Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Sujeet Kumar: बीजद को लगा तगड़ा झटका, ओडिशा के दूसरे राज्यसभा सांसद ने भी बीजद छोड़ थामा भाजपा का दामन

Odisha News ओडिशा में पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल को करारा झटका लगा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद और नेता सुजीत कुमार ने बीजद और अपनी संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन भी थाम लिया। पार्टी छोड़ने के बाद सुजीत ने बीजद पर जमकर हमला भी बोला।

By Sheshnath Rai Edited By: Yogesh Sahu Updated: Fri, 06 Sep 2024 10:37 PM (IST)
Hero Image
Odisha News: ओडिशा के दूसरे राज्यसभा सदस्य ने बीजद छोड़ थामा भाजपा का दामन।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। Odisha Politics: ओडिशा में सत्ता परिवर्तन के बाद बीजू जनता दल को एक के बाद एक तगड़े झटके लगते ही जा रहे हैं। लोकसभा में पहले ही कोई सदस्य नहीं है, अब राज्यसभा में भी उसके एक बाद एक साथी साथ छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

पहले आदिवासी चेहरा रहीं राज्यसभा सदस्य ममता महंत ने बीजद से नाता तोड़ा। अब शुक्रवार को अन्य एक राज्यसभा सदस्य का बीजद से मोह भंग हो गया है। बीजद से राज्यसभा सदस्य रहे सुजीत कुमार पार्टी से इस्तीफा देने के साथ ही भाजपा में शामिल हो गए हैं।

वह दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, सांसद भर्तृहरि महताब, भाजपा प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर, भाजपा महासचिव तथा पूर्व ओडिशा प्रभारी अरुण सिंह की उपस्थिति में वह भाजपा में शामिल हुए।

सुजीत कुमार को बीजद से निकाले जाने की चर्चा

उधर, सुजीत कुमार के राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने की बात सामने आते ही बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने उन्हें पार्टी से निकाले जाने की घोषणा की। इसके कुछ ही समय बाद सुजीत कुमार नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा में शामिल हो गए।

2026 में सुजीत का कार्यकाल खत्म हो रहा था। कार्यकाल खत्म होने के दो वर्ष पहले ही सुजीत ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। ममता एवं सुजीत के इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा में बीजद सदस्यों की संख्या अब मात्र 7 रह गई है। वही, लोकसभा में बीजद के एक भी सदस्य नहीं हैं।

भाजपा में जाते ही सुजीत कुमार का बीजद पर तीखा हमला

भाजपा में शामिल होने के बाद सुजीत कुमार ने बीजद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम चुनाव से पहले मुझे धमकी दी गई थी कि आपको राज्यसभा से हटा दिया जाएगा। आपका राजनीतिक कैरियर खत्म कर दिया जाएगा।

कालाहांडी में जाकर एक राज्य स्तरीय नेता ने यह बात कही थी। यह बात उन्होंने सीधे मुझसे तो नहीं कही थी, मगर पार्टी के अन्य नेताओं से कही थी। मेरे सामने कहने का उनके पास साहस नहीं था।

चुनाव के बाद मैंने यह जानकारी पार्टी सुप्रीमो को दी थी। कुमार ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से पार्टी में मेरी अनदेखी की जा रही थी। पार्टी के एक-दो नेताओं की गुलामी करने को मजबूर किया जा रहा था।

मेरे स्वाभिमान को धक्का लगा: सुजीत कुमार

उन्होंने कहा कि किसी पार्टी कार्य में मुझे नहीं बुलाया जा रहा था। संपृक्त नेता के सामने झुकने के लिए मुझे कहा जा रहा था। सुजीत ने कहा कि मैं विदेश से पढ़ाई करके आया हूं। इससे मेरे स्वाभिमान को धक्का लगा। किसी के पास गुलामी करना मेरे द्वारा संभव नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि बीजद सरकार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। जमीन, छत्तू, टेंडर फिक्सिंग में हजारों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। अनेक नेता और अफसर भ्रष्टाचार में शामिल हैं।

इस संदर्भ में पार्टी नेतृत्व को जानकारी देने का प्रयास कर विफल हुआ। अंत में मजबूरन पार्टी को छोड़ दिया। मेरे लिए मेरी माटी सबसे आगे है। सुजीत कुमार ने कहा कि आज मैं देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा में शामिल हुआ।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदर्श से प्रेरित होकर मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं। आज मेरे लिए खुशी का दिन है। यहां उल्लेखनीय है कि सुजीत कुमार ने आज ही राज्यसभा एवं बीजद दोनों से इस्तीफा दिया है।

यह भी पढ़ें

Odisha Liquor News: ओडिशा में नहीं होगी शराबबंदी, डांस बार पर लगेगा प्रतिबंध; कानून मंत्री ने किया एलान

Subhadra Yojana: सुभद्रा योजना के लिए दिशा-निर्देश जारी, कौन सी महिलाएं कर सकती हैं आवेदन; पढ़िए पूरी डीटेल