संबलपुर जंक्शन में महिला शयनगृह की मांग
पूर्व तट रेलवे के संबलपुर जंक्शन में महिला यात्रियों के लिए अलग शयनगृह की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
संसू, संबलपुर : पूर्व तट रेलवे के संबलपुर जंक्शन में महिला यात्रियों के लिए अलग शयनगृह की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है। बताया गया है कि संबलपुर जंक्शन से होकर देश के महानगरों तक जाने के लिए दर्जनों ट्रेन हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से कई तरह की व्यवस्था की गई लेकिन अब तक महिला यात्रियों के लिए स्टेशन में शयनगृह की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
जेडआरयूसीसी के सदस्य विपिन भाटिया ने मंडल रेल प्रबंधक डॉ. जयदीप गुप्ता को प्रेषित पत्र में बताया है कि संबलपुर स्टेशन ओडिशा के प्रमुख स्टेशनों में से एक है। लेकिन महिला यात्रियों के लिए खास व्यवस्था नहीं होने से अकेली महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है। ऐसे में महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ऑफिसर्स रेस्ट हाउस के निकट महिला यात्रियों के लिए शयनगृह की व्यवस्था की जानी चाहिए। पत्र में भाटिया ने संबलपुर और इसके आसपास औद्योगिक संयंत्रों का हवाला देते हुए हीराकुद और संबलपुर सिटी स्टेशन में रेलवे साइडिंग बंद करने से प्रभावित मजदूरों और ट्रक मालिकों की समस्याओं के मद्देनजर दोनों रेलवे साइडिंग को फिर से शुरू किए जाने का अनुरोध किया है।