Move to Jagran APP

PKL-11: दबंग दिल्ली की जीत में चमके आशू मलिक, यू मुंबा को 36-28 से हराया

प्रो कबड्डी के 11वें सीजन के दूसरे मैच में दबंग दिल्ली ने यू मुंबा को 36-28 के अंतर से हराया। दबंग दिल्ली के लिए आशू मलिक ने सर्वाधिक 10 अंक अर्जित किए। यू मुंबा के लिए अजीत और जफरदानेश ने उम्दा प्रदर्शन किया। मैच के दौरान मुंबा के पास दिल्ली को ऑल आउट करने के कई मौके आए लेकिन वह उन्हें भुना नहीं पाए जिसके मुंबा को शिकस्त झेलनी पड़ी।

By Umesh Kumar Edited By: Umesh Kumar Updated: Sat, 19 Oct 2024 12:31 AM (IST)
Hero Image
दबंग दिल्ली ने यू मुंबा को हराया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। चोट के बाद वापसी कर रहे नवीन कुमार को बेशक यू मुंबा के डिफेंस ने नहीं चलने दिया, लेकिन आशू मलिक (10 अंक) दबंग दिल्ली के खेवनहार बने। प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के दूसरे रोमांचक मैच में अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। दिल्ली ने यह मैच 36-28 के अंतर से जीता।

आशू ने कुल 19 रेड की, लेकिन 13 रेड के बाद भी नवीन सिर्फ दो अंक ले सके। आशू ने कई मौकों पर दिल्ली को ऑलआउट से बचाया। यू मुंबा के पास अंतिम पांच मिनट में कई मौकों पर दिल्ली को ऑलआउट कर वापसी का मौका मिला था, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सकी। मुंबा के डिफेंस पर सबकी नजरें थीं, लेकिन वह सिर्फ तीन शिकार कर सके।

शुरुआत में ही नवीन का किया शिकार

मुंबा के डिफेंस ने पहली रेड पर ही नवीन का शिकार कर लिया और शुरुआती 20 मिनट में उन्हें सिर्फ एक अंक लेने दिए। आशू ने दिल्ली के लिए रेडिंग की कमान संभाली। अजीत चव्हाण के सीजन के पहले सुपर रेड और आमिरमोहम्मद जफरदानेश के 6 अंकों की बदौलत यू मुंबा ने अच्छी वापसी की। हाफ टाइम तक दिल्ली ने 19-15 की ले रखी थी।

दिल्ली ने 10वें मिनट में रेडिंग में कमजोर दिख रही मुंबा को आलआउट कर 11-6 की लीड ले ली थी। मुंबा ने एक समय 9-12 की स्कोर हासिल कर ली थी और पिर अजीत के सुपर रेड की बदौलत स्कोर 12-14 कर दिया। नवीन ने 17वें मिनट में बोनस के साथ खाता खोला। इसी बीच जफरदानेश ने डू ओर डाई रेड में दो अंक की रेड के साथ स्कोर 14-16 कर दिया।

करीब आते-आते पिछड़ी यू मुंबा

ब्रेक के बाद अजीत पांच के डिफेंस में डू ओर डाई रेड पर आए और लपके गए। फिर दिल्ली के लिए आशीष आए। चार के डिफेंस में वह भी लपके गए। फिर जफर ने अपने आठवें अंक के साथ स्कोर 25-29 कर दिया। नवीन की अगली रेड पर जफर ने उनका शिकार कर लिया। इसी बीच जफर का सुपर टैकल हो गया। मुंबा करीब आते-आते एक बार फिर 6 अंकों से दूर हो गए। साढ़े तीन मिनट बचे थे और दिल्ली 32-26 से आगे थे।

अंतिम पांच मिनट में मुंबा के पास दिल्ली को ऑलआउट कर मैच में वापसी के कई मौके आए। हालांकि, टीम उसे भुना नहीं सकी। आशू ने उसे हर बार रोका और इस तरह जफरदानेश (11 अंक) तथा डेब्यू कर रहे अजीत (10 अंक) के बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद सीजन के पहले मैच में हार को मजबूर हुई।

यह भी पढ़ें- PKL-11: प्रो कबड्डी लीग के11वें सीजन का आगाज, उद्घाटन मैच में तेलुगु टाइटंस ने बेंगलुरू बुल्स को 37-29 से हराया

यह भी पढ़ें- PKL 2024: प्रो कबड्डी लीग सीजन 11 का शेड्यूल हुआ जारी, तीन शहर करेंगे मेजबानी; हैदराबाद से होगी शुरुआत