Move to Jagran APP

भाजपा ने बिहार-राजस्थान में बदले प्रदेश अध्यक्ष, दिलीप जायसवाल और मदन राठौड़ को सौंपी कमान

भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को बिहार में दिलीप जायसवाल और राजस्थान में मदन राठौर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। बिहार में सम्राट चौधरी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे। दिलीप जायसवाल वर्तमान में राजस्व भूमि सुधार मंत्री हैं। दिलीप जायसवाल वैश्य समाज से आते हैं। वहीं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ राजस्थान भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे वह सीपी जोशी की जगह लेंगे।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Fri, 26 Jul 2024 01:45 AM (IST)
Hero Image
भाजपा ने बिहार में दिलीप जायसवाल और राजस्थान में मदन राठौर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया

 जागरण टीम, नई दिल्ली। भाजपा ने बिहार और राजस्थान में नए अध्यक्ष मनोनीत कर दिए हैं। गुरुवार की देर रात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर भाजपा के मुख्यालय प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह इन दोनों प्रदेशों के नए अध्यक्षों के नाम का मनोनयन पत्र जारी कर दिया है।

भाजपा ने विधान पार्षद (एमएलसी) व राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डा. दिलीप जायसवाल को नया प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। वैश्य जाति में कलवाड़ समुदाय से आने वाले दिलीप जायसवाल पूर्व में पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर जायसवाल ने राष्ट्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया है।

भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं दिलीप जायसवाल

कांग्रेस की पृष्ठभूमि वाले दिलीप जायसवाल नीतीश सरकार में मंत्री और सीमांचल में भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं। अहम यह है कि पार्टी ने लगातार चौथी बार पिछड़ा समुदाय के व्यक्ति को बिहार की कमान दी है। इससे पहले सम्राट चौधरी, संजय जायसवाल और नित्यानंद राय भी पिछड़ा वर्ग से ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाए गए थे। त्रिस्तरीय पंचायत क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य के रुप में दिलीप लगातार तीसरी बार चुन कर आए हैं।

सम्राट चौधरी को हटाकर दिलीप जायसवाल सौंपी कमान

बता दें, 23 मार्च, 2023 को सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का दायित्व दिया गया था। तब सम्राट विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में थे। अब वे भाजपा विधानमंडल दल के नेता हैं। साथ ही उपमुख्यमंत्री भी हैं। संजय जायसवाल के बाद सम्राट चौधरी को पार्टी की कमान सौंपी गई थी।

मदन राठौड़ को राजस्थान भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया

उधर, राज्यसभा सदस्य मदन राठौड़ को राजस्थान भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। घांची समाज से आने वाले राठौड़ पूर्व में वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में राज्य विधान सभा के उप मुख्य सचेतक रह चुके हैं। राठौड़ को सीपी जोशी के इस्तीफा देने के बाद नियुक्त किया गया है। जोशी ने एक दिन पहले ही दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिलकर अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। इसी क्रम में सांसद राधा मोहन अग्रवाल को राजस्थान भाजपा का प्रदेश प्रभारी भी बनाया गया है।