Move to Jagran APP

दरवाजा बंद... बाहर खड़े खरगे, भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया अपमान का आरोप तो वेणुगोपाल बोले- फैलाया जा रहा झूठ

प्रियंका गांधी के नामांकन के दौरान वायरल वीडियो पर हंगामा शुरू हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस पर मल्लिकार्जुन खरगे और वंचित समाज के अपमान का आरोप लगाया। उधर कांग्रेस ने भाजपा के दावे को झूठ बताया। पार्टी ने कहा कि भाजपा झूठ कैसे फैला सकती है? दरअसल एक वायरल वीडियो में खरगे दरवाजे के दूसरी तरफ खड़े इंतजार करते दिख रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Fri, 25 Oct 2024 04:14 PM (IST)
Hero Image
दरवाजे के बाहर खड़े मल्लिकार्जुन खरगे। (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)
एजेंसी, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार यानी 23 अक्टूबर को केरल की वायनाड लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान का एक वीडियो भाजपा नेता अमित मालवीय ने साझा किया। वीडियो में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दरवाजे के बाहर खड़े दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर खरगे और वंचित समाज के अपमान का आरोप लगाया। उधर, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने भाजपा को आरोपों को निराधार बताया।

भाजपा हमेशा झूठ फैलाती है: वेणुगोपाल

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने एएनआई को बताया, "दरवाजा बंद था। राहुल और सोनिया गांधी को भी कुछ मिनट तक इंतजार करना पड़ा। भाजपा इस तरह का झूठ कैसे फैला सकती है? बैठक पूरी करने के बाद जब हम कलेक्ट्रेट पहुंचे तो दरवाजा बंद था। इसके बाद राहुल और सोनिया गांधी पहुंचे। उन्होंने भी कुछ मिनट इंतजार किया। इसके बाद मल्लिकार्जुन खरगे आए। दरवाजा बंद होने के कारण एक मिनट तक बाहर इंतजार करना पड़ा। खरगे नामांकन के लिए वहां मौजूद थे। भाजपा हमेशा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को निशाना बनाती है। वह खरगे और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठ क्यों फैला रही है? यह अस्वीकार्य है।"

(केसी वेणुगोपाल की फाइल फोटो)

यह भयावह है: भाजपा प्रवक्ता

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने गुरुवार को कहा कि जिस तरह से मल्लिकार्जुन खरगे को अपमानित किया गया, वह वास्तव में बहुत चौंकाने वाला। केसवन ने इसे भयावह कहा। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छुआछूत का व्यवहार करती है।

कांग्रेस बेनकाब हुई: हिमंत बिस्वा सरमा

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "हमने दिखा दिया है कि कांग्रेस में वंचितों की क्या स्थिति है। बाहर राहुल गांधी दिखाते हैं कि कांग्रेस पार्टी वंचितों का समर्थन करती है और उन्हें समान भागीदारी देती है। मगर अंदर वंचितों का अपमान किया जाता है। कल मल्लिकार्जुन खरगे के साथ जो हुआ, उसके बाद लोगों को बताने के लिए कुछ नहीं बचा है। कांग्रेस बेनकाब हो गई है। कांग्रेस में वंचितों को तीसरे दर्जे का नागरिक माना जाता है और छुआछूत का व्यवहार किया जाता है।"

(असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा। फाइल फोटो)

बुधवार को प्रियंका ने किया था नामांकन

प्रियंका गांधी ने बुधवार को केरल के कलपेट्टा में जिला कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले राहुल और प्रियंका गांधी ने कलपेट्टा में एक विशाल रोड शो भी किया और एक जनसभा को संबोधित किया। लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने वायनाड सीट से चुनाव जीता था। हालांकि बाद में उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया। इस वजह से यहां उपचुनाव हो रहे हैं। 13 नवंबर को मतदान होगा। 23 नवंबर को रिजल्ट की घोषणा होगी।

यह भी पढ़ें: 'कश्मीर कभी हिस्सा नहीं बनेगा, अपनी दशा पर ध्यान दे पाक', फारूक अब्दुल्ला ने फिर पाकिस्तान को लताड़ा

यह भी पढ़ें: आपस में भिड़ रहा गठबंधन, राजद ने विश्रामपुर-छतरपुर से उतारा उम्मीदवार; माले पहले से आमने-सामने