Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'उनके खानदान ने जब देश पर राज किया था...' प्रियंका गांधी पर क्यों बरस पड़ीं उमा भारती?

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा ढहने पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को घेरा है। वहीं प्रियंका गांधी ने कहा कि मार्च में प्रधानमंत्री जी ने दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया था आज उसकी छत गिर गई जिसमें एक कैब ड्राइवर की मौत हो गई। कांग्रेस नेता के बयान पर उमा भारती ने पलटवार किया है।

By Agency Edited By: Piyush Kumar Updated: Sat, 29 Jun 2024 06:03 AM (IST)
Hero Image
भाजपा नेता उमा भारती ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है।(फोटो सोर्स: सोशल मीडिया)

एएनआई, ग्वालियर। बारिश की वजह से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा ढह गया। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने कहा कि ये मोदी सरकार का भ्रष्टाचारी मॉडल है। पिछले दस वर्षों में बने बुनियादी ढांचे घटिया गुणवत्ता के चलते ताश के पत्तों की तरह ढह रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस घटना को लेकर दुख जताते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने लिखा, "मार्च में प्रधानमंत्री जी ने दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया था, आज उसकी छत गिर गई जिसमें एक कैब ड्राइवर की मौत हो गई। तीन महीने पहले प्रधानमंत्री जी ने जिस जबलपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था, उसकी भी छत गिरा दी गई।"

प्रियंका गांधी ने आगे लिखा,"अयोध्या में निर्माण कार्यों के खस्ताहाल पर पूरा देश दुखी है। यह भाजपा का "चंदा लो और धंधा दो" का भ्रष्टाचारी मॉडल है, जिससे अब पर्दा उठ चुका है। सवाल यह है कि प्रधान उद्घाटन मंत्री जी इन घटिया निर्माण कार्यों और इस भ्रष्टाचारी मॉडल की जिम्मेदारी क्या लेंगे?"

उमा भारती ने किया आपातकाल का जिक्र

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी के इस टिप्पणी पर भाजपा की दिग्गज नेता उमा भारती ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ग्वालियर में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासन में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी के खानदान ने जब इस देश पर राज किया था तो आपातकाल लगाने से पूरा देश गिर गया था, पूरे देश पर आघात हुआ था। लोकतंत्र के संस्थाएं बंद हो गई थी। लाखों लोग जेल में डाल दिए गए थे।

उमा भारती ने प्रियंका गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा, उन लोगों को कुछ कहना बोलना नहीं चाहिए चुपचाप अपने पापों का प्रायश्चित करना चाहिए।"

टर्मिनल 1 की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI Airport) के टर्मिनल 1 की छत गिरने की घटना में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 8 घायल हैं। घटना के बाद दिल्ली हवाईअड्डे के संचालक डायल ने एहतियातन टर्मिनल 1 से सभी उड़ानों को अगली सूचना तक निलंबित कर दिया है।

यह भी पढ़ेंIGI Airport: टर्मिनल 1 की छत गिरने की घटना के बाद अगले आदेश तक सभी उड़ानें निलंबित, केस दर्ज; जांच टीम गठित