Move to Jagran APP

ओडिशा के पहले आदर्श कारागार का उद्घाटन, उम्र कैद की सजा भुगतने वाले कैदियों के व्यवहार में सुधार लाने का लक्ष्य

Odisha मंत्री रणेद्र प्रताप स्वाई ने आदर्श कारागार का उद्घाटन किया। कटक की खुंटूनी पंचायत के राधारमणपुर गांव में मौजूद यह कारागार ओडिशा का पहला आदर्श कारागार होगा। उम्र कैद की सजा भुगत रहे कैदियों के व्यवहार में बदलाव लाने के उद्देश्य से इसकी परिकल्पना की गई है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Updated: Sat, 26 Jun 2021 06:10 PM (IST)
Hero Image
ओडिशा के पहले आदर्श कारागार का उद्घाटन। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, कटक (ओडिशा)। खाद्य आवंटन व उपभोक्ता कल्याण विभाग के मंत्री रणेद्र प्रताप स्वाई ने शुक्रवार को आदर्श कारागार का उद्घाटन किया। कटक जिले की खुंटूनी पंचायत के राधारमणपुर गांव में मौजूद यह आदर्श कारागार ओडिशा का पहला आदर्श कारागार होगा। उम्र कैद की सजा भुगत रहे कैदियों के व्यवहार में बदलाव लाने के उद्देश्य से इस आदर्श कारागार की परिकल्पना की गई है। मंत्री रणेद्र प्रताप स्वाई ने कहा कि उम्र कैद की सजा काटने वाले कैदियों की जिंदगी में सुधार लाने के लिए यहां पर तमाम व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। यह कारागार कैदियों की जिंदगी में बदलाव लाकर मिसाल पैदा करेगा। सांसद भर्तृहरि महताब ने कहा कि यहां पर 500 कैदियों को रखने की व्यवस्था है। महिला कैदियों के लिए भी विशेष कक्ष मौजूद है। यहां पर अस्पताल और रसोईघर की व्यवस्था है। गृह मंत्री कैप्टन दिव्य शंकर मिश्र ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लेते हुए कहा कि यह आदर्श कारागार दूसरे इलाकों के लिए मिसाल के तौर पर उभरेगा। जेल विभाग के महानिदेशक संतोष कुमार उपाध्याय ने कहा कि इस आदर्श कारागार का निर्माण केंद्र सरकार द्वारा दी गई 13 करोड़ रुपये की राशि से कराया गया है, जबकि राज्य सरकार की राशि से कर्मचारियों के रहने के लिए कमरा और दूसरे गृहों का निर्माण कराया गया है। 

इधर, कोरोना की दूसरी लहर में आक्सीजन की कमी से देश के कई राज्यों में जनजीवन काफी प्रभावित हो चुका है। अब तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। आक्सीजन की कमी से किसी की जान नहीं जाए, इसके लिए युद्धस्तर पर मेडिकल आक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सात जिलों में आक्सीजन प्लांट की आधारशिला रखी। इनमें अनुगुल, बौद्ध, देवगढ़, ढेंकानाल, गजपति, नुआपड़ा और कालाहांडी जिले शामिल हैं। इसी के साथ प्रदेश के 30 जिलों में आक्सीजन प्लांट स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। प्लांट की आधारशिला रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महामारी में लोगों के स्वास्थ्य हित को देखते हुए दो महीने के अंदर इन सभी प्लांटों को चालू करने की तैयारी है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।