Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल बोले- असम में देश की भ्रष्टतम सरकार, हिमंत का पलटवार- गांधी परिवार सबसे भ्रष्ट

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के नगालैंड से असम में प्रवेश करने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया कि राज्य में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार और सबसे भ्रष्ट सीएम काम कर रहे हैं। इस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि गांधी परिवार देश में सबसे भ्रष्ट है।

By Agency Edited By: Sonu Gupta Updated: Thu, 18 Jan 2024 10:56 PM (IST)
Hero Image
राहुल गांधी और हिमंत बिस्व सरमा ने एक दूसरे पर साधा निशाना।

पीटीआई, शिवसागर। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के नगालैंड से असम में प्रवेश करने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया कि राज्य में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार और सबसे भ्रष्ट सीएम काम कर रहे हैं। इस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि गांधी परिवार देश में सबसे भ्रष्ट है। यही नहीं, उन्होंने कहा कि यह राहुल की न्याय यात्रा नहीं बल्कि 'मिया यात्रा' है।

असम में है सबसे भ्रष्ट सरकारः राहुल गांधी

शिवसागर जिले के हेलोवेटिंग से कांग्रेस की न्याय यात्रा ने गुरुवार को असम में प्रवेश किया। इस दौरान वहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, शायद भारत में सबसे भ्रष्ट सरकार असम में है। आप जानते हैं कि यहां क्या हो रहा है। हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम के मुद्दों को उठाएंगे।

मणिपुर पर क्या बोले राहुल गांधी

मणिपुर के बारे में राहुल ने कहा कि पहाड़ी राज्य में गृह युद्ध जैसी स्थिति है और पिछले साल तीन मई से जातीय हिंसा चल रही है। राज्य विभाजित हो चुका है और प्रधानमंत्री ने एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया है। नगालैंड में नौ साल पहले नगा राजनीतिक मुद्दे के समाधान के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे लेकिन मामला अब भी जस का तस है। भाजपा के यह कहने कि ऐसे मार्चों से कांग्रेस को कोई फायदा नहीं होगा, राहुल ने कहा कि पिछले साल की भारत जोड़ो यात्रा ने देश की राजनीतिक कहानी बदल दी है।

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर बोला हमला

उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस नफरत फैला रहे हैं और एक समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ लड़वा रहे हैं। उनका एकमात्र काम जनता का पैसा लूटना और देश का शोषण करना है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सभी भाजपा शासित राज्य आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय का सामना कर रहे हैं और ये सभी मुद्दे न्याय यात्रा के दौरान उठाए जाएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य न केवल भारत में हर धर्म और जाति को एकजुट करना है बल्कि न्याय देना भी है।

जयराम रमेश ने भाजपा पर लगाए कई आरोप

मध्यकालीन संत श्रीमंत शंकरदेव का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह न्याय यात्रा शंकरदेव की विचारधारा की यात्रा है। शंकरदेव एक असमिया संत-विद्वान, सामाजिक-धार्मिक सुधारक, कवि और असम में 15वीं-16वीं शताब्दी के सांस्कृतिक और धार्मिक इतिहास के एक महान व्यक्ति थे। बाद में यात्रा जोरहाट के मरियानी शहर पहुंची। राहुल को देखकर एक नई सरकारी योजना के फार्म लेने के लिए एकत्र हुईं सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं अपनी कतारें छोड़कर उनके पास पहुंचीं और उनका जोरदार स्वागत किया। इस बीच कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार असम में यात्रा को फ्लाप शो बनाने की कोशिश में जुटी है और कई तरह बाधाएं पैदा कर रही है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने किया पलटवार

उन्होंने कहा, असम के युवा, महिलाएं और अन्य सभी वर्ग भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में खड़े हैं। उधर राहुल गांधी द्वारा राज्य सरकार को देश की भ्रष्टतम सरकार बताए जाने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि गांधी परिवार देश में सबसे भ्रष्ट है। गुवाहाटी में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि राहुल की यह न्याय यात्रा नहीं बल्कि 'मिया यात्रा' है। जहां भी मुस्लिम हैं, वे वहीं जाते हैं। मिया मूल रूप से असम में बंगाली भाषी मुसलमानों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक अपमानजनक शब्द है।

यह भी पढ़ेंः 'पहले धर्म सीखकर आओ', जयराम रमेश को VHP नेता ने दी खुली चुनौती; Ram Mandir उद्घाटन को लेकर ऐसा क्या बोल गए कांग्रेस नेता?

युवा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अंगकिता ने राहुल से मांगा न्याय

असम युवा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अंगकिता दत्ता ने राहुल से न्याय की मांग की। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद पिछले वर्ष अप्रैल में उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने न्याय की मांग करते हुए राहुल के मार्च के दौरान विरोध प्रदर्शन भी किया। अंगकिता ने कहा कि मैं पिछले 10 महीनों से निलंबित हूं। उस समय मैंने न्याय मांगा, लेकिन मुझे पार्टी से ही निलंबित कर दिया गया। पिछले 10 महीनों में मैं किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हुई। मैंने कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए काम किया। मुझे उम्मीद है कि राहुल गांधी मुझे न्याय देंगे।

यह भी पढ़ेंः 'हमारी प्रगति देखकर मुस्लिम महिलाएं-पुरुष कांग्रेस की रैलियों में जाना बंद कर देंगे', सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का हमला