Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Paris Olympics 2024: गोल्‍ड मेडल की प्रबल दावेदार सात्विक-चिराग की जोड़ी को ओलंपिक के लिए मिला आसान ड्रॉ

भारत की स्‍टार पुरुष डबल्‍स बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पेर‍िस ओलंपिक्‍स 2024 के लिए आसान ड्रॉ मिला है। भारतीय जोड़ी को ओलंपिक्‍स में तीसरी वरीयता मिली है। भारतीय जोड़ी से देश को गोल्‍ड मेडल की उम्‍मीद है। सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को ग्रुप-सी में रखा गया है। पेर‍िस ओलपिंक्‍स की शुरुआत 26 जुलाई से होगी।

By Agency Edited By: Abhishek Nigam Updated: Mon, 15 Jul 2024 08:28 PM (IST)
Hero Image
सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी से गोल्‍ड की उम्‍मीद है

प्रेट्र, नई दिल्ली। सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की स्टार पुरुष डबल्स टीम को 26 जुलाई से शुरू हो रहे पेरिस ओलंपिक में अनुकूल ड्रॉ मिला है। थॉमस कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे सात्विक (23 वर्ष) और चिराग (27 वर्ष) की जोड़ी को तीसरी वरीयता मिली है।

स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार सात्विक और चिराग की विश्व की पूर्व नंबर एक जोड़ी को ग्रुप सी में रखा गया है, जहां फजर अल्फियां और मोहम्मद रियान एरदियांतो की इंडोनेशिया की छठे नंबर की जोड़ी उनकी सबसे कड़ी प्रतिद्वंद्वी होगी।

राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता सात्विक और चिराग की जोड़ी को ग्रुप चरण में मार्क लैम्सफस और मर्विन सीडल की जर्मनी की 31वें नंबर की जोड़ी और लुकास कोर्वी तथा रोनन लेबर की फ्रांस की विश्व की 43वें नंबर की जोड़ी से भी भिड़ना है। ड्रॉ में जोडि़यों की संख्या को लेकर खेल पंचाट (कैस) की सुनवाई के कारण शुक्रवार को पुरुष डबल्स ड्रॉ स्थगित कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने नंबर 1 रैंकिंग गंवाई, पीवी सिंधू महिला सिंगल्स रैंकिंग में 10वें स्थान पर

खेल की वैश्विक संचालन संस्था को ड्रॉ स्थगित करना पड़ा क्योंकि कैस ने बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) को आदेश दिया कि कोर्वी और लेबर की जोड़ी को ओलंपिक खेलों में शामिल करने को लेकर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति को सिफारिश की जाए। फ्रांस की जोड़ी के शामिल होने से पुरुष ड्रॉ में शुरुआती 16 की जगह अब 17 जोड़‍ियां होंगी।

यह भी पढ़ें: भारत के इस दिग्गज को भाग्यशाली मानते हैं चिराग-सात्विक, टोक्यो ओलंपिक में मैच से पहले मिलाते थे हाथ, पेरिस ओलंपिक के लिए हैं तैयार