Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अमित शाह के ओडिशा दौरे से पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का नई टीम का ऐलान, गृहमंत्री से सदस्‍य लेंगे गुरूमंत्र

Odisha News गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर आज ओडिशा आ रहे हैं। वह रात 10 बजकर 40 मिनट पर भुवनेश्वर पहुंचेगे। उनके दौरे से ठीक पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने 35 सदस्यीय अपनी नई टीम का गठन किया है। यह नई टीम शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगी। भाजपा उपाध्यक्ष गोलक महापात्रा ने नई टीम को लेकर बहुत उत्साहित हैं।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenUpdated: Fri, 04 Aug 2023 01:48 PM (IST)
Hero Image
आज गृहमंत्री अमित शाह ओडिशा के दौरे पर आ रहे हैं।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। Odisha News: गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने 35 सदस्यीय अपनी नई टीम का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल की ओर से जारी सूची में 10 उपाध्यक्ष, पांच महासचिव, 10 सचिव और एक कोषाध्यक्ष शामिल हैं। इसके साथ ही मनमोहन सामल की नई टीम में प्रदेश भाजपा के विभिन्न मोर्चों के नए अध्यक्षों के नाम भी शामिल हैं।

ये बनाए गए प्रदेश भाजपा उपाध्‍यक्ष

जानकारी के मुताबिक, नौरी नायक, अपराजिता सारंगी, रवि नायक, पूर्ण चंद्र महापात्र, ललितेंदु विद्याधर महापात्र, गोलक महापात्र, कुसुम टेटे, सुकेशी ओराम, बिरंचीनारायण त्रिपाठी और लेखश्री सामंतसिंहार को प्रदेश भाजपा का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

ये बनाए गए भाजपा महामंत्री

उसी तरह से शारदा प्रसाद शतपथी, जतिन मोहंती, पूर्णिमा केर्केटा, सीमांचल खटेई और मानस कुमार मोहंती को प्रदेश भाजपा महामंत्री बनाया है।

इसके अलावा रमेश चंद्र साहू, टंकधर त्रिपाठी, नवीन राम, श्रीमती सिप्रा बाजपेयी, अभिमन्यु सेठी, सरोज कुमार कर, डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र, श्रीमती कस्तूरी मिश्र, श्रीमती पूर्णिमा नायक और इराशिश आचार्य को राज्य भाजपा मंत्री की सूची में शामिल है।

ये चुने गए किसान और ओबीसी मोर्चा के अध्‍यक्ष

इसी तरह अभिलाष पंडा को भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष, डॉ. ऐश्वर्या बिस्वाल को महिला मोर्चा और महेश्वर साहू को किसान मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

नित्यानंद गंड को एसटी मोर्चा का अध्यक्ष, बिभूप्रसाद तराई को एससी मोर्चा का अध्यक्ष और सुरथ बिस्वाल को ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।

भाजपा द्वारा जारी नई सूची में पृथ्वीराज हरिचंदन, भृगु बक्शीपत्र और प्रदीप पुरोहित को शामिल नहीं किया गया है। उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अधिक समय बिताने के लिए पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है क्योंकि आगामी चुनावों में उनके मैदान में उतरने की चर्चा है।

आगामी चुनाव में सरकार बनाने के लिए पार्टी की तैयारी

भाजपा उपाध्यक्ष गोलक महापात्रा ने कहा है कि वह नई टीम को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह कमेटी पूरी ताकत से काम करेगी और पार्टी को मजबूत करेगी। आगामी चुनाव जीतकर सरकार बनाने के लिए अथक परिश्रम करते रहेंगे। पार्टी में विभिन्न पदों पर शामिल किए गए कार्यकर्ता लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में भाजपा आगामी चुनाव में वैतरणी पार करेगी।

नई टीम गृहमंत्री से करेगी मुलाकात

उन्होंने कहा कि नई टीम शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगी। वह नई टीम का हौसला बढ़ाएंगे और आगामी चुनाव के लिए एक मंत्र देंगे। अमित शाह का यह दौरा जहां पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, वहीं सरकार के खिलाफ लड़ाई के लिए रणनीति बनाई जाएगी।

2024 के आम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, विपक्ष और सत्तारूढ़ दल के बीच राजनीतिक गर्माहट तेज हो गई है। विपक्ष और सत्ता पक्ष ने अपने-अपने पदाधिकारियों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है।

सत्तारूढ़ दल की ओर से मुख्यमंत्री के निजी सचिव वीके पांडियन विभिन्न जिलों में कार्यक्रम कर लोगों को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सुशासन के बारे में समझा रहे हैं, जबकि केंद्र के दिग्गज नेता के लगातार ओडिशा दौरों ने राज्य की राजनीति को गर्म कर दिया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें