Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश में 80 प्रतिशत मतदान के साथ टूटा रिकॉर्ड, पढ़ें छत्तीसगढ़ में कितने फीसदी पड़े वोट

मध्य प्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ विधानसभा की दूसरे व अंतिम चरण की 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गए। मध्य प्रदेश में पिछले तीन विधानसभा चुनाव में हुए मतदान का रिकार्ड टूट गया। मतदाताओं ने 80 प्रतिशत मतदान कर कीर्तिमान बनाया है। वहीं छत्तीसगढ़ में पांचवें विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में 70 सीटों पर शाम पांच बजे तक 74 प्रतिशत मतदान हुआ।

By Jagran NewsEdited By: Sonu GuptaUpdated: Fri, 17 Nov 2023 09:54 PM (IST)
Hero Image
मध्य प्रदेश में 80 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 74 फीसद हुआ मतदान। फाइल फोटो।

जागरण टीम, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ विधानसभा की दूसरे व अंतिम चरण की 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गए। इससे पहले छत्तीसगढ़ की 90 में से 20 सीटों पर सात नवंबर को मतदान हो चुका है। मध्य प्रदेश में पिछले तीन विधानसभा चुनाव में हुए मतदान का रिकार्ड टूट गया। मतदाताओं ने 80 प्रतिशत मतदान कर कीर्तिमान बनाया है।

सुबह सात बजे से मतदान केंद्रों पर लगने लगी थी भीड़

सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर भीड़ लगनी प्रारंभ हो गई थी, जो समय के साथ बढ़ती गई। मतदान का समय (शाम छह बजे) खत्म होने के बाद भी कई केंद्रों पर लंबी लाइन लगी हुई थी। महिलाओं में सुबह से ही मतदान को लेकर अच्छा उत्साह देखा गया। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच छिटपुट हिंसक झड़प भी हुई।

भाजपा के लिए मध्य प्रदेश में अति उत्साह है। प्रचंड बहुमत से मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है। मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं। पद के लिए कोई लालसा कभी नहीं की। मुझे जो दायित्व पार्टी देगी उसको पूरा करूंगा। शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश

सोनेवानी में हुआ 100 प्रतिशत मतदान

मालूम हो कि परिसीमन के बाद हुए विधानसभा चुनावों यानी वर्ष 2008 में 69.52 प्रतिशत, वर्ष 2013 में 72.69 प्रतिशत और वर्ष 2018 में 75.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। बालाघाट जिले के सोनेवानी मतदान केंद्र में सबसे कम 42 मतदाता हैं। यहां 100 प्रतिशत मतदान हुआ। तीन दिसंबर को मतगणना होगी।

मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव सत्ता का नहीं सच्चाई का है। अंत में जीत सच्चाई की होगी। मैं शिवराज सिंह चौहान या विष्णु दत्त शर्मा नहीं हूं जो यह बता दूं कि इतनी सीटें आ रही हैं। यह मतदाता तय करेंगे। कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ में 74 प्रतिशत हुआ मतदान

उधर, छत्तीसगढ़ में पांचवें विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में 70 सीटों पर रात नौ बजे तक 74 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक 82.60 प्रतिशत मतदान कुरुद में और सबसे कम 52.11 प्रतिशत मतदान रायपुर दक्षिण में हुआ। खराबी के चलते 137 बैलेट यूनिट, 113 कंट्रोल यूनिट और 349 वीवीपैट मशीनों को बदला गया।

दूसरे चरण में 958 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। दोपहर 12 बजे के बाद इसमें तेजी आई। शाम पांच बजे तक की स्थिति में प्रदेश में एक करोड़ 17 लाख 18 हजार 317 मतदाताओं ने मतदान कर लिया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के क्षेत्र पाटन में शाम पांच बजे तक 75.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

यहां-यहां हुआ हंगामा:

छतरपुर में गाड़ी से कुचलकर कांग्रेस पार्षद की हत्या

मध्य प्रदेश में सुबह साढ़े पांच बजे 64,626 मतदान केंद्रों पर मॉकपोल हुआ, इसके बाद सात बजे से मतदान की शुरुआत हुई। छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ही गाड़ी से कुचलकर कांग्रेस पार्षद सलमान खान की हत्या का मामला सामने आया। कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया को सलमान की मौत का जिम्मेदार बताया। अरविंद पटेरिया सहित 20 लोगों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मुरैना के दिमनी में पोलिंग बूथ पर दो गुटों में विवाद

मुरैना में केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र दिमनी के मिरघान पोलिंग बूथ पर दो गुटों में विवाद में दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, फायरिंग भी हुई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने गोली चलने की घटना से इन्कार किया।

भाजपा प्रत्याशी के बेटे को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाठी से की पिटाई

भिंड के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी डा. गोविंद सिंह के भांजे राहुल भदौरिया के गांव मानहढ़ में भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला को कुछ लोगों ने घेर लिया। पथराव में राकेश शुक्ला को हल्की चोट भी आई। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए उनके गार्ड को गोली चलानी पड़ी। इधर, विधानसभा क्षेत्र इंदौर-4 से भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ ने लाठी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। एकलव्य के विरुद्ध भी केस दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ेंः MP Election 2023 Live: मध्य प्रदेश में पिछले तीन विधानसभा चुनाव का टूटा रिकॉर्ड, मतदाताओं ने 80 प्रतिशत मतदान कर रचा कीर्तिमान

नक्सल प्रभावित जिलों में तीन बजे तक हुआ मतदान

प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट, मंडला और डिंडौरी के छह विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान कराया गया। बालाघाट जिले के बैहर विधानसभा क्षेत्र में 80.38 प्रतिशत मतदान रहा, जो पिछले चुनाव में 80.72 था। इसी तरह लांजी में 75.07 प्रतिशत मतदाताओं वोट डाला, जबकि 2018 में यह 81.78 प्रतिशत था। परसवाड़ा में 81.56 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां पिछली बार 82.82 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। मंडला जिले के बिछिया में 73.11, मंडला में 71.76 और डिंडौरी जिले में 78.31 प्रतिशत मतदान रहा। यहां वर्ष 2018 में क्रमश: 78.56, 78.90 और 80.17 प्रतिशत मतदान हुआ था।

जवान बलिदान

बिंद्रानवागढ़ विधानसभा के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आइईडी ब्लास्ट में जम्मू-कश्मीर निवासी आइटीबीपी जवान जोगिंदर सिंह बलिदान हो गए।

कतार में लगी महिला की मौत

कसडोल विधानसभा क्षेत्र के मतदान क्रमांक-76 मल्दा में कतार में खड़ी महिला सहोदरा 58 की हृदयाघात से मौत हो गई। रिटर्निंग अधिकारी भूपेंद्र अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की है।

इन दिग्गजों का भाग्य ईवीएम में बंद

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक राकेश सिंह, सांसद गणेश सिंह, उदय प्रताप सिंह, रीति पाठक और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय। कांग्रेस नेता डा. गोविंद सिंह, अजय सिंह और जयवर्धन सिंह का भाग्य भी ईवीएम में कैद हुआ।

यह भी पढे़ंः Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में 67.48% मतदान, EVM में कैद दिग्‍गजों का भाग्‍य; लाइन में लगे लोगों को समय समाप्‍त होने के बाद भी करने दी वोटिंग

मप्र में पिछले तीन चुनाव में वोटिंग

वर्ष मत प्रतिशत
2008 69.52
2013 72.69
2018 75.63