Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नए संसद भवन की तुलना ताबूत से करने पर भाजपा का पलटवार, कहा-भविष्य में राजद को दफन कर देगी जनता

भाजपा की बिहार इकाई ने ट्वीट कर कहा पहली तस्वीर (ताबूत) आपका भविष्य है और दूसरी भारत का। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा वे इस हद तक गिर गए हैं। यह राजद की राजनीति के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा।

By AgencyEdited By: Ashisha Singh RajputUpdated: Mon, 29 May 2023 07:28 AM (IST)
Hero Image
लोकसभा चुनावों में राजद को ताबूत में दफन कर देगी जनता : भाजपा

नई दिल्ली, पीटीआई। ताबूत की तस्वीर साझा कर त्रिभुजाकार नए संसद भवन से उसकी तुलना करने पर भाजपा ने रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जमकर आलोचना की। भाजपा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता राजद को ताबूत में दफन कर देगी।

क्या कहा भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने?

भाजपा की बिहार इकाई ने ट्वीट कर कहा, 'पहली तस्वीर (ताबूत) आपका भविष्य है और दूसरी भारत का।' भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'वे इस हद तक गिर गए हैं। यह राजद की राजनीति के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। भारतीय व्यवस्था में त्रिकोण या त्रिभुज का काफी अधिक महत्व है। वैसे ताबूत में छह किनारे होते हैं।'

विपक्ष को भाजपा ने बताया नजरबट्टू

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, 2024 में देश की जनता आपको इसी ताबूत में बंद करके दफना देगी और नए लोकतंत्र के मंदिर में आपको आने का मौका भी नहीं देगी। चलिए यह भी तय हुआ कि संसद भवन देश का है और ताबूत आपका।' उन्होंने कहा, 'आज एक ऐतिहासिक पल है और देश गौरवान्वित है। आप नजरबट्टू हैं और कुछ नहीं। छाती पीटते रहिए।'

भाजपा ने राजद पर लगाया आरोप

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि राजद ने यह तुलना करके देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यह उनका मानसिक दिवालियापन दिखाता है।'बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, 'इससे उनकी यह सोच सामने आ गई है कि राजद को संसद के प्रति कोई सम्मान नहीं है।'

राजद के किसी नेता का नाम लिए बिना जायसवाल ने कहा कि उन्हें लगता है कि केवल उनके माता पिता ही मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री पदों पर रह सकते हैं। औरंगाबाद से भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा, 'आप इस पार्टी (राजद) से क्या उम्मीद करते हैं जो फिलहाल बिहार सरकार में जदयू की साझीदार है। जो लोग ताबूत के साथ इस तरह की घिनौनी तुलना कर रहे हैं, उनकी राजनीति ताबूत में बंद हो जाएगी।' चार बार के सांसद सिंह ने कहा कि नया संसद भवन आत्मनिर्भर भारत की भावना को दर्शाता है।