उन्होंने उसे और बेटी को धमकी दी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो जान से मार देंगे। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर मैत्री विहार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें